Easy Rangoli Design For Diwali: दिवाली पर 'कटोरी-प्लेट' की मदद से बनाएं फूलों वाली खूबसूरत रंगोली, आसान है तरीका; VIDEO

Easy Rangoli Design For Diwali: दिवाली पर घर के आंगन और मेन गेट को फूलों वाली सुंदर रंगोली से सजाना चाहती हैं, तो कटोरी और प्लेट का यह आसान तरीका जरूर आजमाएं. इसकी मदद से बिना किसी खास सांचे या रंगोली बनाने की कला सीखे आप मिनटों में बड़ी और खूबसूरत डिजाइन तैयार कर सकते हैं. जानिए इस आसान ट्रिक से फूलों वाली रंगोली बनाने का पूरा तरीका.

Advertisement
दिवाली पर रंगोली बनाने के लिए कटोरी और प्लेट काम आ सकते हैं. (Photo: ITG) दिवाली पर रंगोली बनाने के लिए कटोरी और प्लेट काम आ सकते हैं. (Photo: ITG)

आजतक लाइफस्टाइल डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 05 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 12:09 PM IST

Easy Rangoli Design For Diwali: दिवाली पर घर को सजाने की बात हो और रंगोली का जिक्र न हो, ऐसा भला कैसे हो सकता है. त्योहार के दिन हर कोई चाहता है कि घर के मेन गेट और आंगन में ऐसी रंगोली बने, जिसे देखकर मेहमान भी तारीफ किए बिना न रह सकें. लेकिन समस्या तब आती है, जब रंगोली बनाने बैठते हैं और लाख कोशिशों के बाद भी डिजाइन बिगड़ जाता है. कभी गोले टेढ़े बनते हैं तो कभी फूलों की पंखुड़ियां सही शेप में नहीं आ पातीं. ऐसे में लोगों को रंगोली बनाना बहुत ही मुश्किल लगता है. अगर आपके साथ भी ऐसा होता है, तो अब रंगोली बनाने के लिए घंटों मेहनत करने की जरूरत नहीं है. 

Advertisement

दरअसल, सोशल मीडिया पर फूलों वाली बड़ी-बड़ी रंगोली बनाने का एक कमाल का हैक वायरल हो रहा है. इसमें न किसी खास सांचे की जरूरत है और न ही हाथ से डिजाइन बनाने की टेंशन. बस रसोई में रखी कटोरियां और प्लेट्स की मदद से आप फूलों वाली ऐसी खूबसूरत रंगोली तैयार कर सकते हैं, जो देखने में बहुत ही सुंदर लगेगी. खास बात ये है इसे बनाने के लिए घंटों की मेहनत भी नहीं करनी पड़ेगी.

कटोरी-प्लेट बनेंगी रंगोली का सांचा, मिनटों में उभरेगा खूबसूरत डिजाइन
इस ट्रिक की सबसे खास बात यह है कि इसमें रंगोली का शेप बनाने के लिए बाजार से कोई महंगा सांचा खरीदने की जरूरत नहीं पड़ेगी. घर में मौजूद अलग-अलग साइज की प्लेटें और कटोरियां ही आपका काम आसान कर देंगी. सबसे पहले इन्हें फर्श पर फूल या गोल शेप में कुछ-कुछ दूरी पर उल्टा रख दें. इसके बाद इनके आसपास सफेद फूलों की पंखुड़ियां बिछाएं. जब आप बर्तनों को हटाएंगे, तो फर्श पर बढ़िया शेप के खाली हिस्से नजर आएंगे. इन्हीं जगहों को अलग-अलग रंगों के फूलों से भरकर आप शानदार फूलों वाली रंगोली बना सकते हैं.

Advertisement

ऐसे बनाएं फूलों वाली रंगोली 

1. सबसे पहले प्लेट और कटोरियां जमाएं: रंगोली बनाने के लिए सबसे पहले फर्श को अच्छी तरह साफ कर लें. अब अलग-अलग शेप की प्लेट और कटोरियों को उल्टा करके फूल की पंखुड़ियों या गोल डिजाइन के पैटर्न में सजा दें. ध्यान रखें कि सभी बर्तनों के बीच थोड़ी बराबर दूरी हो.

2. सफेद फूलों से तैयार करें बेस डिजाइन: अब बर्तनों के आसपास सफेद फूलों की पंखुड़ियां फैलाएं. इसके लिए सफेद गुलदाउदी या किसी दूसरे फूलों का इस्तेमाल कर सकते हैं. पंखुड़ियों को इस तरह बिछाएं कि पूरी डिजाइन एक जैसी और भरी हुई नजर आए.

3. बर्तन हटाकर रंग-बिरंगे फूलों से भरें खाली जगह: अब धीरे-धीरे प्लेट और कटोरियों को हटा दें. ऐसा करते ही रंगोली में खूबसूरत गोल और फूलों जैसी शेप दिखाई देने लगेंगे. इन खाली जगहों पर पीले गेंदे, लाल गुलाब और अपनी पसंद के दूसरे रंगों के फूलों की पंखुड़ियां भर दें.

4. दीयों और पत्तियों से दें फाइनल टच: रंगोली को और एक्ट्रैक्टिव बनाने के लिए इसके आसपास छोटे-छोटे दीये रख सकते हैं. साथ ही हरी पत्तियों से किनारों को सजाएं. इससे फूलों की रंगोली और भी खूबसूरत लगेगी और दिवाली की डेकोरेशन में चार चांद लग जाएंगे.

हाथ से रंगोली बनाना नहीं आता तो भी नहीं बिगड़ेगा डिजाइन
इस तरीके की सबसे बड़ी खूबी यही है कि रंगोली बनाने के लिए आपको किसी तरह की ड्राइंग या कलाकारी सीखने की जरूरत नहीं है. अक्सर हाथ से रंगोली बनाते समय गोल घेरा बिगड़ जाता है या दोनों तरफ का डिजाइन एक जैसा नहीं बन पाता. लेकिन प्लेट और कटोरी की मदद से हर शेप को एक जैसी फिनिश देना आसान हो जाता है.  

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »