Home Plumbing Tips: नल बंद करने के बाद भी टपक रहा है बूंद-बूंद पानी? प्लंबर को पैसे देने से पहले घर पर ऐसे चुटकियों में करें ठीक

Home Plumbing Tips: नल बंद करने के बाद भी बूंद-बूंद पानी टपक रहा है, तो वॉशर, रबर की सील, कार्ट्रिज या वाल्व में खराबी हो सकती है. जानिए नल से पानी रिसने की वजह कैसे पहचानें और पानी की सप्लाई बंद करने से लेकर खराब पार्ट की जांच तक, घर पर रिपेयर करते समय किन जरूरी बातों का ध्यान रखें.

Advertisement
नल अगर बंद करने के बाद भी टपकता रहता है तो हो सकता है उसका वॉशर खराब हो गया हो. (Photo: ITG) नल अगर बंद करने के बाद भी टपकता रहता है तो हो सकता है उसका वॉशर खराब हो गया हो. (Photo: ITG)

आजतक लाइफस्टाइल डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 31 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 10:30 PM IST

Home Plumbing Tips: घर में पानी का इस्तेमाल दिनभर किया जाता है. कभी लोग पानी निकालने के लिए बाथरूम का नल चलाते हैं, तो कभी बर्तन धोने के लिए रसोई की सिंक वाला नल खोलते हैं. ऐसे में दिनभर लगातार इस्तेमाल होने की वजह से नई बार नल ढीले हो जाते हैं और बंद करने के बाद भी टपकते रहते हैं. अगर आपके घर में भी नल बंद करने के बाद बूंद-बूंद पानी टपकता रहता है, तो कई बार लोग इसे छोटी सी परेशानी समझकर नजरअंदाज कर देते हैं. कुछ लोग नल को बार-बार जोर से बंद करते हैं, तो कुछ सीधे प्लंबर को बुलाने की सोचने लगते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि नल के अंदर लगा एक छोटा सा रबर का हिस्सा खराब होने पर भी यह परेशानी हो सकती है?

कई बार वॉशर, रबर की सील या कार्ट्रिज में खराबी आने से पानी पूरी तरह बंद नहीं हो पाता. अगर आपके घर के नल से भी लगातार पानी टपक रहा है, तो सबसे पहले यह पता लगाना जरूरी है कि पानी कहां से निकल रहा है. सही वजह का पता चलने पर आप छोटी-मोटी खराबी को खुद ठीक कर सकते हैं और बिना वजह प्लंबर बुलाने से बच सकते हैं. आइए जानते हैं नल टपकने की आम वजहें और उन्हें बिना प्लंबर बुलाए ठीक करने के आसान तरीके.

नल के मुंह से टपक रहा है पानी?   
अगर नल के मुंह से पानी टपकता रहता है, तो आपको वॉशर चेक करने की जरूरत है. पुराने नलों में पानी रोकने के लिए रबर का छोटा सा हिस्सा लगा होता है, जिसे वॉशर कहते हैं. लंबे समय तक इस्तेमाल से यह घिस या फट सकता है. ऐसे में नल बंद करने के बाद भी पानी टपकता रहता है. अगर वॉशर खराब है, तो पानी की सप्लाई बंद करके उसे उसी शेप के नए वॉशर से बदलने पर समस्या दूर हो सकती है.

एक हैंडल वाले नल में हो सकती है कार्ट्रिज की खराबी
एक हैंडल वाले नलों में पानी के फ्लो को कंट्रोल करने के लिए कार्ट्रिज लगा होता है. समय के साथ इसकी सील खराब हो सकती है या इसमें मिनरल्स जम सकते हैं. अगर नल बंद करने के बाद भी पानी टपक रहा है या हैंडल घुमाने में परेशानी हो रही है, तो कार्ट्रिज चेक करें. खराब होने पर इसे बदलना पड़ सकता है.

हैंडल के आसपास से पानी निकले, तो चेक करें सील
अगर पानी नल के मुंह के बजाय हैंडल के आसपास से निकल रहा है, तो अंदर लगी रबर की ओ-रिंग खराब हो सकती है. यह सील घिसने या फटने पर पानी रिसने लगता है. ऐसी कंडीशन में सही शेप की नई ओ-रिंग लगाने से लीकेज को रोका जा सकता है.

Advertisement

वॉशर बदलने पर भी टपक रहा पानी? वाल्व हो सकता है वजह
अगर नया वॉशर लगाने के बाद भी पानी टपक रहा है, तो नल का वाल्व खराब हो सकता है. लंबे समय तक इस्तेमाल, जंग या मिनरल्स जमने से वाल्व ठीक से पानी रोक नहीं पाता. ऐसे में उसे रिपेयर करने या उसे बदलने की जरूरत पड़ सकती है.

पानी में मिनरल्स जमने से भी हो सकती है परेशानी
अगर आपके घर में हार्ड वॉटर की सप्लाई होती है, तो उसमें मौजूद कैल्शियम और मैग्नीशियम जैसे मिनरल्स नल के अंदर जम सकते हैं. इससे उसके छोटे हिस्से ठीक से काम नहीं करते और पानी टपकने लगता है. सफाई से समस्या दूर हो सकती है, लेकिन जंग या ज्यादा खराबी होने पर पुर्जे बदलने पड़ सकते हैं.

नल को ज्यादा कसकर बंद करने से बचें
पानी टपकने पर नल का हैंडल जोर से बंद करना सही तरीका नहीं है. इससे वॉशर, सील और दूसरे पुर्जे खराब हो सकते हैं. इसलिए नल को नॉर्मल तरीके से बंद करें. फिर भी पानी टपके, तो हैंडल पर जोर लगाने के बजाय खराब हिस्से को चेक करें.

Advertisement

घर पर नल ठीक करने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
अगर आप खुद नल को रिपेयर करना चाहते हैं, तो जल्दबाजी करने के बजाय कुछ जरूरी बातों का ध्यान जरूर रखें. 
 
सबसे पहले पानी की सप्लाई बंद करें: नल के नीचे लगे सप्लाई वाल्व को बंद कर दें. अगर वहां अलग वाल्व नहीं है, तो जरूरत के मुताबिक घर की पानी की मेन सप्लाई बंद करें.

नल खोलने से पहले बचा हुआ पानी निकालें: सप्लाई बंद करने के बाद नल खोलकर अंदर बचा पानी निकलने दें.
 
नल किस तरह का है ये पहचानें: पुराने नलों में वॉशर हो सकता है, जबकि एक हैंडल वाले कई नलों में कार्ट्रिज लगा होता है. इसलिए पहले पता करें कि आपके नल में कौन सा हिस्सा इस्तेमाल हुआ है.
 
खराब हिस्से को ध्यान से देखें: रबर फटी है, घिसी है या कोई हिस्सा जंग लगा हुआ है, इसे चेक करें. नल का नया पार्ट खरीदते समय पुराने हिस्से की शेप और मॉडल जरूर मिलाएं.
जोर लगाकर पार्ट्स न खोलें: अगर हैंडल जंग के कारण फंस गया है या नल का कोई हिस्सा आसानी से नहीं खुल रहा, तो जबरदस्ती न करें. इससे नल टूट सकता है और रिपेयर का खर्च बढ़ सकता है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »