गर्मियों के मौसम में जब पारा आसमान छूने लगता है, तो शरीर को तुरंत कूल और एनर्जेटिक बनाने के लिए लोग अक्सर एनर्जी ड्रिंक्स का सहारा लेते हैं. सोशल मीडिया और विज्ञापनों के चलते युवाओं में इसका क्रेज तेजी से बढ़ा है. लेकिन हेल्थ एक्सपर्ट्स और सीनियर कार्डियोलॉजिस्ट्स के मुताबिक, भीषण गर्मी में इन ड्रिंक्स का सेवन आपकी जान जोखिम में डाल सकता है. डॉक्टर्स का कहना है कि एनर्जी ड्रिंक्स में कैफीन और रिफाइंड शुगर की मात्रा इतनी ज्यादा होती है जो हार्ट और ब्लड वेसल्स पर सीधा असर डालती है. धूप में इन्हें पीने से शरीर हाइड्रेट होने के बजाय गंभीर रूप से डिहाइड्रेशन का शिकार हो सकता है.
कैफीन और शुगर
एनर्जी ड्रिंक्स में कॉफी या चाय के मुकाबले कई गुना ज्यादा कैफीन और स्टिमुलेंट्स होते हैं. जब आप चिलचिलाती धूप में होते हैं तो आपका शरीर पहले से ही तापमान को कंट्रोल करने के लिए ज्यादा मेहनत कर रहा होता है. ऐसे में एनर्जी ड्रिंक पीते ही ब्लड प्रेशर अचानक शूट कर जाता है और दिल की धड़कनें अनियमित हो जाती हैं.
इसके अलावा इसमें मौजूद अत्यधिक शुगर शरीर में इंसुलिन का लेवल बिगाड़ती है जिससे अचानक एनर्जी मिलने के बाद शरीर तेजी से क्रैश होता है और थकावट बढ़ जाती है.
डिहाइड्रेशन का बढ़ता है रिस्क
गर्मियों में सबसे बड़ा भ्रम यह है कि एनर्जी ड्रिंक प्यास बुझाते हैं लेकिन सच्चाई इसके विपरीत है. कैफीन एक डाईयूरेटिक एजेंट है जिसका मतलब है कि यह शरीर में यूरिन की मात्रा को बढ़ाता है. धूप में इसे पीने से शरीर का पानी तेजी से बाहर निकलता है और आप डिहाइड्रेशन का शिकार हो जाते हैं.
डॉक्टरों के अनुसार, गर्मी और भारी कैफीन के मिले-जुले असर से खून की धमनियां सिकुड़ जाती हैं जिससे दिल को ब्लड पंप करने के लिए दोगुनी ताकत लगानी पड़ती है. यह स्थिति हार्ट अटैक या कार्डियक अरेस्ट को ट्रिगर कर सकती है.
गर्मी में कैसे रहें सुरक्षित?
अगर आप धूप में निकल रहे हैं या वर्कआउट कर रहे हैं तो सिंथेटिक एनर्जी ड्रिंक्स को अपनी लिस्ट से पूरी तरह बाहर कर दें. इसकी जगह शरीर को इलेक्ट्रोलाइट्स और नेचुरल हाइड्रेशन देने वाले ऑप्शंस चुनें. ताजे नारियल का पानी, नींबू पानी, पुदीने का शरबत या सेंधा नमक और जीरे से बनी छाछ सबसे बेस्ट हैं.
ये ड्रिंक्स बिना ब्लड प्रेशर बढ़ाए शरीर के तापमान को नैचुरली मेंटेन रखते हैं. धूप से आने के तुरंत बाद कैफीन युक्त चीजों के बजाय सादा या मटके का पानी पीना ही दिल की सेहत के लिए सबसे सुरक्षित है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क