कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी एक बार फिर विदेश दौरे पर जाने वाले हैं. सूत्रों के मुताबिक, वह 16 से 19 नवंबर तक अमेरिका के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वह अमेरिका की दो बड़ी यूनिवर्सिटीज में छात्रों से बातचीत कर सकते हैं. उनके इस दौरे को लेकर एक बार फिर राजनीतिक चर्चा शुरू होने की संभावना है.
सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी 17 नवंबर को न्यूयॉर्क की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में छात्रों को संबोधित कर सकते हैं. इसके अगले दिन 18 नवंबर को वह यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो में छात्रों से बातचीत कर सकते हैं. इसके बाद 19 नवंबर को उनके भारत लौटने की उम्मीद है.
राहुल गांधी का यह दौरा उनके वियतनाम और थाईलैंड के हालिया दौरे के कुछ हफ्तों बाद हो रहा है. उस दौरे को लेकर कांग्रेस और बीजेपी के बीच राजनीतिक बयानबाजी हुई थी. वियतनाम दौरे के दौरान कांग्रेस और INDIA ब्लॉक की दूसरी पार्टियां वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) में कथित गड़बड़ी को लेकर प्रदर्शन कर रही थीं. बीजेपी ने राहुल गांधी पर राजनीतिक आंदोलन छोड़कर विदेश जाने का आरोप लगाया था और उनके दौरे के समय पर सवाल उठाए थे.
शेयर किया था वीडियो
बीजेपी ने एक वीडियो भी शेयर किया था, जिसमें राहुल गांधी को बिजनेस क्लास में यात्रा करते हुए दिखाया गया था. पार्टी ने तंज कसते हुए कहा था कि वह "झूठ फैलाने" के बाद ब्रेक पर चले गए हैं. बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने भी राहुल गांधी के लगातार विदेश दौरों पर सवाल उठाए थे. उन्होंने पूछा था कि राहुल गांधी इन दौरों में किन लोगों से मिलते हैं. उन्होंने अमेरिकी सांसद इल्हान उमर और रो खन्ना से राहुल गांधी की मुलाकात को लेकर भी सवाल उठाए थे.
पहले भी अमेरिका दौरे पर हुआ था विवाद
राहुल गांधी का प्रस्तावित अमेरिका दौरा उनके पिछले अमेरिकी दौरों को लेकर हुए विवादों की वजह से भी अहम माना जा रहा है. मई 2023 में अमेरिका दौरे के दौरान राहुल गांधी ने बीजेपी सरकार पर जांच एजेंसियों के कथित गलत इस्तेमाल और संस्थानों की स्वतंत्रता पर रोक लगाने का आरोप लगाया था. कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी, बर्कले में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा था. उनके बयान पर बीजेपी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी थी और उन पर विदेश में भारत की छवि खराब करने का आरोप लगाया था.
सितंबर 2024 के अमेरिका दौरे के दौरान भी राहुल गांधी ने भारत के राजनीतिक माहौल और लोकतांत्रिक संस्थानों की स्थिति पर बात की थी. इस दौरान सिखों के पगड़ी पहनने और गुरुद्वारों में जाने को लेकर दिए गए उनके बयान पर विवाद हुआ था. बीजेपी ने उन पर भारत की स्थिति को गलत तरीके से पेश करने का आरोप लगाया था. अप्रैल 2025 में अमेरिका दौरे के दौरान राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर भी निशाना साधा था. बोस्टन में एक कार्यक्रम में उन्होंने चुनाव आयोग को "compromised" बताया था. इसके जवाब में बीजेपी ने उन पर विदेश की धरती पर भारत की लोकतांत्रिक छवि खराब करने का आरोप लगाया था.
राहुल गौतम