समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता राजकुमार भाटी के कथित धर्म परिवर्तन की खबरें सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं. एक वीडियो वायरल होने के बाद दावा किया गया कि उन्होंने हिंदू धर्म छोड़कर बौद्ध धर्म अपना लिया है. अब राजकुमार भाटी ने इन दावों को अफवाह बताते हुए सफाई दी है. उन्होंने कहा कि वह हिंदू धर्म में पैदा हुए थे और आज भी हिंदू हैं. बौद्ध धर्म के प्रति उनके मन में सम्मान है, लेकिन धर्म बदलने का न तो कोई इरादा है और न ही वह इसकी जरूरत समझते हैं.
राजकुमार भाटी ने सोशल मीडिया पर बताया कि वह 20 अक्टूबर को दिल्ली के रानी झांसी रोड स्थित अंबेडकर भवन में भारतीय बौद्ध सभा के एक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए थे. यह कार्यक्रम 'विशाल धम्म दीक्षा समारोह' था. यहां डॉ. भीमराव आंबेडकर की 22 प्रतिज्ञाएं दोहराई गईं. भाटी भी मंच पर मौजूद थे और शपथ लेते दिखाई दिए.
यह भी पढ़ें: राजकुमार भाटी को हिदायत... चुनाव से पहले यूपी में कोई रिस्क लेने के मूड में नहीं अखिलेश!
इन प्रतिज्ञाओं में ब्रह्मा, विष्णु, महेश, राम और कृष्ण को भगवान न मानने और उनकी पूजा नहीं करने की बात शामिल है. साथ ही हिंदू देवी-देवताओं को नहीं मानने और बुद्ध को विष्णु का अवतार नहीं मानने की प्रतिज्ञा भी है. ये प्रतिज्ञाएं 14 अक्टूबर 1956 को डॉ. आंबेडकर की बौद्ध धर्म दीक्षा से जुड़ी हैं, जब उन्होंने अपने लाखों समर्थकों को ये शपथ दिलाई थी.
बीजेपी के रोहन गुप्ता ने भी राजकुमार भाटी को घेरा
बीजेपी नेता रोहन गुप्ता ने राजकुमार भाटी को घेरते हुए कहा, "चुनाव आते ही हिंदू होने का दिखावा करने वाली सपा की असलियत अब सबके सामने है! सपा नेता भगवान विष्णु, महेश, श्रीराम और श्रीकृष्ण को भगवान मानने से इनकार कर रहे हैं. अखिलेश यादव जी बताएं, क्या यही है सपा की असली सोच? चुनाव के समय हिंदू बनने का नाटक और बाकी समय हिंदू आस्था का अपमान आखिर कब तक चलेगा यह दोहरा चरित्र?"
राजकुमार भाटी ने क्या कहा?
राजकुमार भाटी ने कहा कि एक राजनीतिक कार्यकर्ता होने के नाते वह सभी धर्मों, जातियों और समुदायों के कार्यक्रमों में शामिल होते हैं. वह गुरुद्वारे जाते हैं, मुस्लिम समुदाय के कार्यक्रमों में हिस्सा लेते हैं और यज्ञ-हवन और पूजा-पाठ में भी शामिल होते हैं.
यह भी पढ़ें: ब्राह्मण समाज के खिलाफ कथित हेट स्पीच, सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी के खिलाफ FIR की मांग, मुंबई पुलिस कमिश्नर को शिकायत
सपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम के बाद बीजेपी के आईटी सेल ने उनके धर्म परिवर्तन को लेकर अफवाह फैलाई. राजकुमार भाटी ने कहा कि वह महात्मा बुद्ध की शिक्षाओं से प्रभावित हैं और उनका सम्मान करते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी धर्म को मानते हुए मानवता की सेवा की जा सकती है.
बीजेपी पर साधा निशाना
राजकुमार भाटी ने कहा कि वह ऊंच-नीच, छुआछूत, भेदभाव और पाखंड के खिलाफ बोलते रहे हैं. आगे भी बोलते रहेंगे. उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे दुष्प्रचार में नहीं आने की अपील की. इस बीच, वीडियो के आधार पर कुछ बौद्ध धर्म अनुयायियों ने सोशल मीडिया पर उनका स्वागत भी किया था.
कुमार अभिषेक