हैदराबाद से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. महिला से बदसलूकी के मामले में हुए विवाद में एक जिम ट्रेनर ने 55 साल के शख्स के चेहरे पर मुक्का मार दिया. चोट लगने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक डीआरडीओ में निजी सहायक के पद पर काम करता था. जानकारी के मुताबिक, चिक्कड़पल्ली इलाके में एक रिहायशी इमारत में रहने वाली 23 साल की महिला से कथित बदसलूकी को लेकर विवाद हुआ था.
पुलिस के मुताबिक, घटना बुधवार शाम 7.30 बजे से 8 बजे के बीच हुई. कर्मचारी इमारत की पहली मंजिल पर रहता था. वह दूसरी मंजिल पर रहने वाली महिला के घर गया और आरोप है कि उसने वहां महिला के साथ बदसलूकी की.
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला के शोर मचाने के बाद से वह वहां से भाग गया. कुछ समय बाद महिला का पड़ोसी जिम ट्रेनर वहां पहुंचा. रोने का कारण पूछने पर उसे मामले का पता चला. इसके तुरंत बाद महिला और जिम प्रशिक्षक कर्मचारी के पास गए.
यह भी पढ़ें: मुंबई: 10 साल की बच्ची पर 2 साल की मासूम की हत्या का आरोप, छोटी उम्र में क्यों हिंसक हो जाते हैं बच्चे?
वहां उनके बीच बहस हो गई. पुलिस अधिकारी के मुताबिक, बहस के दौरान जिम प्रशिक्षक ने कथित तौर पर कर्मचारी के चेहरे पर मुक्का मार दिया, जिससे वह फर्श पर गिर गया.
पुलिस ने दो अलग-अलग केस दर्ज किए
फर्श पर गिरने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने वहींं उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद चिक्कड़पल्ली पुलिस स्टेशन में पहला केस मृतक की पत्नी की शिकायत पर दर्ज किया गया. जिम प्रशिक्षक के खिलाफ हत्या की श्रेणी में नहीं आने वाले गैर इरादतन हत्या का आरोप लगाया गया है. दूसरा केस 23 वर्षीय महिला की शिकायत के आधार पर मृत कर्मचारी के खिलाफ दर्ज किया गया है.
aajtak.in