कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में एक शेल्टर होम से चार अफ्रीकी महिलाओं के फरार होने का मामला सामने आया है. पुलिस के मुताबिक ये महिलाएं खिड़की तोड़कर शेल्टर होम से भाग निकलीं. इस बात की जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने एक न्यूज एजेंसी को दी. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है.
पुलिस अधिकारियों ने रविवार को बताया कि यह घटना उत्तरी बेंगलुरु के डोड्डागुब्बी इलाके में स्थित ‘होम ऑफ होप’ शेल्टर होम में हुई. यह शेल्टर होम ‘न्यू आर्क मिशन ऑफ इंडिया’ संस्था द्वारा संचालित किया जाता है. जानकारी के अनुसार घटना 11 मई की सुबह करीब 3 बजे से 6 बजे के बीच हुई, जब चार महिलाएं शेल्टर होम की खिड़की तोड़कर फरार हो गईं.
खिड़की तोड़कर भागीं महिलाएं
इस मामले में शेल्टर होम के मैनेजर श्रीनिवास एन. ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत में उन्होंने बताया कि संस्था में ऐसे विदेशी नागरिकों को रखा गया था, जिन्हें ‘फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस’ (FRRO) के निर्देशों पर बेंगलुरु के विभिन्न पुलिस थानों से यहां लाया गया था.
मैनेजर के अनुसार शेल्टर होम में कुल 40 विदेशी नागरिक रह रहे थे, जिनमें 22 पुरुष और 18 महिलाएं शामिल थीं. फरार हुई महिलाओं की पहचान टोपिस्टा क्विकिरिज़ा, नागावा शीला उर्फ टिबिवा इरेना, सफीना नाकान्यिके और फिटिना नज़ेयिमाना के रूप में हुई है. सभी महिलाएं अफ्रीकी मूल की बताई जा रही हैं.
श्रीनिवास ने शिकायत में कहा कि महिलाओं के गायब होने के बाद संस्था की ओर से पहले अपने स्तर पर उनकी तलाश की गई. आसपास के इलाकों में खोजबीन की गई, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद रविवार को पुलिस स्टेशन पहुंचकर औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई.
पुलिस ने बताया कि मामले में ‘इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट, 2025’ की धारा 20 और 23 के तहत केस दर्ज किया गया है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिलाओं ने कमरे की खिड़की तोड़कर बाहर निकलने का रास्ता बनाया और मौके से फरार हो गईं.
aajtak.in