पंजाब के फिरोजपुर जिले से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां पंजाब पुलिस के एक सहायक उप-निरीक्षक (ASI) ने कथित तौर पर मानसिक प्रताड़ना और लगातार ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर फिरोजपुर फीडर नहर में छलांग लगा दी. घटना से पहले उन्होंने एक वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसमें कई लोगों पर गंभीर आरोप लगाए.
घटना हलका जीरा के कस्बा माखू की बताई जा रही है. एएसआई गुरदयाल सिंह का आरोप था कि उनकी पत्नी द्वारा चुनाव लड़ने के बाद कुछ लोग उन्हें लगातार निशाना बना रहे थे. उनके मुताबिक उन्हें बदनाम करने की कोशिश की जा रही थी और मानसिक रूप से इतना प्रताड़ित किया गया कि वह यह कदम उठाने के लिए मजबूर हो गए.
यह भी पढ़ें: फिरोजपुर में काला गाबा की हत्या, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी, सोशल मीडिया डाली पोस्ट
फिलहाल एएसआई का कोई सुराग नहीं मिला है. पुलिस और गोताखोरों की टीमें फिरोजपुर फीडर नहर में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं. पूरे इलाके में घटना को लेकर चिंता का माहौल है.
छलांग से पहले वीडियो में लगाए गंभीर आरोप
नहर में छलांग लगाने से पहले एएसआई गुरदयाल सिंह ने एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसे सोशल मीडिया पर भी साझा किया गया. वीडियो में उन्होंने अलग-अलग लोगों के नाम लेते हुए कई गंभीर आरोप लगाए.
एएसआई ने दावा किया कि उनकी तस्वीरों का दुरुपयोग कर आपत्तिजनक वीडियो तैयार किए गए और उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल कर उनकी छवि खराब करने की कोशिश की गई. उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार उन्हें बदनाम किया जा रहा था.
वीडियो में उन्होंने यह भी कहा कि उनसे लाखों रुपये की मांग की जा रही थी. उनके मुताबिक लंबे समय से चल रही कथित ब्लैकमेलिंग, बदनामी और मानसिक दबाव ने उन्हें इस हद तक पहुंचा दिया कि उन्होंने यह कठोर कदम उठाने का फैसला किया.
गुरुवार सुबह नहर में लगाई छलांग, तलाश जारी
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह एएसआई गुरदयाल सिंह फिरोजपुर फीडर नहर पहुंचे और वहां कथित तौर पर छलांग लगा दी. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंच गया.
अब तक एएसआई का कोई पता नहीं चल सका है. नहर में पुलिस और गोताखोरों की टीम लगातार तलाश अभियान चला रही है. अधिकारियों का कहना है कि सर्च ऑपरेशन जारी है और हर संभावित स्थान पर खोज की जा रही है.
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई है. मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं.
पत्नी की शिकायत पर 7 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
एसपी (डी) मनजीत सिंह ने बताया कि एएसआई गुरदयाल सिंह की पत्नी के बयानों के आधार पर पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है.
पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है. वीडियो में लगाए गए आरोपों की भी सत्यता की जांच होगी और सभी संबंधित लोगों से पूछताछ की जाएगी.
अधिकारियों के मुताबिक जांच पूरी होने के बाद साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता लापता एएसआई का पता लगाना और पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच करना है.
नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)
अक्षय कुमार