Ghamori ke Gharelu Upay: बच्चों की जिद्दी घमौरियों से मिलेगा छुटकारा, आजमाएं ये 5 घरेलू उपाय, जलन और खुजली होगी शांत!

गर्मियों में पसीने के कारण बच्चों को घमौरी होना आम है. इस आर्टिकल में जिद्दी घमौरियों से छुटकारा पाने के लिए 5 आसान घरेलू उपाय बताए गए हैं, जो बच्चे की त्वचा को तुरंत ठंडक पहुंचाकर खुजली और जलन से राहत दिलाते हैं.

Advertisement
गर्मी में घमौरी होना आम बात है (PHOTO:AI) गर्मी में घमौरी होना आम बात है (PHOTO:AI)

आजतक लाइफस्टाइल डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 04 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 11:50 PM IST

Ghamori ke Gharelu Upay: गर्मियों में तेज धूप, पसीना और उमस की वजह से छोटे बच्चों को घमौरी की समस्या होना बहुत आम बात है. बच्चों की स्किन बेहद नाजुक होती है, इसलिए ज्यादा पसीना आने पर त्वचा के रोमछिद्र बंद हो जाते हैं. इसकी वजह से गर्दन, पीठ, छाती और बगल जैसे हिस्सों पर छोटे-छोटे लाल दाने निकल आते हैं. इनमें खुजली, जलन और चुभन होती है, जिससे बच्चा परेशान और चिड़चिड़ा हो सकता है.

Advertisement

घमौरी होने पर लोग बाजार से खरीदकर पाउडर लगाना शुरू कर देते हैं, जिनका असर कुछ समय बाद ही खत्म हो जाता है. इसलिए अगर आपके बच्चे को भी घमौरी हो गई है, तो घबराने की जरूरत नहीं है. कुछ आसान घरेलू उपाय अपनाकर उसे काफी राहत मिल सकती है.

ठंडी सिकाई करें

घमौरी में ठंडी सिकाई करने से स्किन को तुरंत ठंडक मिलती है और खुजली- जलन कम होती है. एक साफ सूती कपड़े को ठंडे पानी में भिगो लें या उसमें बर्फ के कुछ टुकड़े लपेट लें. इसे घमौरी वाली जगह पर 5 से 10 मिनट तक हल्के हाथों से रखें. ऐसा दिन में दो से तीन बार कर सकते हैं.

एलोवेरा जेल लगाएं

एलोवेरा स्किन को ठंडक पहुंचाने और लालपन कम करने में मदद करता है. इसके प्राकृतिक गुण त्वचा को आराम देते हैं,
ताजा एलोवेरा जेल निकालकर घमौरी वाली जगह पर हल्के हाथों से लगाएं. 15 से 20 मिनट बाद ठंडे पानी से साफ कर दें.

Advertisement

 चंदन और गुलाब जल का पेस्ट

चंदन भी स्किन को ठंडा रखने के लिए जाना जाता है. यह जलन और खुजली कम करने में काम आता है. चंदन पाउडर में थोड़ा गुलाब जल मिलाकर पतला पेस्ट बना लें. इसे प्रभावित हिस्से पर लगाएं और फिर सूखने के बाद ठंडे पानी से धो दें.

मुल्तानी मिट्टी का इस्तेमाल करें

घमौरी होने पर सबसे ज्यादा लोग मुल्तानी मिट्टी का पेस्ट ही लगाते हैं और यह इससे काफी फायदेमंद भी साबित होती है. मुल्तानी मिट्टी त्वचा को ठंडक देती है और अतिरिक्त पसीने को सोखने में मदद करती है. 

मुल्तानी मिट्टी में थोड़ा पानी या गुलाब जल मिलाकर पेस्ट तैयार करें. इसे घमौरियों पर 10 मिनट तक लगाएं और फिर धो दें. अगर बच्चा बहुत छोटा है, तो इसे ज्यादा देर तक न लगाएं क्योंकि इससे स्किन ड्राई हो जाती है.

ओट्स वाले पानी से नहलाएं

स्किन में होने वाली खुजली और जलन कम करने में ओट्स भी मदद कर सकता है. नहाने के पानी में 2 चम्मच ओट्स का पाउडर मिलाएं. इस पानी से बच्चे को नहलाएं या स्पंज करें. इससे त्वचा को आराम मिलेगा.

इन बातों का भी रखें ध्यान

  • बच्चे को हमेशा ढीले और सूती कपड़े पहनाएं.
  • पसीना आने पर त्वचा को साफ और सूखा रखें.
  • बच्चे को पर्याप्त पानी पिलाएं. अगर बच्चा छोटा है, तो उसे समय-समय पर मां का दूध पिलाते रहें.
  • बहुत ज्यादा गर्मी में बच्चे को बाहर ले जाने से बचें.

कब डॉक्टर से मिलें?

Advertisement

अगर घमौरियों में पस भरने लगे, तेज दर्द हो, बच्चे को बुखार आ जाए या दाने लगातार बढ़ते जाएं, तो बिना देरी किए डॉक्टर से सलाह लें.

Disclaimer: यह आर्टिकल समान्य जानकारी पर आधारित है, इसमें बताया गए घरेलू नुस्खे सिर्फ हल्की घमौरी में राहत देने के लिए हैं. किसी भी उपाय को अपनाने से पहले यह सुनिश्चित करें कि बच्चे की त्वचा पर उससे एलर्जी न हो. अगर लक्षण गंभीर हों, तो डॉक्टर की सलाह जरूर लें.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »