Advertisement

Parliament Budget Session 2026 Live: राज्यसभा से पारित हुए CAPF रेगुलेशन बिल, वोटिंग से पहले विपक्ष का वॉकआउट

aajtak.in | नई दिल्ली | 01 अप्रैल 2026, 3:37 PM IST

Budget Session Live Updates: संसद का चालू बजट सत्र अब अपने अंतिम पड़ाव की ओर है. बजट सत्र के दूसरे हाफ में आज लोकसभा में जोरदार हंगामा देखने को मिला. ताजा अपडेट्स के लिए पेज को रिफ्रेश करते रहें...

Parliament Proceedings Live Updates

संसद के चालू बजट सत्र का दूसरा हाफ चल रहा है. दूसरे हाफ के अंतिम पड़ाव पर विपक्ष ने एफसीआरए के मुद्दे पर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. विपक्ष के जोरदार हंगामे के कारण बुधवार को लोकसभा में प्रश्नकाल की कार्यवाही नहीं चल सकी. प्रश्नकाल शुरू होते ही विपक्षी सदस्यों ने जोरदार हंगामा शुरू कर दिया. विपक्षी सदस्य एफसीआरए वापस लेने की मांग करते हुए नारेबाजी कर रहे थे.

हंगामे के कारण स्पीकर ओम बिरला ने सदन की कार्यवाही 12 बजे तक के लिए स्थगित करने की घोषणा कर दी. लोकसभा की कार्यवाही जब दोबारा शुरू हुई, गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने आंध्र प्रदेश पुनर्गठन (संशोधन) बिल सदन में पेश किया. इस बिल पर दो घंटे चर्चा हुई. इस चर्चा का जवाब गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने दिया. वहीं, राज्यसभा में सीएपीएफ रेगुलेशन बिल पर चर्चा जारी है.

3:37 PM (43 मिनट पहले)

राज्यसभा में बैंकरप्सी बिल पेश, राजीव शुक्ला ने की है चर्चा की शुरुआत

Posted by :- Bikesh Tiwari

राज्यसभा से सीएपीएफ बिल पारित होने के बाद अब बैंकरप्सी बिल पेश हो गया है. केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने यह बिल पेश किया. इस बिल पर चर्चा के लिए आठ घंटे का समय तय किया गया है. इस बिल पर चर्चा की शुरुआत हो गई है. कांग्रेस के राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला ने इस बिल पर चर्चा की शुरुआत की है.

3:33 PM (47 मिनट पहले)

सीएपीएफ रेगुलेशन बिल राज्यसभा से पारित 

Posted by :- Bikesh Tiwari

सीएपीएफ रेगुलेशन बिल राज्यसभा से पारित हो गया है. इस बिल पर वोटिंग के दौरान विपक्षी दलों के सदस्यों ने सदन की कार्यवाही से वॉकआउट कर दिया. केवल सत्तापक्ष के सदस्यों की मौजूदगी में चेयर से डिप्टी चेयरमैन हरिवंश ने इस बिल पर ध्वनिमत से वोटिंग कराई. इससे पहले, राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने सीएपीएफ बिल का विरोध करते हुए पांच पॉइंट पर आपत्तियां कीं और कहा कि मंत्री के जवाब में उनको इनके जवाब नहीं मिले. उन्होंने करियर ग्रोथ से लेकर इंस्टीट्यूशनलाइजेशन तक, पांच बिंदुओं पर आपत्ति की. विपक्ष के नेता ने बिल को सलेक्ट कमेटी के पास भेजने की मांग की.

2:31 PM (एक घंटा पहले)

लोकसभा में जब स्पीकर ने की निशिकांत की तारीफ, विपक्ष बोला- सदन स्थगित कराते हैं

Posted by :- Bikesh Tiwari

लोकसभा में हंगामेदार आगाज के बाद माहौल खुशगवार नजर आया. स्पीकर ने कहा कि आपसे कहा था कि हंगामा मत कीजिए. उन्होंने कहा कि नोट कर रहा हूं, जो सदस्य केवल बोलने के लिए आते हैं और चले जाते हैं, उनको मौका नहीं मिलेगा.

यह भी पढ़ें: 'निशिकांत दुबे लंबा बैठते हैं' स्पीकर की तारीफ पर बोले विपक्षी- सदन भी सबसे ज्यादा स्थगित कराते हैं, लोकसभा में लगे ठहाके

2:19 PM (2 घंटे पहले)

लोकसभा में जन विश्वास बिल पेश

Posted by :- Bikesh Tiwari

लोकसभा से आंध्र प्रदेश पुनर्गठन (संशोधन) विधेयक 2026 पारित होने के बाद उद्योग और वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने जनविश्वास बिल पेश कर दिया है. सदन में अब जन विश्वास बिल पर चर्चा शुरू हो गई है. इस बिल पर चर्चा के दौरान बीजेपी सांसद तेजस्वी सूर्या ने यह बिल लाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया.

 

Advertisement
2:01 PM (2 घंटे पहले)

अमरावती को आंध्र प्रदेश की राजधानी बनाने वाला बिल लोकसभा से पास

Posted by :- Bikesh Tiwari

आंध्र प्रदेश की अपनी राजधानी के लिए वर्षों लंबी प्रतीक्षा अब पूरी हो गई है. लोकसभा से अमरावती को आंध्र प्रदेश की राजधानी के रूप में कानूनी दर्जा देने से संबंधित आंध्र प्रदेश पुनर्गठन संशोधन बिल लोकसभा से पारित हो गया है. इस बिल में संशोधन के जरिये यह प्रावधान जोड़ा गया है कि अमरावती, आंध्र प्रदेश की राजधानी होगा.  

 

1:57 PM (2 घंटे पहले)

नित्यानंद राय ने दिया आंध्र प्रदेश पुनर्गठन संशोधन बिल पर चर्चा का जवाब

Posted by :- Bikesh Tiwari

लोकसभा में आंध्र प्रदेश पुनर्गठन (संशोधन) बिल पर दो घंटे तक चली चर्चा का गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने जवाब दिया. नित्यानंद राय ने कहा कि इस बिल में यह प्रावधान किया गया है कि अमरावती, आंध्र प्रदेश की राजधानी होगी. उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश की विधानसभा ने इस आशय का प्रस्ताव 28 मार्च को पारित किया है. इस संशोधन के जरिये अमरावती को आंध्र प्रदेश की राजधानी के रूप में कानूनी दर्जा दिए जाने का प्रावधान किया गया है. इस बिल को पारित किया जाए.

1:10 PM (3 घंटे पहले)

राज्य जितना छोटा होगा, कटोरा लेकर केंद्र के सामने खड़े रहना पड़ेगा- धर्मेंद्र यादव

Posted by :- Bikesh Tiwari

धर्मेंद्र यादव ने कहा कि बिहार के सीएम साहब के साथ जो हुआ है, उनकी पार्टी के लोग भी यहां बैठे हैं. शिंदे साहब के साथ क्या हुआ महाराष्ट्र में, उनकी पार्टी के लोग भी यहां हैं. आंध्र प्रदेश वालों सतर्क रहें. उन्होंने कहा कि बीजेपी के झांसे में मत आइए. जहां किसानों की जमीनें गई हैं, उनको भरपूर मुआवजा दीजिए, भरपूर सुविधाएं दीजिए. इस बिल का आंध्र की जनता के हित में पुरजोर समर्थन करता हूं. धर्मेंद्र यादव ने कहा कि नेताजी कहा करते थे कि राज्य जितना बड़ा होगा, संधाधन भी उतने ही ज्यादा होंगे और वह आत्मनिर्भर होगा. राज्य जितना छोटा होगा, उसे कटोरा लेकर केंद्र के सामने खड़े रहना पड़ेगा. उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का विकास कैसे हुआ है, वह हम जानते हैं. आंध्र के जो साथी हैं, हमारे भी साथी रहे हैं और 18वीं लोकसभा में फिर से साथ होंगे. इसलिए उनसे कहता हूं, बीजेपी के झांसे में मत आइए.

12:30 PM (3 घंटे पहले)

FCRA के खिलाफ संसद परिसर में विपक्ष का प्रोटेस्ट

Posted by :- Bikesh Tiwari

विपक्षी दलों के सदस्यों ने एफसीआरए संशोधन विधेयक के खिलाफ प्रोटेस्ट किया. विपक्षी सदस्यों ने बुधवार को संसद की कार्यवाही शुरू होने से पहले संसद परिसर में इस बिल को वापस लेने की मांग करते हुए नारेबाजी की. प्रोटेस्ट कर रहे सदस्यों ने बड़ा पोस्टर ले रखा था. इस पोस्टर पर लिखा था- स्टॉप टार्गेटिंग एनजीओ एंड इंस्टीट्यूशंस. प्रोटेस्ट कर रहे सदस्यों ने संस्थाओं पर हमला बंद करो..., एफसीआरए वापस लो... के नारे लगाए.


 

12:24 PM (3 घंटे पहले)

'FCRA वापस लो...' लोकसभा में हंगामा, रिजिजू बोले- यह किसी धर्म के खिलाफ नहीं

Posted by :- Bikesh Tiwari

लोकसभा में एफसीआरए बिल को लेकर विपक्ष ने जोरदार हंगामा किया. संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि यह बिल आज विचार करने के लिए नहीं लिया जा रहा है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केरल में चुनाव है, इसलिए कांग्रेस-कम्युनिस्ट वहां के लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं.

यह भी पढ़ें: 'FCRA वापस लो...' लोकसभा में जोरदार नारेबाजी, रिजिजू बोले- यह किसी धर्म के खिलाफ नहीं

Advertisement
12:12 PM (4 घंटे पहले)

आंध्र प्रदेश पुनर्गठन (संशोधन) बिल लोकसभा में पेश

Posted by :- Bikesh Tiwari

आंध्र प्रदेश पुनर्गठन (संशोधन) बिल लोकसभा में पेश हो गया है. गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने यह बिल लोकसभा में पेश कर दिया है. इस बिल पर चर्चा के लिए लोकसभा में दो घंटे का समय आवंटित किया गया है. स्पीकर ने इस बिल पर एक घंटे चर्चा कराने की बात कही. इस पर कुछ सदस्यों ने दो घंटे चर्चा कराने की डिमांड की. स्पीकर ने कहा कि सदन सबका है. सबकी सहमति से चलता है. जब सबकी सहमति दो घंटे की है, तो दो घंटे चर्चा कर लेते हैं. स्पीकर ने कहा कि मणिक्कम जी कुछ कहना चाहते हैं. मणिक्कम टैगोर ने कहा कि अमरावती को लोन नहीं, स्पेशल सपोर्ट दिया जाए. अमरावती एक कैपिटल नहीं, करोड़ों लोगों की आकांक्षा है.

 

11:40 AM (4 घंटे पहले)

लोकसभा में FCRA के मुद्दे पर ठप हुआ प्रश्नकाल

Posted by :- Bikesh Tiwari

लोकसभा में एफसीआरए के मुद्दे पर जोरदार हंगामा हुआ. विपक्ष के हंगामे के कारण लोकसभा में प्रश्नकाल की कार्यवाही नहीं चल सकी. सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी दलों के सदस्य नारेबाजी करते हुए हंगामा करने लगे. विपक्षी सदस्यों ने सरकार से एफसीआरए वापस लेने की मांग की. हंगामे के कारण सदन में प्रश्नकाल नहीं चल सका और स्पीकर ओम बिरला ने कार्यवाही 12 बजे तक के लिए स्थगित करने की घोषणा कर दी.