त्योहारों की आहट, गैस की आफत... ईद और नवरात्रि से पहले गैस एजेंसियों पर हंगामा, लोगों के बीच कहासुनी

मिडिल ईस्ट में ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का असर अब भारत में भी दिखाई देने लगा है. कई राज्यों में गैस सिलेंडर को लेकर अफवाह और सप्लाई में कमी की खबरों के बाद गैस एजेंसियों पर लंबी कतारें लग गई हैं. होटल और उद्योग भी कमर्शियल गैस की कमी से परेशान दिखाई दे रहे हैं.

Advertisement
भारत में एलपीजी गैस सिलेंडर की आपूर्ति बाधित हुई  (Photo: PTI) भारत में एलपीजी गैस सिलेंडर की आपूर्ति बाधित हुई (Photo: PTI)

aajtak.in

  • नई दिल्ली ,
  • 10 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 9:14 PM IST

मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और ईरान, इजरायल तथा अमेरिका के बीच युद्ध का असर अब भारत के कई शहरों में देखने को मिल रहा है. घरेलू और कमर्शियल एलपीजी गैस को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है. कई जगह अफवाह फैलने के बाद गैस एजेंसियों पर भीड़ उमड़ पड़ी है. लोग पहले से ही सिलेंडर लेने के लिए कतारों में खड़े दिखाई दे रहे हैं.

Advertisement

कहीं सप्लाई में कमी की शिकायत है तो कहीं युद्ध की खबरों के कारण लोग पैनिक में गैस लेने पहुंच रहे हैं. इसके चलते कई राज्यों में गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें देखी जा रही हैं और सोशल मीडिया पर इसके वीडियो भी वायरल हो रहे हैं.

देवरिया

उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में गैस खत्म होने की अफवाह फैलते ही लोगों की भारी भीड़ गैस गोदामों पर उमड़ पड़ी. पिपरा, सुगौली और भाटपाररानी इलाके में सैकड़ों लोग सिलेंडर लेने पहुंच गए. महिलाएं, बुजुर्ग और युवा सभी घंटों लाइन में खड़े दिखाई दिए. भाटपाररानी के रमेश भारत गैस गोदाम पर लोगों की लंबी कतार लग गई. जिलापूर्ति अधिकारी संजय पांडेय ने बताया कि युद्ध की खबरों के कारण लोग घबरा गए हैं. गैस की कोई कमी नहीं है, लेकिन मांग बढ़ने के कारण यह स्थिति बनी है.

Advertisement
देश के कई शहरों में गैस सिलेंडर के लिए भीड़

बाराबंकी

बाराबंकी जिले में एलपीजी सिलेंडर को लेकर उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. लोगों को गैस एजेंसियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं. उपभोक्ताओं का आरोप है कि बुकिंग होने के बावजूद भी एजेंसियां सिलेंडर उपलब्ध नहीं करा पा रही हैं. गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारों के वीडियो भी सामने आए हैं. जिलापूर्ति अधिकारी राकेश तिवारी ने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है और इस बारे में इंडियन ऑयल कंपनी के अधिकारी ही जानकारी दे सकते हैं.

वाराणसी

वाराणसी में भी मिडिल ईस्ट में बने हालात का असर दिखाई दे रहा है. कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई पर रोक के बाद घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग अवधि 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दी गई है. इसके साथ ही केवाईसी नियमों में सख्ती की गई है. नई बुकिंग सर्वर डाउन होने की वजह से नहीं हो पा रही और पुरानी बुकिंग की डिलीवरी भी प्रभावित हो रही है. इससे गैस एजेंसी सेंटरों पर भीड़ बढ़ गई है.

चरखी दादरी

हरियाणा के चरखी दादरी शहर में गैस सिलेंडरों के दाम बढ़ने के बाद गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की भीड़ बढ़ने लगी है. इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव की खबरों के बाद लोगों को गैस की कमी की आशंका हो रही है. इसी कारण कई लोग एहतियात के तौर पर पहले ही सिलेंडर लेने एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं.

Advertisement
गैस सिलेंडर के लिए लंबी-लंबी कतारों में लगे लोग

सुपौल

बिहार के सुपौल जिले में गैस सिलेंडर की कमी की अफवाह फैलते ही लोग बड़ी संख्या में गैस एजेंसियों पर पहुंचने लगे. देखते ही देखते एजेंसी परिसर और आसपास के इलाकों में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. गैस लेने की जल्दी में कई जगह अफरातफरी जैसी स्थिति भी बन गई.

रांची

झारखंड की राजधानी रांची में भी संभावित संकट की आशंका के कारण लोग गैस एजेंसियों पर पहुंचने लगे. सुधा डेयरी धुर्वा के पास स्थित गैस एजेंसी पर लोगों को सिलेंडर के साथ लंबी कतार में घंटों इंतजार करते देखा गया. सामान्य तौर पर घरेलू गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी होती है, लेकिन इस समय लोग खुद एजेंसी पहुंच रहे हैं.

