कोलकाता: फ्लाई ओवर गिरने से 21 की मौत, राहत-बचाव में जुटी सेना, राज्य सरकार ने किया मुआवजे का ऐलान

मलबे में कुछ मजदूरों के दबे होने की आशंका है. राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है.

Advertisement

ब्रजेश मिश्र / मनोज्ञा लोइवाल

  • कोलकाता,
  • 31 मार्च 2016,
  • अपडेटेड 8:56 AM IST

कोलकाता में गुरुवार को निर्माणाधीन पुल गिरने से 21 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई और 80 लोग घायल हुए हैं. हादसे में करीब 150 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही थी. राहत और बचाव कार्य के लिए मौके पर एनडीआरएफ की दो टीमें, सेना के जवान और तमाम एजेंसियां जुटी हुईं हैं. राज्य सरकार ने इस हादसे में मृतकों के परिजनों के लिए 5-5 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों के लिए 2-2 लाख के मुआवजे का ऐलान किया है.

Advertisement

'सीपीएम के समय दिया गया पुल बनाने का जिम्मा'
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी मिदनापुर की रैली कैंसिल कर मौके पर पहुंची.  पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने पुल हादसे पर गहरा दुख जताते हुए पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं. विपक्ष के आरोपों पर पलटवार करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि पुल बनाने का जिम्मा सीपीएम की सरकार के समय दिया गया था. पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने कहा कि यह एक गंभीर घटना है. कानून के मुताबिक काम किया जाएगा. इस मामले पर एक्‍सपर्ट इंजीनियर्स की राय ली जाएगी.

'सब भगवान की मर्जी'
इस बीच, पुल बनाने वाली कंपनी IVRCL ने अधिकारी का चौंकाने वाला बयान सामने आया है. कंपनी के अधिकारी से जब लापरवाही की बात पूछी गई तो उन्होंने कहा कि हम 27 साल से इस काम में हैं और ऐसा कभी नहीं हुआ. सब भगवान की मर्जी है.

Advertisement

गणेश टाकीज के पास हादसा
बताया जा रहा है कि उत्तरी कोलकाता में गणेश टाकीज (गिरीश पार्क) के पास एक चल रहा था. अचानक पुल ढह गया. यह फ्लाईओवर सबसे ज्यादा भीड़ वाले बड़ा बाजार इलाके के पास बन रहा है. एनडीआरएफ की दो टीमों में 70 जवान शामिल हैं. इसके साथ ही सेना के दल भी राहत एवं बचाव के लिए घटनास्थल पर पहुंच गए हैं. सेना की एक इंजीनियरिंग टीम भी घटनास्थल पर भेजी गई है.

PM ने हादसे पर जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोलकाता में हुए हादसे में लोगों की मौत पर गहरा दुख जताया है. प्रधानमंत्री ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गृह मंत्री राजनाथ सिंह से फोन पर बात की और राहत एवं बचाव के लिए सभी जरूरी कदम उठाने को कहा. प्रधानमंत्री अभी अमेरिका के दौरे पर हैं और वर्ल्ड न्यूक्लियर समिट में हिस्सा लेने गए हैं.

डेढ़ सौ लोगों के दबे होने की आशंका
मलबे में कुछ मजदूरों के दबे होने की आशंका है. राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है.रमेश केजरीवाल नाम के चश्मदीद ने बताया है कि मलबे में कम से कम डेढ़ सौ लोग दबे हुए हैं. ये हादसा दोपहर करीब साढ़े 12 बजे हुआ है.

Advertisement

भयंकर ट्रैफिक जाम
हादसे की वजह से उत्तरी कोलकाता में भयंकर ट्रैफिक जाम हो गया है. चश्मदीदों ने बताया कि हादसे के काफी देर बाद तक प्रशासन का कोई अधिकारी वहां नहीं पहुंचा. लोगों ने यह भी कहा कि ओवरब्रिज के निर्माण में कई बार की गई लेकिन इस पर ध्यान नहीं दिया गया.

 

दो सरकारें बदलीं पर पुल नहीं बना
निर्माणाधीन फ्लाईओवर का निर्माणकार्य बीते कई सालों से चल रहा था. राज्य में दो सरकारें बदल गईं लेकिन इसका निर्माण कार्य खत्म नहीं हुआ. दिसंबर 2009 में शुरू हुए निर्माण कार्य को 18 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था लेकिन छह साल बाद कुल 25 फीसदी काम हो सका. इसका कुल बजट 164 करोड़ रुपये था. इसे विवेकानंद ब्रिज नाम दिया गया था.

ममता बनर्जी ने कैंसिल की रैली
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हादसे की वजह से मिदनापुर में चुनावी रैली कैंसिल कर दीं. वहीं चीफ सेक्रेटरी और होम सेक्रेटरी हालात पर नजर बनाए हुए हैं. इस बीच राजनीतिक पार्टियों ने राज्य सरकार को हादसे का जिम्मेदार ठहराया है. बीजेपी नेताओं ने कहा कि हादसे ने ममता सरकार में भ्रष्टाचार की पोल खोली है.

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement