Best Pipes For Underground Pipeline: घर बनवाते समय लोग टाइल्स, पेंट, फर्नीचर और महंगे बाथरूम फिटिंग्स पर तो खूब ध्यान देते हैं, लेकिन दीवारों के अंदर बिछने वाली पाइपलाइन को अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं. अब आप सोचेंगे कैसे? तो जरा दिमाग पर जोर डालिए कि आपने जब पाइपलाइन के लिए पाइप खरीदने की बारी आती है, तो सीधा लोहा के पाइप खरीद लेते हैं. जानते-बूझते हुए कि कुछ सालों में उसमें जंग लग सकता है और उसकी वजह से लीकेज की समस्या भी हो सकती है. यही छोटी-सी लापरवाही आगे चलकर बड़ी परेशानी बन सकती है. पाइप में लीकेज होने पर दीवारों में सीलन आने लगती है, पानी का प्रेशर कम हो सकता है और कई बार लीकेज को ठीक कराने के लिए टाइल्स तक तोड़नी पड़ जाती हैं.
पुराने जमाने में पानी की सप्लाई के लिए लोहे या एल्युमीनियम के पाइप इस्तेमाल किए जाते थे, लेकिन नमी और पानी के लगातार कॉनटैक्ट में रहने से इन पाइपों में कुछ समय बाद जंग लग सकता है. ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर घर की अंडरग्राउंड फीटिंग कराने के लिए कौन सा पाइप बढ़िया रहता है? अगर आपके मन में भी यही सवाल उठता है तो ये खबर आपके लिए है. आज हम आपको ऐसे पाइप्स के बारे में बताने वाले हैं, जिनमें जंग नहीं लगता है और लीकेज की समस्या भी कम होती है.
1. CPVC पाइप: गर्म और ठंडे पानी की सप्लाई के लिए
अगर आप घर के बाथरूम, रसोई और गीजर की पाइपलाइन के लिए ऑप्शन तलाश रहे हैं, तो CPVC पाइपलाइन लगवाने के बारे में सोच सकते हैं. CPVC यानी क्लोरीनेटेड पॉलीविनाइल क्लोराइड से बने पाइप गर्म और ठंडे, दोनों तरह के पानी की सप्लाई के लिए इस्तेमाल किए जाते हैं.
इनकी खासियत ये है कि इनमें जंग नहीं लगता है और गर्म पानी के लिए भी सही रहते हैं. इनकी अंदरूनी लेयर चिकनी होती है, जिससे पानी का फ्लो बनाए रखने में मदद मिलती है. हालांकि, पाइप खरीदते समय उसका टेंपरेचर और प्रेशर सहने की क्षमता की टेस्टिंग करना जरूरी है.
2. UPVC पाइप: ठंडे पानी और ड्रेनेज के लिए ऑप्शन
UPVC यानी अनप्लास्टिसाइज्ड पॉलीविनाइल क्लोराइड पाइप हल्के और मजबूत होने के साथ ही जंगरोधी भी होते हैं. इनका इस्तेमाल ठंडे पानी की सप्लाई और ड्रेनेज सिस्टम में किया जाता है.
इन पाइपों का मेंटेनेंस आमतौर पर आसान होता है और ये लोहे या एल्युमीनियम के पाइपों की तरह जंग नहीं खाते. लेकिन ध्यान रखें कि हर UPVC पाइप हर तरह की पाइपलाइन के लिए नहीं बना होता. गर्म पानी की सप्लाई के लिए इसका इस्तेमाल करने से पहले निर्माता द्वारा दी गई जानकारी जरूर देख लें.
3. OPVC पाइप: ज्यादा प्रेशर वाली पानी की सप्लाई के लिए
OPVC यानी ओरिएंटेड पॉलीविनाइल क्लोराइड पाइप काफी मजबूत होते हैं और पानी का ज्यादा दबाव भी सह सकते हैं. इनका इस्तेमाल खासतौर पर पानी की सप्लाई में किया जाता है, जहां पाइपों को तेज प्रेशर झेलना पड़ता है.
हालांकि, घर की नॉर्मल पाइपलाइन के लिए OPVC ही सबसे अच्छा ऑप्शन होगा, ऐसा जरूरी नहीं है. इसका चुनाव पाइपलाइन की जरूरत, पानी के प्रेशर, पाइप की शेप और संबंधित तकनीकी मानकों को ध्यान में रखकर करना चाहिए.
पाइप खरीदते समय इन 4 बातों का रखें ध्यान
1. सिर्फ सस्ती कीमत देखकर न खरीदें: कम कीमत के चक्कर में खराब क्वालिटी वाले पाइप खरीदना आगे चलकर महंगा पड़ सकता है. पाइप की मोटाई, गुणवत्ता, निर्धारित मानकों और दबाव सहने की क्षमता चेक कर लें.
2. गर्म और ठंडे पानी के लिए सही पाइप चुनें: हर पाइप गर्म पानी के लिए सही नहीं होता है. गीजर या गर्म पानी की सप्लाई वाली लाइन के लिए ऐसा पाइप चुनें, जो संबंधित टेंपरेचर सहने के लिए प्रमाणित हो.
3. पाइप के साथ फिटिंग्स की क्वालिटी भी देखें: अच्छी क्वालिटी का पाइप लगाने के बाद भी अगर उसके जोड़ कमजोर हैं या फिटिंग सही तरीके से नहीं की गई है, तो पानी लीक हो सकता है. इसलिए पाइप के साथ एल्बो, टी-जॉइंट, कपलर और वाल्व जैसे दूसरे हिस्सों की क्वालिटी भी जरूर चेक कर लें.
4. पानी के प्रेशर और क्वालिटी को न करें नजरअंदाज: अगर घर में पानी का दबा व ज्यादा रहता है या पानी में मिनरल्स की मात्रा ज्यादा है, तो पाइप चुनते समय इन कंडीशंस को ध्यान में रखें. पाइप की रेटिंग और पानी की सप्लाई के हिसाब से सही इंग्रेडिएंट्स का चुनाव करना जरूरी है.
पाइप लगाने के बाद भी जरूरी है सही देखभाल
घर में अच्छी क्वालिटी के पाइप लगवाने के साथ उनकी सही फिटिंग और समय-समय पर चेक करवाना भी जरूरी है. पाइप के जोड़ से पानी टपकने, दीवार पर सीलन आने या पानी का प्रेशर अचानक कम होने जैसे संकेतों को नजरअंदाज न करें. समय रहते खराबी ठीक कराने से बड़ी मरम्मत और ज्यादा खर्च से बच सकते हैं.
इसलिए घर बनवाते या रेनोवेशन कराते समय पाइप केवल कीमत देखकर न चुनें. जरूरत के मुताबिक CPVC, UPVC या OPVC को चुनें और इंस्टॉलेशन किसी एक्सपीरियंस्ड प्लंबर से कराएं. सही पाइप और मजबूत फिटिंग घर की प्लंबिंग को लंबे समय तक बेहतर बनाए रखने में मदद कर सकते हैं.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क