'हरियाणा ने किया दिल्ली का पानी जहरीला', AAP के आरोप पर EC ने सैनी सरकार से मांगा जवाब

दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने दिल्ली को आपूर्ति किए जाने वाले पानी में अमोनिया बढ़ने का दावा करते हुए चुनाव आयोग को पत्र लिखा है. सूत्रों का कहना है कि दिल्ली सरकार के इस पत्र पर चुनाव आयोग ने हरियाणा से जवाब मांगा है. वहीं, अरविंद केजरीवाल ने भाजपा की हरियाणा सरकार ने यमुना के पानी को जहरीला करने का आरोप लगाया है.

Advertisement
यमुना. (फाइल फोटो) यमुना. (फाइल फोटो)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 27 जनवरी 2025,
  • अपडेटेड 5:42 PM IST

दिल्ली विधानसभा चुनाव में यमुना की सफाई का मुद्दा गरमाता जा रहा है. अब आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने हरियाणा की भाजपा सरकार पर यमुना के पानी को जहरीला करने का आरोप लगाया है. साथ ही दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने दिल्ली को आपूर्ति किए जाने वाले पानी में अमोनिया बढ़ने का दावा करते हुए चुनाव आयोग को पत्र लिखा है. सूत्रों का कहना है कि दिल्ली सरकार के इस पत्र पर चुनाव आयोग ने हरियाणा से जवाब मांगा. वहीं, केजरीवाल के बयान पर हरियाणा के सीएम ने पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि केजरीवाल को लोग अब चलता करने वाले हैं.

Advertisement

मुख्यमंत्री आतिशी ने आरोप लगाया कि हरियाणा की ओर से यमुना में अत्यधिक अमोनिया वाला पानी छोड़ा जा रहा है. इसकी वजह से दिल्ली के 3 बड़े वाटर ट्रीटमेंट प्लांट वजीराबाद, चंद्रावल और ओखला प्लांट बंद होने की कगार पर हैं. 

आतिशी ने EC से मांगा मिलने का वक्त

आतिशी ने कहा कि यमुना में अमोनिया की मात्रा बढ़ जाने की वजह से 30 फीसदी लोगों को पानी नहीं मिल पाएगा. उन्होंने इसके लिए हरियाणा सरकार और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर दोष मढ़ा है. चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश बताते हुए आतिशी ने कहा है कि उन्होंने चुनाव आयोग को चिट्ठी लिखी है और मिलने का समय भी मांगा है.

मंगलवार दोपहर तक देना होगा जवाब

सूत्रों के मुताबिक, भारतीय चुनाव आयोग (ईसीआई) ने हरियाणा सरकार को हरियाणा से दिल्ली को आपूर्ति किए जाने वाले पानी में अमोनिया के स्तर में वृद्धि के आरोपों के संबंध में मंगलवार दोपहर (28 जनवरी) तक तथ्यात्मक रिपोर्ट सौंपने का आदेश दिया है. सूत्रों ने कहा कि यमुना में अमोनिया के उच्च स्तर के कारण राष्ट्रीय राजधानी में पानी की उपलब्धता कथित तौर पर बाधित हो गई है.

Advertisement

क्या बोले केजरीवाल

अरविंद केजरीवाल ने कहा, "दिल्ली के लोगों को पीने के लिए पानी हरियाणा और उत्तर प्रदेश से मिलता है. यमुना में हरियाणा से पानी दिल्ली में आता है. भाजपा की हरियाणा सरकार ने यमुना के पानी को जहरीला कर दिया है. हालांकि, दिल्ली जल बोर्ड ने उस पानी को दिल्ली में आने से रोक दिया...भाजपा सरकार ने पानी में ऐसा जहर मिलाया है, जिसे जल उपचार संयंत्रों द्वारा भी साफ नहीं किया जा सकता है. इससे दिल्ली के एक तिहाई हिस्से में पानी की कमी हो गई है.

केजरीवाल ने दावा किया कि उन्होंने दिल्ली में अफरा-तफरी मचाने के लिए ऐसा किया है, ताकि दिल्ली के लोग मरें और इसका दोष AAP पर आए...आतिशी और भगवंत मान ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर तत्काल मिलने का वक्त मांगा है. मुझे उम्मीद है कि चुनाव आयोग इसमें हस्तक्षेप करेगा और दिल्ली के लोगों को इस त्रासदी से बचाएगा..."

नायब सैनी ने किया पलटवार

केजरीवाल के आरोपों पर पलटवार करते हुए हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा, "मैं दिल्ली के लोगों से मुलाकात की. लोगों ने बताया कि हरियाणा से 35 किमी दूरी के बाद ही लोगों दिल्ली में गंदा पानी पीने को मजबूर हैं. केजरीवाल ने यमुना को साफ करने की बात कही थी, लेकिन अब 28 नाले गंदा पानी छोड़ रहे हैं. इसकी जिम्मेदारी उन्हीं की है." सैनी ने कहा कि, "केजरीवाल को लोग अब चलता करने वाले हैं."

Advertisement

अनिल विज ने भी साधा निशाना

मुख्यमंत्री के बाद हरियाणा के मंत्री अनिल विज ने केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल झूठ बोलने की फैक्ट्री हैं... सभी पत्रकारों और विश्लेषकों को उस जगह पर ले जाएं, जहां से दिल्ली में यमुना एंट्री करती है. वहां पानी की गुणवत्ता की जांच कर लो. फिर दिल्ली में पानी की गुणवत्ता को चेक कर लो. उन्हें अंतर साफ दिखाई देगा. दिल्ली में यमुना को साफ करना केजरीवाल का काम था, जिसे वह पूरा नहीं कर सके.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »