पंजाब के अमृतसर में सोमवार रात थाना चाटीविंड के अंतर्गत आने जाने वाले गांव चीते कलां में ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना सामने आई है. अज्ञात युवकों की ओर से की गई फायरिंग में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान तीरथ सिंह के रूप में हुई है. वह आम आदमी पार्टी के सरपंच का बेटा था.
जानकारी के मुताबिक, तीरथ सिंह की मां गांव की सरपंच हैं, जबकि उनका भाई ब्लॉक समिति का सदस्य है. तीरथ सिंह अपने दोस्त के साथ गुरुद्वारे में मत्था टेकने पहुंचे थे, जब वे वहां से बाहर निकले तो कुछ अज्ञात हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. इस फायरिंग में वे गंभीर रूप से घायल हुए थे. जब उन्हें अस्पताल ले जाया गया तो डॉक्टरों ने तीरथ सिंह को मृत घोषित किया. वहीं, उनका एक दोस्त रंजीत सिंह इस घटना में घायल हो गया. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.
इस मामले में सरपंच की शिकायत पर पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है. इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों की पहचान की है, जिनमें गुरजंट, गोरा, हरकीरत उर्फ हॉकी और गुरदित्त सिंह शामिल हैं. पुलिस इन आरोपियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें छापेमारी कर रही हैं.
अमृतसर देहात एसएसपी कवलप्रीत सिंह चहल ने स्पष्ट किया है कि शुरुआती जांच के मुताबिक, यह कोई गैंगवार नहीं, बल्कि आपसी रंजिश का मामला है.
यह भी पढ़ें: गोलियों से गूंजता पंजाब! मोगा से अमृतसर तक, एक महीने में फायरिंग की 10 वारदात
जानकारी के मुताबिक, 18 सितंबर से 26 अक्टूबर के बीच पंजाब के मोगा, अमृतसर, लुधियाना, तरनतारन और मानसा समेत अलग-अलग इलाकों में गोलीबारी की 11 घटनाएं सामने आई हैं. इनमें आम नागरिकों के साथ पुलिसकर्मी और नशे के खिलाफ अभियान चलाने वाले कार्यकर्ता भी निशाना बने.
पिछले एक महीने में सामने आए इन मामलों में आम नागरिकों, पुलिसकर्मियों और नशे के खिलाफ अभियान चलाने वाले कार्यकर्ता की मौत हुई है. कई घटनाओं में हमलावर बाइक या SUV से आए, जबकि कुछ मामलों में विवाद के बाद गोलीबारी की बात सामने आई. तरनतारन की एक घटना में पुलिस ने गैंगों के बीच दुश्मनी के शक की बात कही है.
कमलजीत संधू