पंजाब के गुरदासपुर जिले के बटाला से एक रिश्ते को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक महिला पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर महज 40 हजार रुपये में अपने ही पति की हत्या करवाने का आरोप लगा है. करीब दो महीने तक पुलिस के लिए यह मामला ब्लाइंड मर्डर बना रहा, लेकिन तकनीकी जांच और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने का दावा किया है.
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में मृतक की पत्नी, उसके प्रेमी और हत्या की साजिश में शामिल तीन अन्य आरोपियों समेत कुल पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई कार और हथियार भी बरामद कर लिए हैं.
यह भी पढ़ें: 4 मौतों से दहला गुरदासपुर, चाची-भाई और दोस्त की हत्या के बाद युवक ने खुद को मारी गोली
इस सनसनीखेज खुलासे के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है. जिस मौत को पहले सड़क हादसा माना जा रहा था, वह अब एक सुनियोजित हत्या का मामला निकला.
कार में मिली लाश से खुला हत्या का राज
डीएसपी फतेहगढ़ चूड़ियां ललित कुमार ने बताया कि 13 मई को हाईवे पर एक कार के अंदर पिंका नाम के व्यक्ति का शव मिला था. शुरुआती तौर पर मामला सड़क दुर्घटना का लग रहा था, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने पुलिस के संदेह को बढ़ा दिया.
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सामने आए तथ्यों के बाद पुलिस ने हत्या के एंगल से जांच शुरू की. इसके बाद तकनीकी जांच, मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को खंगाला गया.
जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को कई अहम सुराग मिले, जिन्होंने पूरे मामले का रुख बदल दिया. पुलिस को शक हुआ कि हत्या की साजिश मृतक के बेहद करीबी लोगों ने ही रची है.
पत्नी और प्रेमी पर हत्या की साजिश रचने का आरोप
डीएसपी ललित कुमार ने बताया कि जांच के दौरान सामने आया कि मृतक की पत्नी रेखा के एक अन्य व्यक्ति से प्रेम संबंध थे. पुलिस का आरोप है कि महिला ने अपने प्रेमी और तीन अन्य युवकों के साथ मिलकर अपने पति की हत्या की साजिश रची.
पुलिस के अनुसार, आरोपियों को 40 हजार रुपये का लालच देकर हत्या को अंजाम दिलाया गया. तकनीकी जांच और पूछताछ के दौरान मिले सबूतों के आधार पर पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
अधिकारियों का कहना है कि मामले में जुटाए गए डिजिटल और भौतिक साक्ष्यों ने पूरी साजिश का खुलासा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
पांच आरोपी गिरफ्तार, हथियार और कार बरामद
पुलिस ने इस मामले में पत्नी, उसके कथित प्रेमी और तीन अन्य आरोपियों सहित कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. साथ ही हत्या में इस्तेमाल की गई कार और हथियार भी बरामद कर लिए गए हैं.
पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है. यह भी पता लगाया जा रहा है कि हत्या की योजना कब और कैसे बनाई गई थी.
फिलहाल बटाला पुलिस इस पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है. दो महीने तक ब्लाइंड मर्डर बने रहे इस केस का खुलासा होने के बाद पुलिस इसे अपनी बड़ी सफलता मान रही है.
बिशंबर बिट्टू