Genda Phool For Glowing Skin: रसोई के मसाले और फल-सब्जियां तो खूबसूरत बढ़ाने में मदद करते ही हैं, लेकिन फूल भी हमारी स्किन के लिए किसी वरदान से कम नहीं हैं. वैसे तो काफी सारे फूल हमारी त्वचा के लिए अच्छे होते हैं, मगर घरों, मंदिरों और त्योहारों की सजावट में इस्तेमाल होने वाला गेंदे का फूल सिर्फ खूबसूरती बढ़ाने के लिए ही नहीं, बल्कि त्वचा की देखभाल के लिए भी बेहद फायदेमंद माना जाता है.
गेंदे के फूल बाकी फूलों से सस्ते भी होते हैं और आसानी से मिल भी जाते हैं. ऐसे में अपनी स्किन को घर बैठे निखारने के लिए इससे बेस्ट कुछ नहीं हो सकता है. यही वजह है कि कई ब्यूटी प्रोडक्ट्स में भी गेंदे के फूल का इस्तेमाल किया जाता है. अगर आप भी बिना ज्यादा पैसे खर्च किए नेचुरल तरीके से चेहरे पर निखार पाना चाहते हैं, तो इस तरीके से इनका इस्तेमाल कर सकते हैं.
चेहरे पर कैसे फायदेमंद है गेंदे का फूल?
गेंदे के फूलों में एंटीबैक्टीरियल, एंटीफंगल और एंटीऑक्सीडेंट जैसे गुण मौजूद होते हैं जो स्किन को हेल्दी और ग्लोइंग बनाने में मदद करते हैं. गेंदे के फूल में फ्लेवोनॉयड्स और एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं, जो स्किन को फ्री रेडिकल्स से बचाते हैं.
इसके साथ ही यह झुर्रियां, सूजन, पिंपल्स, फाइन लाइन्स और दाग-धब्बों को भी कम करने में मदद करता है. खासतौर पर यह फूल ऑयली स्किन वालों के लिए काफी फायदेमंद माने जाते हैं.
ग्लोइंग स्किन के लिए फेस पैक
अगर आप अपनी स्किन को ग्लोइंग बनाने के लिए फेस पैक लगाना चाहते हैं तो आप कुछ ताजे गेंदे के फूलों की पंखुड़ियां लें और उन्हें पीस लें. अब इसमें एक चम्मच दही और आधा चम्मच शहद मिलाकर एक पेस्ट तैयार कर लें. इस पेस्ट को चेहरे पर 15 मिनट तक लगाकर रखें और फिर साफ पानी से चेहरा धो लें.
पिंपल्स कम करने के लिए
जिन लोगों के चेहरे पर पिंपल्स होते हैं, उनके लिए भी यह बहुत कारगार साबित हो सकता है. इसके लिए आपको गेंदे की पंखुड़ियों को गुलाब जल के साथ पीसकर पेस्ट बनाना है. फिर उस पैक को आप अपने मुंहासों वाली जगह पर लगाएं. सूखने के बाद पानी से फेसवॉश कर लें, इससे पिंपल्स धीरे-धीरे कम होने लगेंगे.
टैनिंग हटाने के लिए
गर्मियों में धूप की वजह से चेहरे पर टैनिंग हो जाती है और फेस डल लगने लगता है. अगर आप अपने चेहरे का साफ और टैनिंग फ्री बनाना चाहते हैं तो गेंदे के फूल के पेस्ट में थोड़ा सा बेसन और दूध मिलाकर चेहरे पर लगाएं. इस पैक को आप हफ्ते में दो बार लगाएं, जिससे सन टैन धीरे-धीरे कम होने लगेगी.
इस्तेमाल करते समय रखें इन बातों का ध्यान
हर चीज हर स्किन को सूट नहीं करती है, इसलिए सीधे चेहरे पर लगाने की गलती कभी ना करें. सबसे पहले पैक को अपने हाथ पर लगाकर देखें, अगर उसे लगाने से आपकी स्किन में खुजली या जलन होती है. तो समझ लीजिए कि यह आपकी स्किन टाइप के लिए सही नहीं है. खासतौर पर ज्यादा सेंसिटिव स्किन वाले तो पहले पैच टेस्ट जरूर करें.
किसी भी घरेलू नुस्खे का असर तुरंत नहीं दिखता, इसलिए नियमित इस्तेमाल जरूरी है. साथ ही चेहरे को साफ रखने और भरपूर पानी पीने की आदत भी स्किन को हेल्दी बनाए रखने में मदद करती है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क