दिवाली और छठ पूजा के मौके पर देशभर में कई स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं. इस मौके पर तमाम राज्यों से बिहार जाने वाली यात्रियों की संख्या ज्यादा होती है, क्योंकि वो छठ पर अपने घर पहुंचते हैं.
इस बार भी रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ देखी जा रही है. यात्रियों की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल ने यात्रियों की सुविधा के लिए एक बड़ा फैसला लिया है. रेलवे की ओर से अहमदाबाद और बिहार के राजगीर के बीच एक स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है. इस ट्रेन में सीटें अनारक्षित होंगी, यानी रिजर्वेशन कराने की कोई जरूरत नहीं है. सिर्फ जनरल टिकट लेकर लोग ट्रेन में सवार हो जाएं.
अहमदाबाद–राजगीर के बीच अनारक्षित स्पेशल ट्रेन
इस स्पेशल ट्रेन के चलने से उत्तर प्रदेश और बिहार की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को कन्फर्म सीट की चिंता से राहत मिलेगी और वे आसानी से अपने घर पहुंच सकेंगे.
जानिए क्या है ट्रेन का शेड्यूल और समय?
रेलवे द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार इस त्योहार स्पेशल ट्रेन की सेवाएं दोनों दिशाओं में दो-दो फेरों के लिए उपलब्ध कराई जाएंगी.
अहमदाबाद – राजगीर स्पेशल (ट्रेन संख्या 09441):
यह ट्रेन अहमदाबाद रेलवे स्टेशन से 04 नवंबर 2026 और 11 नवंबर 2026 (दोनों बुधवार) को रात 23:55 बजे राजगीर के लिए प्रस्थान करेगी.
राजगीर–अहमदाबाद स्पेशल (ट्रेन संख्या 09442):
वापसी में यह ट्रेन राजगीर रेलवे स्टेशन से 06 नवंबर 2026 और 13 नवंबर 2026 (दोनों शुक्रवार) को सुबह 09:55 बजे अहमदाबाद के लिए रवाना होगी.
मुख्य स्टेशनों पर रहेगा ठहराव
यह ट्रेन गुजरात से शुरू होकर मध्य प्रदेश, राजस्थान और उत्तर प्रदेश होते हुए बिहार तक का सफर तय करेगी. यात्रियों की सुविधा के लिए इसे रास्ते के सभी प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव दिया गया है. रास्ते में यह ट्रेन आनंद, छायापुरी, गोधरा, दाहोद, रतलाम, भवानी मंडी, रामगंज मंडी, कोटा, सवाई माधोपुर, हिण्डौन सिटी, बयाना, ईदगाह आगरा, टूंडला, सुबेदारगंज, पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा, दानापुर, पटना, पटना साहिब, बख्तियारपुर, बिहार शरीफ तथा नालंदा स्टेशनों पर रुकेगी.
रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह ट्रेन पूरी तरह से अनारक्षित होगी, यानी इसमें यात्रा करने के लिए यात्रियों को एडवांस रिजर्वेशन कराने की आवश्यकता नहीं है. यात्री स्टेशन के जनरल काउंटर से टिकट खरीदकर सीधे इस ट्रेन में यात्रा कर सकते हैं. रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से जुड़ी किसी भी अन्य विस्तृत जानकारी या समय में बदलाव के लिए वे भारतीय रेलवे की आधिकारिक पूछताछ वेबसाइट www.enquiry.indianrail.gov.in पर जाकर जांच कर सकते हैं.
आजतक बिजनेस डेस्क