Bathroom Cleaning Tips: वॉश बेसिन के पीछे जम गई है काली गंदगी? बिना मेहनत ऐसे करें साफ, आसान है तरीका

Bathroom Cleaning Tips: बाथरूम की सफाई करते समय अक्सर लोग वॉश बेसिन के पीछे के हिस्से को साफ करना या तो भूल जाते हैं या फिर नजरअंदाज कर देते हैं. लेकिन यहां नमी के कारण जिद्दी दाग और फफूंदी जम जाती है. कुछ आसान टूल्स और तरीकों से आप इस छिपे हुए कोने को आसानी से चमका सकते हैं.

Advertisement
वॉश बेसिन के पीछे नमी के कारण फफंदी जम जाती है. (Photo: ITG) वॉश बेसिन के पीछे नमी के कारण फफंदी जम जाती है. (Photo: ITG)

आजतक लाइफस्टाइल डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 01 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 7:00 PM IST

बाथरूम को साफ-सुथरा रखने के लिए लोग फर्श से लेकर टाइल्स, नल और वॉश बेसिन तक की अच्छी तरह सफाई करते हैं. लेकिन एक ऐसी जगह भी होती है, जहां अक्सर किसी का ध्यान नहीं जाता और वो है वॉश बेसिन के पीछे का हिस्सा. यहां लगातार पानी की छींटें पड़ने, साबुन के इस्तेमाल और नमी बने रहने से धीरे-धीरे चिकनी सी लेयर, पानी के दाग और काली गंदगी जमा होने लगती है. कई बार यह गंदगी इतनी पुरानी हो जाती है कि कपड़े से पोंछने पर भी साफ नहीं होती.

वहीं, बेसिन और दीवार के बीच कम जगह होने के कारण वहां हाथ पहुंचाना और ठीक से सफाई करना भी मुश्किल लगता है. अगर आपके बाथरूम में भी ये परेशानी है और आपके वॉश बेसिन के पीछे भी काली गंदगी जम गई है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है. कुछ आसान तरीकों, सही सामान और थोड़ी-सी सावधानी से इस छिपे हुए कोने को भी साफ रखा जा सकता है. आइए जानते हैं वॉश बेसिन के पीछे जमी गंदगी हटाने के आसान तरीके और वो टिप्स, जिनसे वहां बार-बार गंदगी जमा होने से रोकी जा सकती है.

1. सबसे पहले सूखी गंदगी को बाहर निकालें: वॉश बेसिन के पीछे सफाई करने के लिए सबसे पहले वहां रखी बोतलें, साबुनदानी और दूसरी चीजों को हटा दें. इसके बाद सूखे कपड़े या पुराने टूथब्रश की मदद से धूल, बाल और गंदगी साफ करें. अगर बेसिन और दीवार के बीच जगह कम है, तो लंबे हैंडल वाले छोटे ब्रश का इस्तेमाल कर सकते हैं. इससे उन कोनों तक पहुंचना आसान होगा, जहां आम कपड़ा नहीं पहुंच पाता.

2. साबुन और पानी के जिद्दी निशान ऐसे हटाएं: वॉश बेसिन के पीछे अक्सर साबुन की लेयर और पानी के सफेद निशान जम जाते हैं. इन्हें साफ करने के लिए हल्के गुनगुने पानी में थोड़ा लिक्विड डिश सोप मिला लें. अब एक मुलायम कपड़े को इस घोल में भिगोकर अच्छी तरह निचोड़ लें और गंदी जगह को पोंछें.

Advertisement

जहां गंदगी ज्यादा जमी हो, वहां ब्रश से धीरे-धीरे सफाई करें. ध्यान रखें कि बहुत जोर से रगड़ने पर वॉश बेसिन और टाइल्स पर खरोंच आ सकती है. सफाई के बाद साफ गीले कपड़े से साबुन हटा दें और आखिर में सूखे कपड़े से उस जगह को अच्छी तरह पोंछ लें.

3. काली और पुरानी गंदगी के लिए क्या करें?
अगर वॉश बेसिन के पीछे लंबे समय से गंदगी जमा है और रोजाना की जाने वाली सफाई से नहीं निकल रही, तो उसके मैटीरियल हिसाब से सही क्लीनर का इस्तेमाल कर सकते हैं. क्लीनर लगाने से पहले उसे किसी छोटी और कम दिखाई देने वाली जगह पर लगाकर चेक कर लें. इसके बाद पैक पर दिए गए इंस्ट्रक्शंस के हिसाब से ही इस्तेमाल करें.

ध्यान रहे कि हर तरह के मैटीरियल पर एक ही तरह का क्लीनर इस्तेमाल करना सही नहीं है. खासकर पत्थर, मार्बल या डेलिकेट फिनिश वाले वॉश बेसिन पर गलत केमिकल नुकसान पहुंचा सकता है. इसके अलावा, ब्लीच को सिरका, एसिड या किसी दूसरे क्लीनर के साथ कभी न मिलाएं. ऐसा करने से जहरीली गैस निकल सकती है.

4. वॉश बेसिन के पीछे दिखे काले धब्बे तो न करें नजरअंदाज: कई बार वॉश बेसिन के पीछे दिखाई देने वाले काले निशान सिर्फ धूल या साबुन की गंदगी नहीं होते, बल्कि लगातार नमी के कारण फफूंदी भी हो सकती है. ऐसी कंडीशन में केवल ऊपर से पोंछना काफी नहीं है. पहले नमी की वजह का पता लगाना जरूरी है.

Advertisement

सफाई के बाद उस जगह को अच्छी तरह सुखाएं और बाथरूम में वेंटिलेशन बनाए रखें. अगर काले धब्बे बार-बार दिखाई दे रहे हैं, दीवार पर सीलन बढ़ रही है या बेसिन के नीचे पानी जमा हो रहा है, तो पाइप और नल के कनेक्शन को चेक करवाएं. लगातार लीकेज होने पर गंदगी और फफूंदी दोबारा जम सकती है.

दोबारा गंदगी न जमे, इसके लिए अपनाएं ये छोटी आदतें
वॉश बेसिन के पीछे की जगह को साफ रखने के लिए रोजाना घंटों मेहनत करने की जरूरत नहीं है. बस कुछ छोटी आदतों को अपनी लाइफस्टाइल में शामिल कर लें.

हफ्ते में एक बार सफाई करें: सूखे या हल्के गीले कपड़े से पीछे की जगह को पोंछते रहें.
पानी जमा न होने दें: बेसिन के पीछे पानी गिर जाए, तो उसे तुरंत साफ कर दें.
साबुन की परत हटाते रहें: नल और बेसिन के किनारों पर जमा साबुन को समय-समय पर साफ करें.
कोनों पर खास ध्यान दें: छोटे ब्रश की मदद से उन जगहों को साफ करें, जहां कपड़ा आसानी से नहीं पहुंचता.
जगह को सूखा रखें: सफाई के बाद पानी छोड़ने के बजाय सूखे कपड़े से नमी हटा दें.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »