पंजाब के फाजिल्का जिले के जलालाबाद शहर में भारी बारिश के कारण सड़कों पर जलभराव हो गया. इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक सड़क पर बने गहरे गड्ढे में गिर गए.
हादसे के बाद आसपास के दुकानदार तुरंत उनकी मदद के लिए पहुंचे. उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए तौलिये की मदद से दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. उनकी सूझबूझ और तत्परता से की गई कार्रवाई के कारण बड़ा हादसा टल गया.
पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे में यह पूरी घटना कैद हुई है. वीडियो में साफ दिख रहा है कि इलाके में भारी बारिश के कारण भीषण जलभराव हुआ है. ऐसे में दो युवक मोटरसाइकल पर वहां से गुजर रहे थे.
यह भी पढ़ें: बलिया: फुफकारते कोबरा से भिड़ गया 'टॉमी', रोंगटे खड़े कर देगी कुत्ते और सांप की यह जंग! अपनी जान देकर घरवालों को बचाया
जलभराव के कारण उन्हें समझ नहीं आया कि आगे गड्ढा है और वे गड्ढे में गिर गए. वीडियो में दिख रहा है कि दोनों युवक मदद के लिए चिल्लाते हैं. फौरन ही आसपास के दुकानदार और वहां मौजूद लोग उनकी मदद के लिए दौड़ते हैं.
एक व्यक्ति तुरंत कहीं से तौलिया लाता है और तौलिए की सहायता से खींचकर उन्हें बाहर निकाला जाता है. गड्ढे में गिरने के कारण इन युवकों को चोटें भी आई हैं. फिलहाल इस घटना का वीडियो तेजी से वारयल हो रहा है और लोग प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं.
सुरेंद्र गोयल