दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन जारी है. शनिवार दोपहर 3:30 बजे कॉकरोच और सरकार के प्रतिनिधिमंडल मुलाक़ात करने वाले हैं. इस बीच 10 जनपथ से कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने छात्रों के आंदोलन को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि छात्रों की तीन मांगें हैं और ये मांगें किसी भी सूरत में नहीं टाली जा सकतीं.
पहली मांग शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने की है. दूसरी मांग है कि छात्रों पर लाठीचार्ज करने वालों को सजा मिले. तीसरी मांग है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छात्रों से माफी मांगें.
राहुल गांधी ने कहा कि यह मांगें उन्होंने खुद नहीं बनाई हैं, बल्कि देश भर के छात्र यह मांग कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि खबर मिल रही है कि सरकार धर्मेंद्र प्रधान को शिक्षा मंत्रालय से हटाकर किसी दूसरे मंत्रालय में भेजने पर विचार कर रही है.
राहुल गांधी ने इसे पूरी तरह गलत बताया और कहा कि यह किसी को भी मंजूर नहीं होगा. उनके मुताबिक धर्मेंद्र प्रधान भ्रष्टाचार और नाकामी का चेहरा बन चुके हैं, जिसने छात्रों के भविष्य को नुकसान पहुंचाया है. इसलिए उन्हें मंत्रालय बदलने की बजाय पूरी तरह पद से हटाया जाना चाहिए.
यह भी पढ़ें: CJP Jantar Mantar Protest: सड़क पर लोहे की शीट्स और ठोंकी गईं कीलें, दिल्ली पुलिस की जंतर-मंतर पर अभेद्य किलाबंदी
राहुल गांधी ने एक घायल छात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि उसे गंभीर चोट लगी है. उन्होंने यह भी बताया कि एक दिन पहले वह एक ऐसे छात्र से मिले थे, जिसकी आंख में छर्रा लगा है और हो सकता है कि वह आगे कभी देख न पाए.
उन्होंने कहा कि हजारों छात्रों को लाठियों से पीटा गया, कई के सिर फूटे और शरीर में छर्रे लगे. उनका कहना है कि जिन लोगों ने यह कार्रवाई की और जिन्होंने इसे आयोजित किया, उन सभी को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए और सजा दी जानी चाहिए.
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि मोदी वीडियो बनाकर सुझावों की बात कर रहे हैं, जबकि छात्रों की मांग सुझावों की नहीं बल्कि सीधे कार्रवाई की है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को यह मानना चाहिए कि छात्रों को पीटा गया, मारा गया और उनका अपमान किया गया, और इसके लिए उन्हें माफी मांगनी चाहिए.
aajtak.in