Suji Uttapam Recipe: सुबह नाश्ते में 10 मिनट में बनाएं टेस्टी सूजी उत्तपम, स्वाद ऐसा कि हर कोई पूछेगा रेसिपी
Suji Uttapam Recipe: अगर आप रोज-रोज एक जैसा नाश्ता खाकर बोर हो गए हैं तो सूजी उत्तपम एक टेस्टी और हेल्दी ऑप्शन हो सकता है. आज हम आपको घर पर आसानी से सूजी उत्तपम बनाने की आसान रेसिपी बताएंगे.
Suji Uttapam Recipe: साउथ इंडियन फूड में इडली, डोसा, वड़ा की तरह उत्तपम भी काफी पसंद किया जाता है. यह टेस्टी होने के साथ-साथ हेल्दी भी होता है. अगर आप नाश्ते में कुछ नया और झटपट बनने वाला ब्रेकफास्ट बनाना चाहते हैं तो सूजी का उत्तपम एक बेहतरीन ऑप्शन हो सकता है. इसे घर पर बहुत आसानी से तैयार किया जा सकता है और इसमें अपनी पसंद की सब्जियां भी मिलाई जा सकती हैं. आइए जानते हैं घर पर मुलायम और टेस्टी सूजी उत्तपम कैसे बना सकते हैं और इसे बनाने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होती है.
Advertisement
इंग्रेडिएंट्स (ingredients)
1 कप सूजी
3/4 कप दही
1 टमाटर (बारीक कटा हुआ)
1/2 कप पत्तागोभी (बारीक कटी हुई)
1/4 कप शिमला मिर्च (बारीक कटी हुई)
1 हरी मिर्च (बारीक कटी हुई)
2–3 बड़े चम्मच हरा धनिया (बारीक कटा हुआ)
1 छोटा चम्मच कद्दूकस किया हुआ अदरक
1/4 छोटा चम्मच राई
2–3 बड़े चम्मच तेल
चुटकी भर बेकिंग सोडा
नमक स्वादानुसार
सूजी उत्तपम बनाने के लिए सबसे पहले एक बड़े बाउल में सूजी और दही डालकर अच्छी तरह मिला लें.
अब इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए पकोड़े के घोल जैसा बैटर तैयार करें.
फिर इसमें बारीक कटी हरी मिर्च, कद्दूकस किया हुआ अदरक और स्वादानुसार नमक डालकर अच्छी तरह मिक्स करें. बैटर को ढककर 15 मिनट के लिए रख दें, ताकि सूजी अच्छी तरह फूल जाए.
इस बीच टमाटर, पत्तागोभी और शिमला मिर्च को बारीक काटकर एक बाउल में मिला लें. 15 मिनट बाद बैटर में थोड़ा-सा बेकिंग सोडा डालकर मिलाएं. अगर बैटर ज्यादा गाढ़ा लगे तो थोड़ा पानी डालकर उसकी कंसिस्टेंसी ठीक कर लें.
अब एक नॉनस्टिक तवा या पैन को मीडियम गैस पर गर्म करें. उस पर थोड़ा-सा तेल लगाएं और चाहें तो राई डालकर हल्का चटकने दें.
इसके बाद एक करछी बैटर तवे पर डालकर हल्के हाथों से गोल आकार में फैला दें.
अब ऊपर से टमाटर, पत्तागोभी और शिमला मिर्च की कटी हुई सब्जियां समान रूप से फैलाएं. थोड़ा-सा हरा धनिया डालें और करछी की मदद से सब्जियों को हल्के से दबा दें, ताकि वे बैटर से अच्छी तरह चिपक जाएं.
किनारों पर थोड़ा-सा तेल डालें और उत्तपम को दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेक लें.
इसी तरह बाकी बैटर से भी उत्तपम बना लें. गरमागरम सूजी उत्तपम को नारियल की चटनी या सांभर के साथ परोसें.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क