How to Restyle Old Suit: दिवाली पार्टी के लिए पुराने सूट को दें नया लुक, ट्राई करें ये 5 तरीके, दिखेंगी सबसे स्टाइलिश

दिवाली पार्टी में हर बार नया सूट खरीदने की जरूरत नहीं है. अलमारी में रखे पुराने सिंपल सूट को भी कुछ आसान फैशन हैक्स से नया और स्टाइलिश लुक दिया जा सकता है. जानिए घर में रखीं चीजों से ही पुराने सूट को रीस्टाइल करने के तरीके.

Advertisement
सूट को अलग-अलग तरह से स्टाइल करें.   (PHOTO:AI) सूट को अलग-अलग तरह से स्टाइल करें. (PHOTO:AI)

आजतक लाइफस्टाइल डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 03 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 6:30 PM IST

How to Restyle Old Suit: दिवाली का त्योहार आने से एक महीना पहले से ही घर की सजावट से लेकर कपड़ों तक की तैयारियां शुरू हो जाती हैं. इस मौके पर हर कोई चाहता है कि वह सबसे अलग और खूबसूरत दिखे. खासकर दिवाली पार्टी में महिलाएं कुछ ऐसा पहनना पसंद करती हैं, जो देखने में स्टाइलिश हो और त्योहार के हिसाब से भी अच्छा लगे. ऑफिस हो या कॉलेज की दिवाली पार्टी में सबसे हटकर दिखने के लिए नए-नए सूट और फ्यूजन आउटफिट खरीदते हैं. लेकिन हर बार दिवाली पार्टी के लिए नया सूट खरीदना जरूरी नहीं है.

Advertisement

अगर आपकी अलमारी में भी कोई पुराना सिंपल सूट रखा है, तो थोड़ी सी क्रिएटिविटी से उसे बिल्कुल नया लुक दिया जा सकता है. आप कुछ आसान फैशन हैक्स अपनाकर अपने पुराने सूट को ऐसा स्टाइल कर सकती हैं कि लोग उसकी तारीफ करते नहीं थकेंगे. आइए जानते हैं ऐसे 5 आसान तरीके, जिनकी मदद से आप पुराने सूट को दिवाली पार्टी के लिए तैयार कर सकती हैं.

हैवी दुपट्टे से बढ़ाएं सूट की खूबसूरती

अगर आपका सूट बिल्कुल सिंपल है, तो उसके साथ हैवी दुपट्टा कैरी करना सबसे आसान तरीका है. आप इसके साथ बनारसी, चंदेरी, ऑर्गेंजा या गोटा-पट्टी वाला दुपट्टा पहन सकती हैं. आजकल बाजारों में काफी स्टाइलिश दुप्पटे मिलते हैं. दुपट्टे को एक कंधे पर पिनअप करके रखें या फिर दोनों तरफ से खुला छोड़ दें. इससे आपका सिंपल सूट भी फेस्टिव और खूबसूरत नजर आएगा. ध्यान रखें कि दुपट्टे का रंग सूट से मिलता-जुलता या उसके साथ कंट्रास्ट में हो.

Advertisement
हैवी दुप्पटे से सूट की खूबसूरती बढ़ाएं. (PHOTO:AI)

लेस और गोटा-पट्टी से दें नया लुक

पुराने सूट को नया बनाने के लिए आप उसमें थोड़ी कारीगरी भी करवा सकती हैं. सूट के गले, बाजू और दामन पर रंगीन लेस, गोटा-पट्टी या छोटी-छोटी लटकन लगवा लें. अगर आपके पास सिलाई का समय नहीं है, तो फैब्रिक ग्लू की मदद से भी कुछ सजावटी लेस लगा सकती हैं. इससे सूट का लुक काफी बदल जाएगा और आपको नया कपड़ा खरीदने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी.

झुमके और चूड़ियों से पूरा करें लुक

कई बार कपड़ों से ज्यादा उनकी एक्सेसरीज पूरे लुक को खास बना देती हैं. पुराने सूट के साथ ऑक्सीडाइज्ड झुमके, चांदबाली, गोल्डन ईयररिंग्स या कुंदन ज्वेलरी पहन सकती हैं. इसके अलावा हाथों में मैचिंग चूड़ियां और पैरों में ट्रेंडी जूती आपके लुक को पूरा कर सकती हैं. अगर सूट का गला हैवी है, तो गले में नेकलेस पहनने से बचें और सिर्फ बड़े इयररिंग्स कैरी करें.

स्टाइलिश बेल्ट से बनाएं ट्रेंडी लुक

आजकल सूट के साथ कमर पर बेल्ट लगाने का फैशन भी काफी पसंद किया जा रहा है. आप अपने पुराने अनारकली, स्ट्रेट या ए-लाइन सूट के साथ पतली मेटल बेल्ट, मोतियों वाली बेल्ट या फैब्रिक बेल्ट पहन सकती हैं. इससे आपकी कमर को एक अच्छा शेप मिलेगा और सिंपल सूट भी स्टाइलिश दिखाई देगा. दिवाली पार्टी के लिए गोल्डन या सिल्वर बेल्ट अच्छा ऑप्शन हो सकती है.

Advertisement
बेल्ट से सूट को नया लुक दे सकते हैं. (PHOTO:AI)

पुराने सूट के साथ पहनें स्टाइलिश बॉटम वियर

अगर आप अपने पुराने सूट को बिल्कुल अलग अंदाज में पहनना चाहती हैं, तो उसके साथ बॉटम वियर बदलकर देखें. सीधे पजामे की जगह प्लाजो, शरारा, गरारा या सिगरेट पैंट पहन सकती हैं. इससे आपके पुराने सूट को नया लुक मिल जाएगा. अगर सूट छोटा है, तो उसके साथ फ्लेयर्ड प्लाजो, शरारा या फरसी सलवार अच्छा लगेगा. वहीं लंबे स्ट्रेट सूट के साथ सिगरेट पैंट या स्ट्रेट पैंट पहन सकती हैं.

इन बातों का भी रखें ध्यान

दिवाली पार्टी के लिए पुराने सूट को स्टाइल करते समय इस बात का ध्यान रखें कि आपके कपड़े, दुपट्टे और एक्सेसरीज एक-दूसरे के साथ अच्छे लगें. बहुत ज्यादा हैवी एक्सेसरीज पहनने के बजाय एक या दो चीजों को हाइलाइट करें. इस तरह बिना ज्यादा पैसे खर्च किए आप अपने पुराने सूट में ही दिवाली पार्टी के लिए खूबसूरत और नया लुक पा सकती हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »