घर की सीढ़ियों के लिए टाइल, मार्बल या कोटा स्टोन, किसका इस्तेमाल सबसे बढ़िया विकल्प हो सकता है? इस सवाल का जवाब बहुत ज्यादा मुश्किल नहीं है, बस देखना यह है कि आपका बजट क्या है और सीढ़ी का इस्तेमाल किस तरह से होगा. क्योंकि, सीढ़ी घर का ऐसा हिस्सा होता है, जिस पर सबसे ज्यादा दबाव पड़ता है.
सीढ़ी का इस्तेमाल ही छत या ऊपरी तल्ले पर चढ़ने के लिए किया जाता है. अगर घर के अंदर आने के लिए सड़क से प्लिंथ लेवल तक की सीढ़ी है तब तो उसका इस्तेमाल और भी ज्यादा होता है. ऐसे में सीढ़ियों की मजबूती सबसे अहम होती है. यही वजह है कि कोई भी स्टोन, मार्बल या टाइल लगाने से पहले मजबूती जांच लेना जरूरी है.
मजबूती के साथ सीढ़ी का साफ- सुथरा और सुंदर दिखना भी घर के लुक में चार- चांद लगा देता है. अगर लोगों के चलने से सीढ़ी पर तुरंत दाग- धब्बे लग जा रहे हैं तो यह एक समस्या बन सकती है. इसलिए सीढ़ी में ग्रेनाइट, मार्बल, कोटा स्टोन और टाइल्स में कौन बेहतर होगा, यह जानने से पहले इनकी अपनी-अपनी खासियत और कमियों को जानना जरूरी है.
ग्रेनाइट यह बहुत कठोर होता है, जल्दी नहीं घिसता, और सालों-साल चलता है. भारी इस्तेमाल के लिए यह बेस्ट है. लेकिन, यह थोड़ा फिसलन भरा हो सकता है. इस वजह से सीढ़ी में इस्तेमाल के लिए थोड़ा सतर्क रहना पड़ता है.
मार्बल देखने में शाही लुक देता है. क्योंकि यह देखने में बहुत सुंदर, प्राकृतिक और शाही लगता है. इसका नुकसान यह है कि मार्बल थोड़ा नरम होता है. इस पर दाग जल्दी लगते हैं. खरोंच आ सकती है और बार-बार घिसाई यानी पॉलिशिंग करानी पड़ती है. इसके साथ ही चमकदार या ग्लॉसी मार्बल सीढ़ियों पर फिसलने का खतरा रहता है.
टाइल्स का बजट कम होता है और इसमें डिजाइन भी कई तरह के आते हैं. इस लिहाज से यह बजट के अनुकूल होती हैं और बाजार में कई तरह के आधुनिक डिजाइन और टेक्सचर में मिलती हैं. लेकिन, इसका नुकसान यह है कि सीढ़ियों पर हमेशा एंटी-स्किड या मैट फिनिश टाइल्स ही लगानी चाहिए. सामान्य चिकनी टाइल्स पर पैर फिसलने से चोट लग सकती है.कई बार ज्यादा इस्तेमाल से इनके किनारे चटकने का डर रहता है.
कोटा स्टोन मजबूत और किफायती दोनों होता है. यह बहुत ज्यादा टिकाऊ और गर्मी में ठंडक देने वाला पत्थर है. इसे लगाने का बजट भी कम होता है. इसकी बस एक छोटी कमी है कि यह मार्बल या ग्रेनाइट जैसा चमकदार और ग्लॉसी लुक नहीं देता. लेकिन, सीढ़ियों के लिए बहुत ज्यादा ग्लॉसी मटेरियल की जरूरत भी नहीं है.
ये हैं दो सबसे बढ़ियां विकल्प
इस लिहाज से कोटा स्टोन सीढ़ियों के लिए सबसे बेहतर विकल्प है. यह बजट में भी सस्ता है. मजबूती में भी सबसे आगे और टिकाऊ भी होता है. इसका रखरखाव भी आसान और सुविधाजनक होता है.
हालांकि, घर की सीढ़ियों के लिए ग्रेनाइट और टाइल्स का कॉम्बिनेशन भी दूसरा सबसे बेहतरीन विकल्प माना जाता है. क्योंकि यह सबसे मजबूत और टिकाऊ होता है. साथ ही काफी सुंदर लुक भी देता है.
aajtak.in