'जिन्हें लगता है कांग्रेस में सब ठीक, वे मुझे वोट न दें', अध्यक्ष चुनाव को लेकर थरूर का बड़ा बयान

कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव को लेकर मतदान की तिथि जैसे-जैसे करीब आती जा रही है, वैसे-वैसे नेताओं के बीच तल्खी भी बढ़ती नजर आ रही है. कांग्रेस अध्यक्ष पद के उम्मीदवार शशि थरूर ने अब चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कुछ नेताओं पर पक्षपात के भी आरोप लगाए हैं.

Advertisement
शशि थरूर (फाइल फोटोः आजतक) शशि थरूर (फाइल फोटोः आजतक)

मौसमी सिंह

  • नई दिल्ली,
  • 13 अक्टूबर 2022,
  • अपडेटेड 5:10 PM IST

देश के सबसे पुराने सियासी दल कांग्रेस का अगला अध्यक्ष कौन होगा, इसे लेकर फैसले की घड़ी अब काफी करीब आ गई है. कांग्रेस का नया अध्यक्ष चुनने के लिए 17 अक्टूबर को मतदान होना है और नतीजे 19 अक्टूबर को मतगणना के बाद आएंगे. कांग्रेस अध्यक्ष के लिए चुनाव की तिथि जैसे-जैसे करीब आ रही है, अध्यक्ष पद के दोनों उम्मीदवार शशि थरूर और मल्लिकार्जुन खड़गे डेलिगेट्स को अपने-अपने पाले में करने की पुरजोर कोशिश कर रहे हैं.

Advertisement

शशि थरूर ने कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा है कि जो लोग बदलाव चाहते हैं वे मुझे जिताएं. शशि थरूर ने ये भी कहा कि  जिन्हें लगता है कि पार्टी में सबकुछ ठीक है, वे मुझे वोट ना दें. उन्होंने ये भी कहा कि जो वोटर 2014 और 2019 के चुनाव में दूर गए थे वे आएं. कांग्रेस पार्टी में बदलाव लाना चाहता हूं.

शशि थरूर ने आजतक से बात करते हुए कहा कि बड़े-बड़े नेता उस तरफ नजर आ रहे हैं लेकिन कार्यकर्ता मेरे साथ हैं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव के नतीजे चौंकाने वाले हो सकते हैं. शशि थरूर ने नेहरू-गांधी परिवार की चाहत से लेकर मल्लिकार्जुन खड़गे के मोहर्रम पर नाचने वाले बयान तक, हर मसले पर बेबाकी से अपनी राय रखी.

कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव में अपने प्रतिद्वंदी मल्लिकार्जुन खड़गे के मोहर्रम पर नाचने वाले बयान को लेकर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए शशि थरूर ने कहा कि मोहर्रम में मातम मनाया जाता है. उन्होंने ये भी कहा कि राहुल गांधी और गांधी परिवार की चाहत के विपरीत कुछ नेता पक्षपात कर रहे हैं. शशि थरूर ने राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की तारीफ की.

Advertisement

उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद यादव ने सही कहा कि जितने भी क्षेत्रीय क्षत्रप हैं, उनकी अहम भूमिका होगी लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस ही लीड रोल में होगी. शशि थरूर ने राहुल गांधी की प्रधानमंत्री पद के लिए उम्मीदवारी पर भी अपनी राय रखी. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री पद के लिए उम्मीदवार का निर्णय सहयोगी दलों से चर्चा करके ही लिया जाना चाहिए.

पैराशूट से नहीं आया, 2019 में भी जीता चुनाव

कांग्रेस अध्यक्ष पद के उम्मीदवार शशि थरूर ने कहा कि पैराशूट से नहीं आया हूं. राज्यसभा और लोकसभा के चुनाव में तीन बार जीत हासिल की है. उन्होंने तंज करते हुए कहा कि साल 2019  के चुनाव में भी जीता जबकि मल्लिकार्जुन खड़गे चुनाव हार गए थे. शशि थरूर ने कांग्रेस अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद पार्टी को पुनर्गठित करने की अपनी योजना पर भी बात की.

गौरतलब है कि शशि थरूर कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव में दिग्गज नेता मल्लिकार्जुन खड़गे को कड़ी टक्कर देते नजर आ रहे हैं. शशि थरूर अलग-अलग राज्यों के दौरे कर डेलिगेट्स से मुलाकात कर रहे हैं. शशि थरूर ने कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव को लेकर पिछले दिनों मेनिफेस्टो भी जारी किया था. शशि थरूर की ओर से लगातार किए जा रहे ऐलान के बाद मल्लिकार्जुन खड़गे भी एक्टिव मोड में आए और राज्यों के दौरे कर डेलिगेट्स से मुलाकात की साथ ही अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद 50 साल से कम उम्र के नेताओं को संगठन में 50 फीसदी पद देने का वादा किया.

Advertisement

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »