घर के बाहर खाना खा रही थी 4 साल की बच्ची, अचानक उठा ले गया तेंदुआ... उत्तराखंड के पौड़ी में खौफनाक घटना

रात का समय था... एक परिवार घर के बाहर बैठा खाना खा रहा था... और तभी अचानक झाड़ियों से निकलकर एक तेंदुआ वहां आ गया. पलक झपकते ही उसने 4 साल की मासूम को उठाया और जंगल में गुम हो गया. उत्तराखंड के पौड़ी की यह घटना दिल दहला देने वाली है, जिसने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया है.

Advertisement
तेंदुए की वजह से आसपास के स्कूलों में कर दी गई छुट्टी. (Photo: Representational) तेंदुए की वजह से आसपास के स्कूलों में कर दी गई छुट्टी. (Photo: Representational)

aajtak.in

  • पौड़ी,
  • 04 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 8:03 AM IST

उत्तराखंड के पौड़ी की ये घटना दहला देने वाली है. यहां तेंदुआ चार साल की मासूम बच्ची को घर के बाहर से उठा ले गया और उस पर हमला कर दिया. इससे बच्ची की जान चली गई. घटना के बाद पूरे इलाके में डर और गुस्से का माहौल है. घटना पौड़ी के पोखड़ा क्षेत्र के भटकोट गांव की है. यहां गुरुवार रात करीब 9 बजे चार साल की बच्ची अपने घर के पास अपनी बहन और दादी के साथ खाना खा रही थी. 

Advertisement

एजेंसी के अनुसार, अचानक अंधेरे के बीच एक तेंदुआ पलक झपकते ही बच्ची को उठाकर जंगल की ओर भाग गया. यह सब बेहद खौफनाक था. बच्ची की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत उसकी तलाश शुरू कर दी. गांव के लोगों ने रातभर जंगल में खोजबीन की. काफी मशक्कत के बाद बच्ची का क्षत-विक्षत शव घर से करीब दो किलोमीटर दूर मिला. घटनास्थल पर जिसने भी यह सब देखा, उसकी रूह कांप उठी.

यह भी पढ़ें: गाजियाबाद से स्कूल में दिखा तेंदुआ, एनाउंस की गई छुट्टी, वन विभाग की टीम तैनात

सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन गुस्साए ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. उनका कहना था कि इलाके में लंबे समय से तेंदुए का खतरा बना हुआ है, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. आक्रोशित ग्रामीणों ने पहले तो अधिकारियों को शव ले जाने से भी रोक दिया और सीनियर अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की.

Advertisement

शुक्रवार सुबह चौबट्टाखाल की उपजिलाधिकारी रेखा आर्या और वन विभाग के डीएफओ महातिम यादव गांव पहुंचे. उन्होंने ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की और हर संभव मदद का आश्वासन दिया. इसके बाद बच्ची का पोस्टमार्टम घर के पास ही कराया गया और शव परिजनों को सौंप दिया गया.

वन विभाग ने घटना के बाद तेंदुए की निगरानी के लिए अभियान शुरू कर दिया है. अधिकारियों का कहना है कि इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है और जल्द ही तेंदुए को पकड़ने के प्रयास तेज किए जाएंगे, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके. इस घटना के बाद प्रशासन ने एहतियातन कदम उठाते हुए पोखड़ा और बिरोंखाल क्षेत्र के स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है. 4 अप्रैल और 6 अप्रैल को सभी स्कूल बंद रहेंगे. गांव के लोग अब डर के साये में हैं और अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement