पूर्व प्रधानमंत्री वीपी सिंह की पोती अद्रीजा सिंह और उनके पति अरकेश सिंह नारायण का मामला अब प्रधानमंत्री कार्यालय पहुंच गया है. जिसके बाद गृह मंत्रालय से लेकर उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय तक हड़कंप मच गया है. अद्रीजा का आरोप है कि उत्तराखण्ड के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अभिनव कुमार और उनके जेठ कलकेश सिंह की दोस्ती की वजह से पुलिस उनकी मदद नहीं कर रही है और उनकी गुहार को नहीं सुना जा रहा है.
अद्रीजा का कहना है कि देहरादून पुलिस ने उनकी मदद नहीं की और सुरक्षा प्रदान नहीं की है. इसको लेकर उन्होंने प्रधानमंत्री कार्यालय से गुहार लगाई है कि उनकी और उनके परिवार को सुरक्षा दी जाए.
घर में नहीं घुस सकी थीं अद्रीजा
दरअसल, अद्रीजा का आरोप है कि 13 मई को वह बाहर गई थी. जब घर लौटी तो कर्मचारियों ने अरकेश नारायण के कहने पर घर में ताला लगा दिया. 40-45 मिनट बाद किसी तरह वह घर के अंदर घुस सकीं. आजतक से बातचीत में अद्रीजा ने बताया कि उन्होंने 13 मई को राजपुर थाना पुलिस को मदद करने के लिए कई बार फोन किए, लेकिन पुलिस ने उनकी बात नहीं सुनी.
अद्रीजा के मुताबिक, उन्होंने डीजीपी से भी गुहार भी लगाई थी. पुलिस अधिकारियों को अपनी परेशानी बताने के बाद भी उन्हें मदद नहीं और वह राजपुर रोड स्थित घर में नहीं जा पा रही हैं. अद्रीजा का कहना है कि राजपुर रोड स्थित घर में रहने के लिए उन्हें कोर्ट से अनुमति मिली है. उनका तलाक नहीं हुआ है इसलिए उन्हें उस घर (ससुराल) में रहने की अनुमति है.
अरकेस सिंह से हुई थी अद्रीजा की शादी
पूर्व पीएम की पोती अद्रीजा सिंह की शादी ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री आरएन सिंह देव के पोते अरकेश सिंह से 2017 में हुई थी. अरकेश सिंह ओडिशा के बालागीर से पूर्व सांसद और मंत्री अनंग उदय सिंह देव के बेटे हैं. उनका एक घर देहरादून के राजपुर क्षेत्र में है. बीते कुछ समय से अद्रीजा और अरकेश सिंह इसी मकान में रह रहे हैं.
अद्रिजा और अरकेश के बीच विवाद चल रहा है और मामला तलाक तक आ गया है. अद्रीजा सिंह की शिकायत के मुताबिक, उत्तराखण्ड के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अभिनव कुमार और उनके जेठ कलकेश सिंह की दोस्ती की वजह से पुलिस उनकी मदद नहीं कर रही है और उनकी गुहार को नहीं सुना जा रहा है.
देखें वीडियो...
ससुराल पक्ष की मदद कर रही है पुलिस: अद्रीजा
अद्रीजा का कहना है कि उत्तराखंड पुलिस पूरी तरीके से मैनेज लग रही है और ससुराल पक्ष की सहायता कर रही है. हमारी गुहार पर कोई भी पुलिस कर्मचारी यह देखने तक नहीं आया कि हुआ क्या है. अद्रीजा का कहना है कि कम से कम जांच तो करते, लेकिन ऐसा नहीं हुआ है. उन्होंने बताया कि उन्हें शरीर पर कई चोटें भी आई हैं.
अरकेश सिंह के खिलाफ केस किया गया है दर्ज: एसएसपी
देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार ने बताया कि अद्रीजा मंजरी सिंह की शिकायत के बाद राजपुर थाने में 18 तारीख को अरकेश सिंह उनके पिता आनंद उदय सिंह और उनके भाई कलीकेश सिंह सहित अन्य के खिलाफ धारा 323, 352, 504, 506 में मामला दर्ज हुआ है. इसमें आगे की कार्रवाई जांच के बाद कि जाएगी.
एसएसपी ने आगे कहा कि राजपुर थाना के एसओ को लेकर महिला (अद्रीजा) ने आरोप लगाए हैं उसकी जांच भी सीओ के द्वारा की जा रही है. वहीं, अगर सुरक्षा की बात करें तो महिला ने सुरक्षा के लिए अभी तक कोई पत्र उन्हें नहीं लिखा है. एसएसपी ने बताया कि अद्रीजा सिंह ने जो भी आरोप लगाए हैं उसके तहत मामले की जांच की जाएगी
यह भी पढ़ें... वीपी सिंह: देश का वो नायक जिसे एक फैसले ने बना दिया सवर्णों के लिए 'खलनायक'
पैसों के लिए किया जा रहा है ऐसा : अरकेश सिंह
वहीं, अद्रीजा सिंह के पति अरकेश सिंह नारायण का कहना है कि अद्रीजा यह सब पैसों के लिए कर रही हैं. पहले कह रही थीं कि बच्चा नहीं दोगे तो डोमेस्टिक वायलेंस का केस लगा दूंगी और अब इधर-उधर प्रोटेस्ट करके अनावश्यक रूप से प्रशासन के ऊपर दबाव बना रही हैं. इनके दादा ने एससी-एसटी समाज के लिए कितना कुछ किया और यह हमारे सर्वेंट को गालियां देती हैं.
अद्रीजा के मामले में कांग्रेस की एंट्री
वहीं, अद्रीजा सिंह के मामले में कांग्रेस कूद पड़ी है. कांग्रेस की प्रवक्ता गरिमा दसौनी ने कहा है कि पूर्व प्रधानमंत्री वीपी सिंह जी की पोती ने तीन बार पुलिस से गुहार लगाई. पुलिस ने अब तक मामला दर्ज नहीं किया है. गरिमा दसौनी ने आगे कहा कि सोचिए जब इतनी हाई प्रोफाइल परिवार से एक महिला की गुहार नहीं सुनी जा रही है तो उत्तराखंड की आम महिला का क्या होता होगा? मामला अब प्रधानमंत्री कार्यालय पहुंच चुका है और उत्तराखंड पुलिस बैकफुट पर है.
सीएम धामी से की अद्रीजा ने मुलाकात
सूत्रों के मुताबिक, शनिवार शाम को अद्रीजा की मुलाताक सीएम धामी से हुई. मीटिंग के बाद सीएम धामी ने एसएसपी देहरादून को जांच में तेजी लाने के सख्त आदेश दिए हैं और अद्रीजा को सुरक्षा देने के बारे में भी कहा है.
अंकित शर्मा