मॉनसून का सुहावना मौसम अपने साथ गर्मी से राहत तो लाता है लेकिन इस मौसम में गृहणियों के लिए सबसे बड़ी मुसीबत बन जाता है कपड़ों का न सूखना. लगातार होने वाली बारिश और आसमान में छाए बादलों की वजह से कई दिनों तक धूप नहीं निकलती जिससे बालकनी या छत पर टंगे कपड़े गीले ही रह जाते हैं. इतना ही नहीं लंबे समय तक नमी बने रहने के कारण कपड़ों से एक अजीब सी सड़न और सीलन की बदबू आने लगती है.
अगर आप भी इस बारिश के मौसम में कपड़ों के अंबार और उनकी नमी से परेशान हैं तो अब चिंता छोड़ दीजिए. आज हम आपको कुछ ऐसे बेहतरीन और आसान हैक्स बताने जा रहे हैं जिनकी मदद से आप बिना धूप के भी घर के अंदर ही अपने कपड़ों को मिनटों में पूरी तरह ड्राई कर सकते हैं.
आवश्यक चीजें (सामग्री):
एक बड़ा और सूखा तौलिया
कपड़े सुखाने वाला स्टैंड
हेयर ड्रायर
प्रेस/इस्त्री
नींबू का रस या बेकिंग सोडा (बदबू दूर करने के लिए)
सुखाने और नमी दूर करने की विधि:
अगर कपड़ा बहुत ज्यादा गीला है और पानी टपक रहा है तो एक बड़े सूखे तौलिए को फर्श पर फैलाएं. अब गीले कपड़े को उसके ऊपर सीधा रखें और तौलिए को कपड़े समेत कसकर रोल कर दें. इसे अच्छे से दबाएं ताकि तौलिया कपड़े का अतिरिक्त पानी सोख ले. इसके बाद कपड़े को पंखे के नीचे डाल दें, वह बहुत जल्दी सूख जाएगा.
हाफ-ड्राई या हल्के गीले कपड़ों को तुरंत सुखाने के लिए यह सबसे बेस्ट तरीका है. कपड़े के ऊपर एक सूती कपड़ा या रुमाल रखें और उसके ऊपर गर्म प्रेस चलाएं. इससे कपड़े की सारी नमी भाप बनकर उड़ जाएगी और कपड़ा तुरंत पहनने लायक हो जाएगा.
मोजे, अंडरगारमेंट्स या रुमाल जैसे छोटे कपड़ों को सुखाने के लिए हेयर ड्रायर का इस्तेमाल करें. ड्रायर को हॉट मोड पर सेट करें और कुछ मिनटों तक कपड़े पर घुमाएं. कपड़ा तुरंत ड्राई हो जाएगा.
जब भी घर के अंदर स्टैंड पर कपड़े फैलाएं तो दो कपड़ों के बीच में अच्छी-खासी जगह छोड़ें. कपड़े एक के ऊपर एक या बहुत सटाकर न टांगें. जिस कमरे में कपड़े टांग रहे हैं वहां पंखा तेज चलाएं और खिड़की को थोड़ा खुला रखें ताकि हवा का क्रॉस-वेंटिलेशन बना रहे.
अगर कपड़ों से सीलन की बदबू आ रही है, तो वॉशिंग मशीन में कपड़े धोते समय आखिरी चक्र में एक चम्मच बेकिंग सोडा या कुछ बूंदें नींबू का रस मिला दें. इससे कपड़ों की बदबू पूरी तरह खत्म हो जाएगी.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क