Desi Ghee Easy Trick: त्योहारों के मौसम में बाजार में मिलने वाले दूध, घी और पनीर की शुद्धता को लेकर अक्सर लोगों के मन में सवाल उठते हैं. ऐसे में कई लोग घर पर ही दूध की मलाई जमा करके उससे घी निकालना पसंद करते हैं. लेकिन मलाई को जमा करना जितना आसान है, उससे घी निकालना उतना ही मेहनत वाला काम लगता है. कभी घंटों मथना पड़ता है, तो कभी मलाई को गैस पर पकाते-पकाते काफी समय निकल जाता है. कई बार घी ठीक से नहीं निकलता या फिर जलने का डर बना रहता है.
लेकिन क्या हो अगर आपको मलाई को फेंटने की जरूरत ही न पड़े और घर पर आसानी से भरपूर घी निकल आए? वो भी सिर्फ और सिर्फ एक गिलास की मदद से. जी हां, एक साधारण से गिलास की मदद से मलाई से दानेदार घी निकालने का काम काफी आसान बनाया जा सकता है. इस देसी किचन ट्रिक की खास बात ये है कि इसमें न मिक्सर की जरूरत है और न ही मलाई को घंटों मथने की.चलिए जानते हैं कैसे आप आसानी से त्योहारों के लिए दानेदार देसी घी तैयार कर सकते हैं.
मलाई से घी निकालने के लिए सबसे पहले करें ये काम
अगर आप 8-10 दिन की जमा मलाई से घी निकालने जा रहे हैं, तो सबसे पहले उसकी सही तरीके से स्टोरेज का ध्यान रखें. मलाई को हमेशा कम से कम दूध के साथ और सूखा जमा करना चाहिए. अगर मलाई में ज्यादा दूध रह जाता है, तो उसमें अजीब सी महक आने के चांस बढ़ सकते हैं.
घी निकालने के लिए एक मोटे तले का बड़ा पतीला लें और उसमें जमा की हुई मलाई डाल दें. अब इसमें करीब दो से ढाई गिलास पानी डालकर गैस पर गर्म होने के लिए रख दें. ध्यान रहे कि इस तरीके में बेकिंग सोडा जैसी किसी चीज की जरूरत नहीं है.
बिना फेंटे मलाई से मक्खन निकालने की आसान ट्रिक
मलाई और पानी को धीमी आंच पर लगातार करीब 5 मिनट तक चलाते रहें. इसे उबालना नहीं है, बल्कि इतना गर्म करना है कि मलाई की बड़ी-बड़ी गांठें लगभग खत्म हो जाएं और ये मिश्रण दूध जैसा गाढ़ा दिखाई देने लगे.
जब मलाई अच्छी तरह गर्म हो जाए, तो गैस बंद कर दें और इसे कुछ घंटों के लिए ऐसे ही छोड़ दें. इसके बाद पतीले को ढककर फ्रिज में रख दें. मलाई को अच्छी तरह जमने में करीब 4 घंटे या इससे ज्यादा समय लग सकता है. अगर आप इसे शाम को तैयार करते हैं, तो रातभर फ्रिज में भी रख सकते हैं. ठंडा होने के बाद आप देखेंगे कि मिश्रण के ऊपर मक्खन जैसी मोटी परत जम गई है. यही वो हिस्सा है, जिससे आगे घी निकाला जाएगा.
गिलास की मदद से अलग करें मलाई का पानी
इस तरीके का सबसे खास हिस्सा मलाई से एक्स्ट्रा पानी को अलग करना है. इसके लिए एक गिलास में पानी भरकर पहले से फ्रीजर में ठंडा कर लें. अब इस ठंडे गिलास को जमी हुई मलाई के एक किनारे पर रखें.
इसके बाद ऊपर जमे मक्खन को धीरे-धीरे निकाल लें. नीचे बचे दूध को अलग करने के लिए जरूरत के हिसाब से ठंडा पानी डालकर मलाई को साफ कर सकते हैं. ठंडे पानी की मदद से मक्खन एक तरफ जमा रहता है और एक्स्ट्रा पानी अलग करना आसान हो जाता है.
इस प्रोसेस से मलाई में मौजूद एक्स्ट्रा पानी और दूध काफी हद तक अलग हो जाता है. इससे घी निकालते समय झाग और महक आने की परेशानी कम करने में मदद मिल सकती है.
अब बिना मेहनत के निकालें घर का शुद्ध घी
जब मक्खन जैसी सारी परत अलग हो जाए, तो उसे एक बड़ी कड़ाही में डालकर गैस पर गर्म करें. अब आपको इसे लगातार फेंटने या मथने की जरूरत नहीं है. धीमी या मीडियम आंच पर इसे पकने दें और बीच-बीच में चलाते रहें.
धीरे-धीरे मक्खन पिघलने लगेगा और उसमें से घी अलग होने लगेगा. जब घी लगभग तैयार होने लगे, तो ध्यान रखें कि नीचे बचने वाला मावा ज्यादा ब्राउन होकर जले नहीं. इसके लिए मावे को सही समय पर अलग निकाल लें.
घी को अच्छी तरह पकाना जरूरी है, ताकि उसमें मौजूद नमी निकल जाए. आखिर में घी को थोड़ा ठंडा करके साफ छन्नी या मलमल के कपड़े से छान लें. इस तरह घर पर तैयार हो जाएगा आपका खुशबूदार घी.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क