Milk Overflow Prevention Trick: सुबह चाय या कॉफी बनाने से पहले दूध गैस पर चढ़ाना हो या बच्चों के लिए दूध गर्म करना, यह काम देखने में जितना आसान लगता है, उतना ही झंझट भरा भी है. अक्सर दूध को गैस पर रखकर हम दूसरे कामों में बिजी हो जाते हैं और कुछ ही मिनटों में दूध उबलकर पतीले से बाहर गिर जाता है. इससे न सिर्फ दूध बर्बाद होता है, बल्कि गैस का चूल्हा और आसपास की जगह भी गंदी हो जाती है.
कई बार गर्म दूध गैस की लौ पर गिरने से जलने की गंध भी आने लगती है और सफाई करने में काफी समय लग जाता है. सबसे ज्यादा परेशानी तब होती है जब दूध उबलने का अंदाजा ही नहीं लगता और अचानक झाग के साथ पूरा दूध बाहर निकल जाता है. अगर आपके घर में भी दूध उबलकर बार-बार गैस पर गिर जाता है, तो आपको हर समय पतीले के पास खड़े रहने की जरूरत नहीं है.
रसोई में मौजूद एक आसान चीज की मदद से आप दूध के अचानक उफनकर बाहर आने की समस्या को काफी हद तक कम कर सकते हैं. साथ ही, कुछ छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर दूध उबालना और भी आसान बनाया जा सकता है. आइए आपको यह आसान किचन ट्रिक बताते हैं.
दूध उबलकर बाहर गिरने से कैसे रोकें?
दूध को उबालते समय बर्तन में एक छोटी चम्मच स्टेनलेस स्टील की धातु की चम्मच रख सकते हैं. चम्मच दूध की सतह पर बनने वाली झाग को कम करने में मदद कर सकती है, जिससे दूध के अचानक उफनकर बाहर आने की संभावना कुछ हद तक कम हो सकती है. हालांकि, दूध को बिना निगरानी के लंबे समय तक गैस पर छोड़ना सही नहीं है.
कैसे बर्तन में उबाले दूध?
इसके अलावा, दूध उबालने के लिए हमेशा ऐसा बर्तन चुनें जो दूध की मात्रा से काफी बड़ा हो. छोटे बर्तन में दूध जल्दी ऊपर आकर गिर सकता है. गैस की आंच भी तेज रखने के बजाय मिडियम रखें और दूध को बीच-बीच में चलाते रहें.
ये आसान टिप्स भी आएंगी काम
दूध उबालते समय बर्तन के किनारे पर थोड़ा सा मक्खन या घी लगाने की घरेलू टिप भी कई लोग इस्तेमाल करते हैं. इससे झाग को ऊपर चढ़ने में थोड़ी रुकावट आ सकती है. इसके अलावा दूध उबालते समय लड़की का चम्मच भी ऊपर से रख सकते हैं, इससे भी दूध उबलकर सीधे बाहर नहीं आता है. लेकिन किसी भी ट्रिक के बावजूद दूध को गैस पर चढ़ाकर पूरी तरह भूलना नहीं चाहिए.
अगली बार दूध उबालते समय बड़े बर्तन, मिडियम आंच और लगातार थोड़ी निगरानी का ध्यान रखें. इससे दूध के उबलकर गैस पर गिरने की समस्या काफी हद तक कम की जा सकती है और आपकी रसोई भी साफ रहेगी.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क