ओडिशा के कालाहांडी जिले में एक निर्माणाधीन सेप्टिक टैंक के अंदर दम घुटने के शक में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई. एजेंसी के मुताबिक, पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी है. मदनपुर-रामपुर पुलिस थाना क्षेत्र के गौड़ा कारलाखुंटा गांव में हुई इस घटना में एक शख्स बीमार भी पड़ गया.
पुलिस के मुताबिक, बीमार पड़े सभी लोगों को मदनपुर रामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने बताया कि मृतकों में तीन राजमिस्त्री, एक मज़दूर, सेप्टिक टैंक का निर्माता और उसका बेटा शामिल हैं.
क्या है पूरा मामला?
अधिकारी ने बताया कि यह घटना तब हुई, जब उन्होंने निर्माण-संबंधी काम के लिए सेप्टिक टैंक का एक हिस्सा खोला और बिल्डर गलती से उसके अंदर गिर गया. उन्होंने बताया कि उसे बचाने के लिए, बाकी लोग टैंक के अंदर चले गए.
मृतकों की पहचान निमाई पाल (48) और उनके बेटे आकाश पाल (28), अडल माझी (55), मनोरंजन हाटी (27), छंदा जल (32) और बिपुल जल (30) के रूप में हुई है. पंकज यानी (32) का अस्पताल में इलाज चल रहा है.
इस बीच, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने मृतकों के परिजनों के लिए 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का ऐलान किया है.
कालाहांडी जिले के मदनपुर-रामपुर में एक निर्माण स्थल पर हुई दुखद दुर्घटना के बारे में पता चलने पर मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने गहरा दुख जताया है और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई है. सीएमओ की सोशल मीडिया पोस्ट में कहा गया, "उन्होंने मुख्यमंत्री राहत कोष (CMRF) से हर मृतक के परिजनों को 4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की भी घोषणा की है."
यह भी पढ़ें: ओडिशा में दसवीं का भोज खाकर 4 की मौत, 17 की हालत गंभीर
कालाहांडी के कलेक्टर सचिन पवार ने बताया कि जिला प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को उनके अंतिम संस्कार के लिए 30 हजार रुपये प्रति परिवार की राशि जारी की है.
ओडिशा के कार्य मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने कहा कि राज्य सरकार भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सभी जरूरी कदम उठाएगी. पुलिस ने बताया कि मौतों के पीछे सही वजहों की जांच की जा रही है.
aajtak.in