Best Roti for Summer: भारतीय घरों में रोटी रोजाना के खाने का अहम हिस्सा है. इसे लोग दाल, सब्जी और करी के साथ खाना पसंद करते हैं. भारत में कई तरह के आटे की रोटियां बनाई जाती हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि हर तरह की रोटी हर मौसम में फायदेमंद नहीं होती. गर्मियों की तपिश में शरीर को अंदर से ठंडा और हल्का रखने के लिए सही अनाज का चुनाव करना बहुत जरूरी है. ऐसे में आज हम आपको कुछ ऐसे आटे की रोटियों के बारे में बताएंगे जो डाइजेशन को बेहतर रखने और शरीर में एनर्जी बनाए रखने में आपकी मदद करेंगे.
ज्वार के आटे की रोटी
ज्वार की रोटी गर्मियों के लिए एक बेहतरीन ऑप्शन मानी जाती है, क्योंकि इसकी तासीर ठंडी होती है. यह ग्लूटेन-फ्री होती है, इसलिए जिन्हें गेहूं खाने से पेट में भारीपन या गैस की समस्या होती है, उनके लिए यह फायदेमंद है. ज्वार में फाइबर अच्छी मात्रा में होता है जो डाइजेशन को बेहतर बनाता है और कब्ज से बचाने में मदद करता है. यह रोटी हल्की होती है, इसलिए इसे लंच में खाना अच्छा माना जाता है.
चावल के आटे की रोटी
गर्मियों में चावल के आटे की रोटी गर्मियों के मौसम के लिए बेहतर मानी जाती है. इसकी तासीर ठंडी होती है जिससे यह शरीर को ठंडक देती है और आसानी से पच जाती है. इसके अलावा, यह पेट को लंबे समय तक भरा रखने में भी मदद करती है.
जौ के आटे की रोटी
जौ के आटे की रोटी गर्मियों में खाने के लिए अच्छी मानी जाती है. इसकी तासीर ठंडी होती है जो गर्मियों में बॉडी टेंपरेचर को बैलेंस करने में मदद करती है. यह फाइबर से भी भरपूर होती है जो डाइजेशन को बेहतर करता है और उमस वाले मौसम में होने वाली गैस और भारीपन की समस्या कम करता है.
रागी के आटे की रोटी
रागी की रोटी हल्की और पौष्टिक होती है, इसलिए यह लंच और डिनर दोनों के लिए अच्छी है. इसमें कैल्शियम और फाइबर भरपूर होते हैं जो शरीर को ठंडा रखने और हल्का महसूस कराने में मदद करते हैं. यह वजन कंट्रोल करने और पूरे दिन एनर्जी बनाए रखने में भी मदद करती है. इसे हल्की सब्जी या नारियल वाली करी के साथ खा सकते हैं.
गेहूं की रोटी
गेहूं की रोटी सबसे आम और रोज खाई जाने वाली रोटी है. इसमें फाइबर होता है जो डाइजेशन के लिए बेहतर होता है. ऊपर से थोड़ा घी लगाने से यह और भी आसानी से पचती है. गर्मियों में इसे लौकी, तोरी जैसी पानी वाली सब्जियों और दही के साथ खाना फायदेमंद होता है.
मल्टीग्रेन रोटी
मल्टीग्रेन रोटी में कई तरह के आटे जैसे गेहूं, ज्वार, रागी और बेसन मिलाए जाते हैं. इसमें फाइबर और प्रोटीन अच्छी मात्रा में होता है जो पेट को लंबे समय तक भरा रखता है और ब्लड शुगर को संतुलित रखने में मदद करता है. इसे और हेल्दी बनाने के लिए आटे में लौकी या खीरा भी मिला सकते हैं. इसे दाल और दही के साथ खाना अच्छा रहता है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क