झांसी

झांसी में एलपीजी सिलेंडरों से भरा एक ट्रक चोरी होने की घटना से हड़कंप मच गया.  ट्रक में करीब 18 लाख रुपये कीमत के 524 सिलेंडर लदे हुए थे. पुलिस ने खाली ट्रक बरामद कर लिया है, लेकिन सिलेंडर अभी भी नहीं मिले हैं. पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं.

गैस सिलेंडरों की हो रही है कालाबाजारी

दार्जिलिंग

दार्जिलिंग हिल्स में मैदान के इलाकों की तुलना में गैस सिलेंडर की कीमत ज्यादा है. यहां घरेलू सिलेंडर करीब 1086 रुपये के साथ लेबर चार्ज और कमर्शियल सिलेंडर 2416 रुपये के साथ लेबर चार्ज में मिल रहा है. परिवहन लागत अधिक होने के कारण यहां के लोगों पर इसका ज्यादा असर पड़ रहा है.

Advertisement

अमेठी

अमेठी में घरेलू गैस सिलेंडर की भारी किल्लत की खबर सामने आई है. लोगों का कहना है कि सुबह से लाइन में लगने के बाद भी गैस नहीं मिल रही है. कई लोग चार दिनों से सिलेंडर लेने के लिए लाइन लगा रहे हैं. सप्लाई स्पेक्टर का कहना है कि गैस की कोई कमी नहीं है, बल्कि बुकिंग प्रक्रिया के कारण दिक्कत बढ़ी है.

पुणे

महाराष्ट्र के पुणे में कमर्शियल गैस की कमी से उद्योग और होटल व्यवसाय प्रभावित होने लगे हैं. हजारों उद्योग और सैकड़ों होटल बंद होने की कगार पर पहुंच गए हैं. होटल संचालकों का कहना है कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो हजारों कामगारों की रोजी-रोटी पर संकट आ सकता है.

उदयपुर

राजस्थान के उदयपुर में कमर्शियल गैस सिलेंडर की कमी का असर होटल, रेस्टोरेंट और कैटरिंग व्यवसाय पर पड़ रहा है. शादी और पर्यटन सीजन के कारण गैस की खपत ज्यादा है. ऐसे में डीलरों को नए ऑर्डर न लेने के निर्देश मिलने से व्यापारियों की चिंता बढ़ गई है.

लुधियाना

पंजाब के लुधियाना में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई में कमी आने से उद्योग प्रभावित हो रहे हैं. एक बिस्किट फैक्टरी मालिक ने बताया कि पिछले सप्ताह तक सप्लाई सामान्य थी, लेकिन अब एजेंसियों ने कमर्शियल गैस की सप्लाई रोक दी है.

Advertisement

पठानकोट

पठानकोट में कमर्शियल गैस सिलेंडर की कमी के कारण होटल मालिक चिंतित दिखाई दे रहे हैं. होटल मालिकों ने बैठक भी की है. गैस की कमी के कारण कई होटल संचालक लकड़ी और कोयला मंगवाने की तैयारी कर रहे हैं.

नागपुर

नागपुर में कमर्शियल गैस की सीमित सप्लाई के कारण होटल और रेस्टोरेंट व्यवसाय प्रभावित हो रहा है. होटल मालिकों का कहना है कि अगर जल्द सप्लाई सामान्य नहीं हुई तो उन्हें होटल बंद करने की स्थिति का सामना करना पड़ सकता है.

धौलपुर

राजस्थान के धौलपुर में भी होटल संचालकों ने कमर्शियल गैस सिलेंडर की कमी की शिकायत की है. उनका कहना है कि एजेंसियों के पास सिलेंडर उपलब्ध नहीं हैं. अगर गैस नहीं मिली तो होटल बंद करने की नौबत आ सकती है और कर्मचारियों की नौकरी पर भी असर पड़ेगा.

चंडीगढ़

पंजाब और चंडीगढ़ में भी एलपीजी सिलेंडर की कमी की खबरें सामने आई हैं. गैस की उपलब्धता और सप्लाई को नियंत्रित करने के लिए केंद्र सरकार ने आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के प्रावधानों का उपयोग किया है ताकि पेट्रोलियम उत्पादों और प्राकृतिक गैस की आपूर्ति को नियंत्रित किया जा सके.

जालना

महाराष्ट्र के जालना जिले में कमर्शियल गैस सिलेंडरों की भारी कमी देखने को मिल रही है. गैस की सप्लाई प्रभावित होने से होटल व्यवसायियों के सामने बड़ी समस्या खड़ी हो गई है. बढ़ते अंतरराष्ट्रीय तनाव के कारण गैस और ईंधन की सप्लाई चेन प्रभावित होने की बात कही जा रही है.

Advertisement

वहीं, वहीं, सरकारी अधिकारियों के अनुसार देश में घरेलू एलपीजी की सप्लाई सामान्य रूप से जारी है और भारतीय रिफाइनरियां रोजाना करीब 60 लाख यूनिट गैस उपलब्ध करा रही हैं. उन्होंने बताया कि कुकिंग गैस सिलेंडर की कीमत डिलीवरी की तारीख के आधार पर तय होगी. अगर बुकिंग पहले हुई है लेकिन डिलीवरी कीमत बढ़ने के बाद होती है तो उपभोक्ता को नई कीमत ही देनी होगी.

(इनपुट- ऐश्वर्या पाटिल)

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement