दिवाली पर दुबई में सजी दुनिया की अनोखी गोल्डन रंगोली, 6.5 Kg सोने और हीरों से बना डिजाइन, VIDEO

Dubai Gold Diamond Rangoli: दिवाली के मौके पर फूलों और रंगों की रंगोली तो आम बात है, लेकिन दुबई के एक मॉल में सोने और हीरों के 213 कीमती गहनों से तैयार 6.5 किलो वजनी लग्जरी रंगोली ने सबको हैरान कर दिया है. ट्रेडिशनल भारतीय कला और शाही अंदाज का यह अनूठा संगम सोशल मीडिया पर छाया हुआ है.

Advertisement
दुबई में दिवाली के मौके पर सोने-हीरे के गहनों से रंगोली बनाई गई. (Photo: ITG) दुबई में दिवाली के मौके पर सोने-हीरे के गहनों से रंगोली बनाई गई. (Photo: ITG)

आजतक लाइफस्टाइल डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 08 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 2:00 PM IST

Dubai Gold Diamond Rangoli: दिवाली पर घर के आंगन और दरवाजे पर रंग-बिरंगी रंगोली सजाना तो आम बात है. इस खास त्योहार पर लोग फूलों, रंगों और दीयों की मदद से तरह-तरह के खूबसूरत डिजाइन बनाते हैं, ताकि घर का हर कोना रोशनी और रंगों से जगमगा उठे. लेकिन जरा सोचिए कि अगर रंगोली रंगों और फूलों से नहीं, बल्कि सोने और हीरे के बेशकीमती गहनों से बनाई जाए तो कैसी दिखेगी? सुनने में भले ही यह किसी सपने या फिल्मी कहानी जैसा लगे, लेकिन दुबई में ऐसा सच में हुआ है.

Advertisement

दरअसल, यहां एक मशहूर ज्वेलरी ब्रांड ने दिवाली के मौके पर कुछ ऐसा अनोखा किया है, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. ब्रांड ने रंगों और फूलों की जगह सोने के गहनों और हीरों का इस्तेमाल करके एक शानदार रंगोली तैयार की है. इसकी चमक और खूबसूरती देखकर पहली नजर में ही कोई भी हैरान रह जाए. खास बात यह है कि इस रंगोली को सजाने के लिए सैकड़ों कीमती गहनों का इस्तेमाल किया गया है.

दुबई के इस मॉल में सजी सोने और हीरों की रंगोली
दुबई के मशहूर सिटी सेंटर डीरा (City Centre Deira) में जूलरी ब्रांड डैमास (Damas) ने इस अनोखी रंगोली को तैयार किया है. दिवाली के जश्न को खास बनाने के लिए ब्रांड ने ट्रेडिशनल भारतीय रंगोली को लग्जरी अंदाज में पेश किया है. इसमें रंगों और फूलों की जगह सोने और डायमंड से बनी जूलरी से खूबसूरत डिजाइन बनाया गया है. इसे गोल्डन रंगोली नाम दिया गया है. इसके साथ ही इसमें कई तरह के बेशकीमती स्टोन्स का भी इस्तेमाल किया गया है.

6.5 किलो सोने के गहनों से तैयार हुई रंगोली
इस रंगोली की सबसे बड़ी खासियत इसकी शेप और इसमें इस्तेमाल किए गए कीमती गहने हैं. करीब 2x2 मीटर की इस रंगोली को तैयार करने में कुल 6.5 किलोग्राम सोने और डायमंड जूलरी का इस्तेमाल किया गया है. इसमें हार, चूड़ियां, झुमके और अंगूठियों समेत कुल 213 गहनों को बेहद खूबसूरती से सजाया गया है. हर गहने को इस तरह लगाया गया है कि पूरा डिजाइन किसी ट्रेडिशनल फूल की शेप वाली रंगोली जैसा नजर आए.

10 कारीगरों ने 16 घंटे में तैयार किया पूरा डिजाइन
सोने और हीरों से इतनी बड़ी रंगोली तैयार करना आसान काम नहीं था. सोशल मीडिया पर शेयर की गई जानकारी के मुताबिक इसके लिए 10 कारीगरों की टीम ने करीब 16 घंटे तक लगातार मेहनत की. गहनों को एक खास डिजाइन में सजाने से लेकर रंगोली के हर हिस्से को खूबसूरत बनाने तक, पूरे प्रोसेस में बहुत ही मेहनत लगी और काफी बारीकी का ध्यान रखा गया. यही वजह है कि ये रंगोली बिल्कुल अलग और खास नजर आती है.

Advertisement

भारतीय परंपरा को दिया लग्जरी का नया अंदाज
भारत में दिवाली के मौके पर रंगोली बनाने की परंपरा काफी पुरानी है. लोग घर के मुख्य दरवाजे और आंगन में रंगों, फूलों और दीयों से खूबसूरत डिजाइन बनाते हैं. मान्यता है कि रंगोली घर में सुख-समृद्धि और खुशहाली का प्रतीक होती है. दुबई में तैयार की गई यह गोल्डन रंगोली इसी भारतीय परंपरा को एक अलग और शाही अंदाज में पेश करती है. इसमें भारतीय संस्कृति के साथ जूलरी की बारीक कारीगरी भी देखने को मिलती है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »