Homemade Soft cottage cheese trick: हमेशा भारतीय रसोई में ऐसे पारंपरिक नुस्खे (ट्रिक्स) इस्तेमाल होते आए हैं जो न सिर्फ खाने का स्वाद बढ़ा देते हैं बल्कि चीजों की बर्बादी को भी रोक देते हैं. ऐसा ही एक नुस्खा है कि आप दूध उबालते समय यदि उसमें दही या दही का खट्टा पानी डाल दें. फिर आप देखेंगे कि सॉफ्ट पनीर बनने लगेगा. आमतौर पर लोग पनीर बनाने के लिए नींबू के रस या सिरके का इस्तेमाल करते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि उबलते हुए दूध में दही का पानी मिलाने से भी बेहतरीन पनीर तैयार हो सकता है? यह एक ऐसा अनोखा कुकिंग हैक है जो वेस्टेज को कम कर सकता है.
उबलते दूध में दही का पानी डालने से क्या होगा?
जब कोई उबलते हुए दूध में दही का पानी मिलाते हैं तो एक खास केमिकल रिएक्शन होता है जो दूध को पनीर में बदल देता है. दरअसल, दही के पानी में नेचुरल लैक्टिक एसिड होता है जिसके कारण पनीर की प्रोसेस शुरू होती है.
जब कोई दूध में कोई भी एसिडिक चीज मिलाई जाती है तो उसका pH लेवल तेजी से गिर जाता है. इसकी वजह से दूध में मौजूद प्रोटीन (कैसीन) आपस में चिपकने लगते हैं और थक्के यानी सॉलिड कर्ड्स के रूप में अलग हो जाते हैं. इस प्रोसेस को कोगुलेशन या दूध का फटना कहते हैं. इस प्रोसेस के बाद आपको सॉफ्ट पनीर और हल्के पीले-हरे रंग का पानी यानी व्हे मिलता है.
कैसा होता है इसका स्वाद?
ऐसे पनीर का स्वाद सिरके वाले पनीर से थोड़ा अलग लेकिन अच्छा होता है. नींबू में सिट्रिक एसिड और सिरके में एसिटिक एसिड होता है जिससे कभी-कभी पनीर में हल्का खट्टापन या तीखा स्वाद रह जाता है. लेकिन यदि दूध में दही का पानी डाला जाए तो लैक्टिक एसिड होने की वजह से इससे बना पनीर बहुत ही सॉफ्ट, मखमली और क्रीमी टेक्सचर वाला बनता है.
इस प्रोसेस के बाद जो पानी बचता है वह भी न्यूट्रिएंट्स से भरपूर होता है. इसमें काफी मात्रा में प्रोटीन और मिनरल्स होते हैं. आप इस बचे हुए पानी को फेंकने के बजाय दोबारा पनीर फाड़ने, आटा गूंथने, सूप बनाने या ग्रेवी वाली सब्जियों में इस्तेमाल कर सकते हैं.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क