उत्तराखंड के देहरादून में ट्रिपल मर्डर की एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसकी वजह जानकर हर कोई हैरान है. दरअसल, मामला महज 300 रुपये के लेन-देन से शुरू हुआ था. विवाद बढ़ा तो आरोपी प्लंबर ने कथित तौर पर पेचकस से बुजुर्ग दंपति पर हमला कर दिया. बीच-बचाव करने पहुंची नौकरानी भी उसकी हिंसा का शिकार हो गई. तीनों की मौत हो गई.
यह वारदात रायपुर थाना क्षेत्र की विष्णुलोक कॉलोनी की है. पुलिस ने मामले में आरोपी राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस जांच में पता चला कि वह करीब दो साल से बुजुर्ग दंपति के घर प्लंबिंग का काम करता था.
300 रुपये के विवाद ने लिया खूनी मोड़
पुलिस ने बताया कि मंगलवार को राजकुमार बुजुर्ग दंपति के घर काम करने गया था. काम पूरा होने के बाद पैसों को लेकर उसका केएस कपूर और उनकी पत्नी रजनी कपूर से विवाद हो गया. मामला करीब 300 रुपये के लेन-देन का था.
यह भी पढ़ें: किचन नाइफ, सिरका और मिर्च पाउडर से हमला... बेंगलुरु में ट्रिपल मर्डर से पहले आरोपी ने AI से पूछे थे ये तरीके
पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई. इसके बाद विवाद बढ़ गया. आरोप है कि राजकुमार ने पेचकस उठाया और दोनों पर हमला कर दिया. हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. इसी दौरान घर से चीख-पुकार की आवाज आने लगी. शोर सुनकर पड़ोस में काम करने वाली एक नौकरानी वहां पहुंची. उसने बीच-बचाव करने की कोशिश की. आरोप है कि राजकुमार ने उस पर भी हमला कर दिया.
चीख सुनकर दौड़े पड़ोसी, आरोपी को दबोचा
घटना के दौरान आसपास के लोगों को भी कुछ गड़बड़ होने का पता चला. एक पड़ोसी ने बताया कि उसने बुजुर्ग दंपति के चिल्लाने की आवाज सुनी. वह तुरंत मौके की तरफ दौड़ा.
पड़ोसी ने बताया कि वहां एक व्यक्ति नौकरानी पर हमला कर रहा था. उसने शोर मचाया. इसके बाद कॉलोनी के कुछ और लोग भी वहां पहुंच गए. लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. पड़ोसी ने यह भी बताया कि आरोपी के हाथ में एक सोने की चेन थी. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चेन बरामद की है.
यह भी पढ़ें: ‘मैं रख लूंगा’ का भरोसा... पत्नी के सामने पति का मर्डर, पैर पकड़े, दुपट्टे से दबाया गला, ऐसे खुला राज
घटना के बाद तीनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने बुजुर्ग दंपति और नौकरानी को मृत घोषित कर दिया. इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल किया गया पेचकस बरामद किया है. मामले में फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए.
CCTV में भी दिखा आरोपी
पुलिस की जांच में CCTV फुटेज भी सामने आया है. फुटेज में आरोपी को घटना से पहले बुजुर्ग दंपति के घर की तरफ जाते हुए देखा गया है. पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है.
आरोपी राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है. अब पुलिस उससे पूछताछ कर रही है. जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि 300 रुपये के विवाद के बाद वारदात किस तरह हुई. पुलिस घटना से जुड़े दूसरे पहलुओं की भी जांच कर रही है.
अंकित शर्मा