बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर आज से कवायद तेज हो गई है और शाम को होने वाली पार्टी की महत्वपूर्ण बैठक में इस पर अंतिम फैसला लिया जा सकता है. जनता दल (यूनाइटेड) के सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने बेटे निशांत कुमार को पार्टी की कमान सौंपने पर विचार कर रहे हैं. यदि ऐसा होता है तो ये नीतीश कुमार की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा कदम होगा.
सूत्रों ने ये भी बताया कि नीतीश कुमार आज शाम होने वाली बैठक में पार्टी के सांसदों, विधायकों और एमएलसी से अपने राज्यसभा जाने के फैसले और पार्टी के आगामी नेतृत्व को लेकर में चर्चा करेंगे.
सूत्रों का कहना है कि बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर जदयू का नेतृत्व कैसा हो और सरकार में कैसी भागीदारी हो इस पर भी चर्चा हो सकती है. बताया जा रहा है कि इस बैठक में नीतीश कुमार अपने बेटे निशांत की राजनीति में एंट्री को लेकर भी प्रस्ताव ला सकते हैं जो जेडीयू के भविष्य को नई दिशा दे सकता है.
निशांत को मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी
जेडीयू से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि बिहार में निशांत कुमार को न केवल पार्टी का नेतृत्व दिया जा सकता है, बल्कि नई सरकार के अंदर भी वही जेडीयू का चेहरा हो सकते हैं. नीतीश कुमार खुद पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं के साथ इस प्रस्ताव पर राय-मशविरा करेंगे. अगर ये प्रस्ताव पास हो जाता है तो बिहार में जेडीयू के एक युग की शुरुआत होगी.
राज्यसभा चुनाव के लिए किया नामांकन
नीतीश कुमार ने 5 मार्च को पटना में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई एनडीए नेताओं की मौजूदगी में राज्यसभा के लिए अपना नामांकन कर दिया है. बिहार की 5 राज्यसभी सीटों के लिए 16 मार्च को मतदान होना है, जिसके बाद नीतीश कुमार के बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने की संभावनाएं हैं. हालांकि, उनके इस फैसले के बाद कई जेडीयू नेताओं के नाराजगी जताने की भी जानकारी सामने आई थी.
शशि भूषण कुमार