बोनी कपूर की बड़ी बेटी अंशुला कपूर शादी के बंधन में बंधने वाली हैं. 6 जुलाई को उनकी रोहन ठक्कर के साथ शादी हो रही है. मेहंदी की रस्म से होने वाली दुल्हनिया का लुक सामने आया है. अंशुला ने अपनी मेहंदी के लिए जो ड्रेस चुनी, उसके बारे में जानकर आप भी उनकी तारीफ करेंगे.
अंशुला ने अपनी मेहंदी पर गुजरात का पटोला स्टाइल लहंगा पहना था. इसके जरिए उन्होंने अपनी होने वाली गुजराती फैमिली के प्रति प्यार और सम्मान को जाहिर किया है. पटोला गुजरात की शान है. इसका इतिहास लगभग 900 साल पुराना है.
मेहंदी पर पहना ये खास लहंगा
इतना ही नहीं अंशुला ने लहंगा पारंपरिक हरे, लाल या फिर पेस्टल रंग का नहीं बल्कि टील-ब्लू रंग का चुना. इस लहंगे पर कई रंगों के धागों का बारीक काम, शीशे की सजावट और बेहतरीन कारीगरी की गई थी. यह पूरा लुक पटोला की सदाबहार विरासत से प्रेरित था. इसके ब्लाउज पर बारीक पोल्का डॉट्स, सुंदर कढ़ाई वाले बॉर्डर और शीशे का काम किया गया था. उन्होंने इसके साथ मैचिंग फ्लेयर्ड स्कर्ट पहनी जबकि उनके शानदार दुपट्टे ने सबका ध्यान अपनी ओर खींचा. दुपट्टे पर जियोमेट्रिक डिजाइन, चमकती सजावट और सुनहरे, गुलाबी, फिरोजी और सिल्वर जैसे चटख रंगों का इस्तेमाल किया गया था.
अंशुला का लहंगा गुजरात की मशहूर पटोला बुनाई से प्रेरित है और डिजाइनर की सिग्नेचर मिरर वर्क डिटेलिंग इसे मॉडर्न टच दे रही है जिसे अंशुला ने अपने ससुराल की संस्कृति और विरासत को सम्मान देने के लिए चुना.
अपने लुक के पीछे की प्रेरणा के बारे में बताते हुए अंशुला ने अपने इंस्टाग्राम पर कहा कि यह आउटफिट उनके नए परिवार और उनकी सांस्कृतिक जड़ों को एक दिल से दिया गया सम्मान था. उन्होंने 4 जुलाई को अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, 'अपनी मेहंदी के लिए मैं चाहती थी कि मेरा आउटफिट उस परिवार का सम्मान करे जिससे मैं जुड़ने जा रही हूं.'
'यह शानदार टील-ब्लू लहंगा पटोला की समृद्ध विरासत से प्रेरित है. इसमें डिजाइनर के सिग्नेचर मिरर वर्क को खूबसूरती से शामिल किया गया है, जिससे गुजरात की टेक्सटाइल विरासत से गहराई से जुड़ी दो कलाओं का संगम देखने को मिलता है.'
लहंगे को ऐसे किया स्टाइल
अंशुला ने शानदार फिरोजी रंग की ज्वेलरी के साथ अपने लुक को कंप्लीट किया था. उन्होंने गले में बड़े मोतियों वाले नेकलेस की लेयरिंग की हुई थी जिसमें एक खास पेंडेंट भी था और साथ में मैचिंग ड्रॉप इयररिंग्स और अंगूठियां पहनीं. बोल्ड एक्सेसरीज ने गहरे रंग वाले आउटफिट के सा बेहतरीन तालमेल बिठाया था.
सॉफ्ट लुक में लगीं बेहद सुंदर
अशुंला का लुक और मेकअप काफी सॉफ्ट था जिसमें ग्लोइंग स्किन, हल्के गुलाबी गाल, आंखों में हल्का काजल, अच्छी तरह से बनी आइब्रो और न्यूड पिंक लिप्स शामिल थे. उन्होंने अपने घने बालों को सॉफ्ट वेव्स के साथ हाफ-अप, हाफ-डाउन हेयरस्टाइल में स्टाइल किया, जबकि चेहरे के आसपास लटकी बालों की लटों ने उनके फेस्टिव लुक को एक रोमांटिक टच दिया.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क