अमृतसर में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मैड संधू की गोली मारकर हत्या कर दी गई. लोहारका रोड इलाके में मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. गोल्डी ढिल्लों और जग्गा तरनतारन ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए हत्या की जिम्मेदारी ली है. वहीं, पंजाब पुलिस के सूत्रों के मुताबिक गोल्डी ढिल्लों फिलहाल फरार है और उसके ब्रिटेन में छिपे होने की जानकारी है.
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी एडीसीपी वेनिला ने बताया कि घटना शाम करीब 6 बजे लोहारका रोड पर हुई. उन्होंने कहा कि मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए दो अज्ञात हमलावरों ने मैड संधू पर अचानक गोलियां चला दीं और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए.
गोली लगने के बाद मैड संधू को गंभीर हालत में तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस की कई टीमें मामले की जांच में जुटी हैं. पुलिस को आरोपियों से जुड़े कुछ अहम सुराग मिले हैं. पुलिस जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार करने की बात कह रही है.
कांग्रेस नेता डॉ. राजकुमार वेरका ने सरकार को घेरा
इस घटना के बाद राज्य की राजनीति भी गरमा गई है. वरिष्ठ कांग्रेसी नेता डॉ. राजकुमार वेरका ने घटना पर रोष जताते हुए आम आदमी पार्टी की सरकार पर हमला बोला है. डॉ. वेरका ने कहा कि अमृतसर में दिनदहाड़े खुलेआम गोलियां चल रही हैं और लोग अपनी जान गंवा रहे हैं. उन्होंने कहा कि पंजाब में डर और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है.
कानून व्यवस्था खराब
सरकार पर हमला बोलते हुए वेरका ने आरोप लगाया कि पंजाब में कानून-व्यवस्था का जनाजा निकल चुका है. उन्होंने कहा कि एक तरफ युवा नशे से मर रहे हैं और दूसरी तरफ सरेआम कत्ल हो रहे हैं, लेकिन सरकार बड़े-बड़े विज्ञापनों और होर्डिंग्स के जरिए सब कुछ ठीक होने का झूठा दावा कर रही है.
वेरका ने कहा कि आज पंजाब की जनता भयभीत है. उन्होंने भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल से राज्य की स्थिति की जिम्मेदारी लेते हुए पंजाब की जनता से माफी मांगने की बात कही. फिलहाल पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके.
स्पेन में पकड़ा गया था दूसरा गोल्डी ढिल्लों
पंजाब पुलिस सूत्रों के मुताबिक, स्पेन में एक गोल्डी ढिल्लों को पकड़ा गया था. हालांकि, जब पंजाब पुलिस ने उसकी तस्वीर मैड्रिड पुलिस को भेजी तो पता चला कि पकड़ा गया व्यक्ति वह गैंगस्टर नहीं था, जिसकी पुलिस को तलाश थी. इसके बाद असली गोल्डी ढिल्लों फरार है. गोल्डी ढिल्लों का पूरा नाम गुरप्रीत सिंह उर्फ गोल्डी ढिल्लों बताया जाता है. वह गोल्डी बराड़ का करीबी बताया जाता है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, वह कई महीनों तक जर्मनी में रहा था और अब उसके ब्रिटेन में छिपे होने की जानकारी है.
पंजाब, चंडीगढ़ और कनाडा में कारोबारियों को निशाना बनाने का आरोप
गोल्डी ढिल्लों पर पंजाब, चंडीगढ़ और कनाडा में कारोबारियों को निशाना बनाकर रंगदारी के नेटवर्क चलाने का आरोप है. उस पर हत्या, गोलीबारी और हथियारों व नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़े मामलों में भी शामिल होने का आरोप है. पुलिस के मुताबिक, जून 2026 में चंडीगढ़ के सेक्टर-11 में केमिस्ट की दुकान के कैशियर जांकी दास की दिनदहाड़े हत्या के मामले में भी गोल्डी ढिल्लों मुख्य आरोपियों में शामिल है. पुलिस का आरोप है कि उसने विदेश से हिट स्क्वॉड के जरिए इस हत्या की साजिश को अंजाम दिया था.
इसके अलावा, चंडीगढ़ के सेक्टर-5 में 2024 में हुई फायरिंग के मामले में भी उसका नाम सामने आया था. NIA की चार्जशीट में गोल्डी ढिल्लों का नाम गोल्डी बराड़ के साथ शामिल है. गोल्डी ढिल्लों के खिलाफ NIA ने रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया है. उसकी गिरफ्तारी के लिए 10 लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया गया है.
कमलजीत संधू