विकासनगर में दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प... युवक की मौत के बाद भड़का आक्रोश, नेशनल हाइवे जाम

देहरादून के विकासनगर क्षेत्र का बैरागीवाला गांव उस वक्त सुलग उठा, जब गांव में दो समुदायों के बीच हुआ विवाद हिंसक हो गया. आरोप है कि यहां समुदाय विशेष के हमलावरों ने विनोद नाम के युवक की हत्या कर दी. वहीं महिला समेत तीन लोग घायल हो गए. इस घटना के बाद हिंदूवादी संगठनों ने गांव में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. देखते ही देखते प्रदर्शनकारियों ने हाइवे जाम कर दिया.

Advertisement
समुदाय विशेष के लोगों ने घेरकर युवक से की थी मारपीट. (Photo: ITG) समुदाय विशेष के लोगों ने घेरकर युवक से की थी मारपीट. (Photo: ITG)

टीना साहू

  • देहरादून/विकासनगर,
  • 14 जून 2026,
  • अपडेटेड 7:40 AM IST

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के विकासनगर क्षेत्र में बैरागीवाला गांव में रविवार को भारी बवाल हो गया. यहां दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प हो गई, जिसमें एक हिंदू युवक की मौत हो गई, जबकि महिला समेत तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया.

हिंदू समुदाय के लोगों के साथ विभिन्न हिंदू संगठनों ने गांव में पहुंचकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) जाम कर दिया, जिससे काफी समय तक ट्रैफिक प्रभावित रहा. बैरागीवाला गांव में खेत में पानी लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ था. स्थानीय लोगों का कहना है कि मामूली कहासुनी के बाद मामला बढ़ता चला गया और देखते ही देखते हिंसक झड़प हो गई.

Advertisement

आरोप है कि विवाद के बाद समुदाय विशेष के कुछ युवकों ने एकजुट होकर हिंदू पक्ष के लोगों पर हमला कर दिया. इस दौरान विनोद नाम के युवक को कथित तौर पर बेरहमी से पीटा गया, जिससे उसकी मौत हो गई. वहीं हमले में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

यहां देखें Video

घटना की खबर फैलते ही गांव में तनाव का माहौल बन गया. मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला. देखते ही देखते बड़ी संख्या में विभिन्न हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता गांव में पहुंच गए. उन्होंने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया. कुछ ही देर में प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया और सड़क पर बैठकर नारेबाजी शुरू कर दी.

Advertisement

यह भी पढ़ें: बंगाल: जादवपुर में अतिक्रमण हटाने पर बवाल, पुलिस-हॉकरों में झड़प... हिरासत में CPI-M नेता सृजन भट्टाचार्य

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब तक हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा. प्रदर्शन के दौरान लोगों ने प्रशासन के खिलाफ भी नाराजगी जाहिर की. कई प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की, जिसके कारण आरोपियों के हौसले बुलंद हुए. आंदोलनकारियों ने यह भी कहा कि शव का अंतिम संस्कार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही किया जाएगा.

हालात को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया. गांव और आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया. संवेदनशील माहौल को देखते हुए अतिरिक्त फोर्स मौके पर बुलाया गया. पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने की कोशिश की, लेकिन लोग अपनी मांगों पर अड़े रहे. इस दौरान कई बार पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली.

घटना के बाद गुस्साए हिंदूवादी संगठन के लोगों ने गांव में प्रदर्शन शुरू कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के एनकाउंटर सहित उनके घरों पर बुलडोजर एक्शन की मांग को लेकर नेशनल हाइवे जाम कर दिया. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि समुदाय विशेष देवभूमि को कश्मीर बनाना चाहता है. यह कोई मामूली घटना नहीं है कि एक युवक की मॉब लिंचिंग की गई. प्रदर्शन में शामिल हिंदूवादी संगठनों के लोगों का आरोप है कि आरोपी झगड़ालू प्रवत्ति के हैं. पहले भी जनप्रतिनिधि पर हमला कर चुके हैं.

Advertisement

वहीं इस घटना की खबर मिलते ही भाजपा विधायक विकासनगर मुन्ना चौहान बैरागीवाला गांव पहुंचे, जहां उन्होंने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए मौके पर मौजूद पुलिस के आला अधिकारियों को आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए. उन्होंने पीड़ित परिवार को सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया और सहसपुर कोतवाली पुलिस के मौजूदा थाना प्रभारी को सख्त लहजे में एक्शन लेने को कहा.

इस घटनाक्रम पर एसपी देहात पंकज गैरोला ने बताया कि खेत में पानी लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था. कुछ युवकों ने गांव में इकट्ठा होकर विनोद नाम के युवक को पीटा, जिसमें उसकी मौत हो गई. वहीं तीन लोगों पर जानलेवा हमला कर उन्हें घायल कर दिया, घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना को लेकर हिंदू समुदाय के लोग आक्रोशित हैं. प्रदर्शनकारियों से बात की जा रही है. आरोपियों की धड़पकड़ के लिए पुलिस टीम आरोपियों के ठिकानों पर दबिश दे रही है. जल्द उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »