उत्तराखंड के चमोली जिले में बदरीनाथ धाम से फाटा जा रहा एक हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया है. हादसा जोशीमठ के पास हाथी पहाड़ के पीछे चायी गांव के इलाके में हुआ बताया जा रहा है. हालांकि, अभी तक हेलिकॉप्टर का मलबा नहीं मिला है. स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हैं.
यह हेलिकॉप्टर ट्रांस भारत कंपनी का बताया जा रहा है. हेलिकॉप्टर की लोकेशन अचानक गायब होने के बाद उसकी तलाश जारी है. अभियान में दो अन्य हेलिकॉप्टर भी लगाए गए हैं, लेकिन खराब मौसम के चलते अब तक उसकी सही लोकेशन का पता नहीं चल पाया है.
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड में संपत्ति नामांतरण हुआ आसान, विरासत अभियान में 4,943 मामलों का निपटारा
UCADA की तरफ से जारी जानकारी के मुताबिक, हेलिकॉप्टर में पायलट कैप्टन हिमांशु समेत कुल छह लोग सवार थे. पैसेंजर मैनिफेस्ट में पांच यात्रियों के नाम प्रतापा, अरुण, शंकर गौड़ा, सुधीर के और एचएस नटराज दर्ज हैं.
बारिश और घने बादलों से रेस्क्यू में मुश्किल
हादसे की सूचना वाले इलाके में लगातार बारिश हो रही है और घने बादल छाए हुए हैं. इससे दृश्यता काफी कम है. ऐसे में रेस्क्यू टीमों को हेलिकॉप्टर की लोकेशन तलाशने में परेशानी हो रही है. फिलहाल टीमें बदरीनाथ और जोशीमठ के बीच के इलाके में खोज अभियान चला रही हैं. हेलिकॉप्टर में कितने लोग सवार थे और उनकी स्थिति क्या है, इसे लेकर अभी जानकारी सामने नहीं आई है. प्रशासन की टीमें मलबे का पता लगाने और रेस्क्यू ऑपरेशन को आगे बढ़ाने में जुटी हैं.
आर्मी, एसडीआरएफ, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें तैनात
जोशीमठ के एसडीएम चंद्रशेखर वशिष्ठ ने बताया कि हेलिकॉप्टर क्रैश होने की सूचना मिली है, जिसकी पुष्टि कराई जा रही है. उन्होंने कहा कि इलाके में कुछ संदिग्ध चीजें दिखाई दी हैं, जिससे हेलिकॉप्टर क्रैश होने की आशंका है. आर्मी, एसडीआरएफ, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंच रही हैं. एसडीएम ने बताया कि वह खुद भी घटनास्थल के लिए रवाना हो रहे हैं. मौके से और जानकारी मिलने के बाद स्थिति साफ हो पाएगी.
घायलों को एयरलिफ्ट कर बेहतर इलाज देने का निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जोशीमठ के पास चायी गांव में हेलिकॉप्टर क्रैश होने की दुर्भाग्यपूर्ण सूचना मिली है. जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और एसडीआरएफ की टीमें मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं. उन्होंने कहा कि वह पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं. सीएम ने गंभीर रूप से घायलों को तुरंत एयरलिफ्ट कर बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने यात्रियों के सकुशल होने की कामना भी की है.
उत्तराखंड सिविल एविएशन डेवलपमेंट अथॉरिटी (UCADA) के मुताबिक, ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का हेलिकॉप्टर VT-HCX बदरीनाथ से देहरादून के सहस्त्रधारा के लिए रवाना हुआ था. हेलिकॉप्टर ने दोपहर करीब 1:14 बजे उड़ान भरी थी. जोशीमठ घाटी के ऊपर उड़ान के दौरान उसका संपर्क टूट गया और ट्रैकिंग सिस्टम पर भी उसकी लोकेशन मिलनी बंद हो गई. इसके बाद भारतीय सेना, चमोली जिला प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमों को सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए रवाना किया गया है. एहतियात के तौर पर ट्रांस भारत एविएशन के पूरे हेलिकॉप्टर बेड़े को ग्राउंड कर दिया गया है.
अक्टूबर में दो हेलिकॉप्टरों की हुई थी इमरजेंसी लैंडिंग
अक्टूबर महीने में भी चारधाम यात्रा के दौरान हेलिकॉप्टरों की दो इमरजेंसी लैंडिंग हुई थीं. इनमें एक घटना रुद्रप्रयाग में खराब मौसम की वजह से हुई थी, जबकि दूसरी टिहरी में तकनीकी खराबी के कारण हेलिकॉप्टर को इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी थी.
अंकित शर्मा / कमल नयन सिलोड़ी