Rajasthani Panchmel Dal Recipe: रोटी-चावल हो या बाटी, स्वाद दोगुना कर देगी राजस्थानी पंचमेल दाल, जानें आसान रेसिपी

Rajasthani Panchmel Dal Recipe: राजस्थान की मशहूर पंचमेल दाल पांच तरह की दालों को मिलाकर बनाई जाती है. देसी घी और मसालों का तड़का इसके स्वाद को खास बना देता है. इसे बनाना भी बेहद आसान है और आप रोटी, चावल या बाटी के साथ लंच और डिनर में परोस सकते हैं.

Advertisement
राजस्थान की पंचमेल दाल (Photo- ITG) राजस्थान की पंचमेल दाल (Photo- ITG)

आजतक लाइफस्टाइल डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 01 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 12:40 PM IST

Rajasthani Panchmel Dal Recipe: दाल भारतीय खाने का अहम हिस्सा है. आमतौर पर घरों में अरहर, मूंग, मसूर और चना दाल बनाई जाती है. लेकिन क्या आपने कभी पांच तरह की दालों को मिलाकर बनी राजस्थानी पंचमेल दाल खाई है. यह दाल स्वाद में बेहद लाजवाब होती है. इसमें पांच अलग-अलग दालों के साथ देसी घी और मसालों का तड़का लगाया जाता है जो इसके स्वाद को और बढ़ा देता है.

Advertisement

इसे आप रोटी, चावल, बाटी या पराठे के साथ खा सकते हैं. अगर आप भी घर पर कुछ नया और टेस्टी बनाना चाहते हैं तो लंच या डिनर में राजस्थानी पंचमेल दाल बना सकते हैं. आइए जानते हैं कि यह दाल कैसे बनती है और इसे बनाने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होगी.

इंग्रेडिएंट्स (Ingredients)

2 बड़े चम्मच अरहर दाल

2 बड़े चम्मच मूंग दाल

2 बड़े चम्मच चना दाल

2 बड़े चम्मच उड़द दाल

2 बड़े चम्मच मसूर दाल

1 बारीक कटा प्याज

2 कटे हुए टमाटर

2 हरी मिर्च

1 छोटा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट

1 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर

1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर

1 छोटा चम्मच जीरा

1 चुटकी हींग

2 बड़े चम्मच देसी घी

नमक स्वादानुसार

थोड़ा सा हरा धनिया

पंचमेल दाल बनाते कैसे हैं?

  1. पंचमेल दाल बनाने के लिए सबसे पहले पांचों दालों को एक बर्तन में डालकर अच्छी तरह धो लें. अब इन्हें करीब 30 मिनट के लिए पानी में भिगोकर रख दें. इससे दालें अच्छी तरह फूल जाएंगी और जल्दी पकेंगी.
  2. इसके बाद कुकर में सभी दालें डालें. इसमें जरूरत के अनुसार पानी, हल्दी और नमक मिलाएं. अब कुकर का ढक्कन बंद करके 3-4 सीटी आने तक दालों को पकाएं. प्रेशर निकलने के बाद कुकर खोलें और दाल को हल्का मैश कर लें.
  3. अब तड़का तैयार करने के लिए एक पैन में देसी घी गर्म करें. इसमें जीरा और हींग डालें. इसके बाद बारीक कटा प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें. अब इसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट और हरी मिर्च डालकर कुछ देर पकाएं.
  4. इसके बाद कटे हुए टमाटर डालें और मसाले को अच्छी तरह भून लें. जब टमाटर गल जाएं और मसाले से तेल अलग दिखने लगे, तो इसमें लाल मिर्च पाउडर डालकर मिलाएं.
  5. अब तैयार मसाले में उबली हुई दाल डाल दें. इसे अच्छी तरह मिलाकर कुछ मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें. अगर दाल ज्यादा गाढ़ी लगे तो जरूरत के अनुसार पानी मिला सकते हैं. आखिर में हरा धनिया डालकर गैस बंद कर दें.

इन बातों का रखें ध्यान
पंचमेल दाल का असली स्वाद बढ़ाने के लिए तड़के में देसी घी का इस्तेमाल करें. सभी दालों को पकाने से पहले कम से कम 30 मिनट भिगोना न भूलें. दाल को हल्का मैश करने से इसका स्वाद और बनावट अच्छी हो जाती है. मसालों की मात्रा आप अपने स्वाद के अनुसार कम या ज्यादा रख सकते हैं.

Advertisement

किसके साथ परोसें पंचमेल दाल?

राजस्थानी पंचमेल दाल को आप गरमागरम चावल, जीरा राइस, रोटी, पराठे या बाटी के साथ परोस सकते हैं. खासतौर पर दाल-बाटी के साथ इसका स्वाद बेहद लाजवाब लगता है. ऊपर से थोड़ा देसी घी डालकर परोसेंगे तो खाने का मजा और बढ़ जाएगा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »