आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में कोरोना वायरस का पहला मामला सामने आया है. 33 वर्षीय एक युवक की प्राइवेट लैब और किंग जॉर्ज हॉस्पिटल (KGH) की जांच में COVID-19 की पुष्टि हुई है. मरीज फिलहाल होम आइसोलेशन में है और डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है.
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, युवक हाल ही में हैदराबाद से विशाखापत्तनम लौटा था. घर लौटने के कुछ दिन बाद उसे सर्दी, खांसी, बुखार और शरीर में दर्द की शिकायत हुई. इसके बाद एक प्राइवेट लैब और सरकारी अस्पताल में जांच कराई गई, जिसमें उसकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई.
बताया जा रहा है कि संक्रमित युवक कलेक्टर कार्यालय के पास स्थित एक सरकारी कॉलोनी में रहता है. स्वास्थ्य विभाग ने मरीज को घर में ही आइसोलेट रहने की सलाह दी है और उसके संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है.
बता दें कि इससे पहले आंध्र प्रदेश के कडप्पा जिले में कोरोना से दो लोगों की मौत की खबरें सामने आने के बाद राज्य का स्वास्थ्य विभाग पहले से ही सतर्क है. अब विशाखापत्तनम में पहला मामला मिलने के बाद निगरानी और संपर्क में आए लोगों की जांच पर भी जोर दिया जा रहा है.
हालांकि स्वास्थ्य अधिकारियों ने लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने की अपील की है. बुखार, खांसी, गले में खराश या सांस लेने में तकलीफ होने पर तुरंत जांच कराने और डॉक्टर से संपर्क करने की सलाह दी गई है. साफ-सफाई, नियमित हाथ धोना और जरूरत पड़ने पर मास्क पहनना संक्रमण से बचाव के लिए जरूरी बताया गया है.
अपूर्वा जयचंद्रन