इस वर्ष आयोजित कैंची धाम स्थापना वर्ष मेले-2026 ने पिछले कई दशकों के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. मेले के सफल और शांतिपूर्ण समापन पर आयोजन समिति और मंदिर प्रबंधन ने राज्य सरकार, जिला प्रशासन एवं नैनीताल पुलिस टीम का हृदय से आभार व्यक्त किया है. कैंची मन्दिर समिति सचिव आलोक चोपड़ा, प्रबन्धक प्रदीप साह ने कहा कि हम पिछले 50 वर्षों से कैची धाम की सेवा में हैं. अपने जीवन में ऐसा "चमत्कारिक" और ऐतिहासिक मेला नहीं देखा.
इस बार श्रद्धालुओं की संख्या अप्रत्याशित थी. इसके बावजूद प्रशासन और पुलिस विभाग की सूझबूझ और कड़ी मेहनत से पूरी व्यवस्था सुव्यवस्थित और समर्पित रही. नैनीताल पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी.
जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल और पुलिस कप्तान डॉ. मंजूनाथ टी०सी० स्वयं व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे और मंदिर के कपाट खुलने से लेकर मेले के समापन तक दोनों अधिकारी लगातार कैंची धाम परिसर में बने रहे. उनके विशेष प्रयास मेला समापन तक भी लगातार जारी रहे.
"नीब करोली बाबा की जय" के उद्घोष के साथ समाप्त हुआ मेला
दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर के कपाट और दर्शन का समय 1 घंटा और अधिक बढ़ाया गया, जिससे अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति को भी बाबा के सुगम दर्शन प्राप्त हो सके. आयोजन समिति ने बताया कि इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में राज्य सरकार का अभूतपूर्व और सराहनीय सहयोग प्राप्त हुआ है.
इसके साथ ही कुमाऊं कमिश्नर, आईजी कुमाऊं, जिलाधिकारी, एसएसपी नैनीताल एवं पुलिस–प्रशासन के सभी अंगों ने मिलकर इस चुनौती को एक बड़ी सफलता में बदल दिया. समापन के अवसर पर सभी उपस्थित लोगों ने "नीब करोली बाबा की जय" के उद्घोष के साथ अपनी खुशी और संतोष व्यक्त किया.
लीला सिंह बिष्ट