पत्नी ने मायके फोन किया, 20-25 लोग पहुंचे और बरसा दी गोलियां... पति समेत 4 लोग घायल

मोगा जिले में पति-पत्नी के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. आरोप है कि पत्नी के फोन करने के बाद उसके मायके पक्ष के 20-25 लोग ससुराल पहुंचे और मारपीट के बाद फायरिंग कर दी. गोलीबारी में महिला के पति, पति के पिता, बहन और भाभी घायल हो गए. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है.

Advertisement
घायलों का इलाज जारी है.(Photo: Screengrab) घायलों का इलाज जारी है.(Photo: Screengrab)

aajtak.in

  • मोगा,
  • 21 जून 2026,
  • अपडेटेड 10:39 PM IST

पंजाब के मोगा जिले के गांव कमालके मंड में पति-पत्नी के बीच हुए झगड़े के बाद कथित तौर पर पत्नी के मायके पक्ष के लोग बड़ी संख्या में ससुराल पहुंच गए. आरोप है कि मारपीट के बाद उन्होंने गोलीबारी कर दी, जिसमें परिवार के चार सदस्य घायल हो गए. घटना के बाद धर्मकोट क्षेत्र में हड़कंप मच गया.

जानकारी के मुताबिक, रविवार दोपहर पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. इसके बाद पत्नी ने अपने मायके फोन कर परिजनों को बुला लिया. कुछ ही देर में दो-तीन गाड़ियों में सवार होकर करीब 20 से 25 लोग ससुराल पहुंच गए. आरोप है कि आते ही उन्होंने परिवार के लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी.

Advertisement

यह भी पढ़ें: लड़की की मदद करने पर हुआ था कत्ल... मोगा सरपंच हत्याकांड में खुलासा, जम्मू-कश्मीर से 4 आरोपी पकड़े गए

परिवार का आरोप है कि हमलावरों में शामिल कुछ लोगों ने 5 से 6 राउंड फायरिंग भी की. गोलीबारी में पति सोना सिंह, उसके पिता, भाभी और बहन घायल हो गए. शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो हमलावर वहां से फरार हो गए.

घायल पति को गंभीर हालत में फरीदकोट रेफर किया गया

घटना के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए मोगा के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया. डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल सोना सिंह को बेहतर इलाज के लिए फरीदकोट मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया. अन्य घायलों का इलाज जारी है.

घायल सोना सिंह ने आरोप लगाया कि पत्नी से विवाद के बाद उसने अपने मायके फोन किया था. इसके बाद उसका भाई और अन्य लोग हथियारों के साथ पहुंचे. पहले पूरे परिवार के साथ मारपीट की गई और फिर फायरिंग शुरू कर दी गई. उसने बताया कि गोली उसे लगी, जबकि उसके पिता, बहन और भाभी छर्रे लगने से घायल हो गए.

Advertisement

सोना सिंह की बहन निर्मल कौर ने बताया कि वह चार महीने की गर्भवती है और मायके आई हुई थी. उसने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उसके साथ भी मारपीट की और पेट पर लातें मारीं. साथ ही गोलीबारी भी की गई, जिससे परिवार के कई सदस्य घायल हो गए.

पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपियों की तलाश जारी

घटना की सूचना मिलते ही धर्मकोट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और आरोपियों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है.

थाना धर्मकोट के एसएचओ लक्ष्मण सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस सभी पक्षों के बयान दर्ज कर रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल फरार आरोपियों की तलाश जारी है और पूरे मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है.

---- समाप्त ----
Input: तनमय समांता.

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »