भारत की पाकिस्तान नीति में कोई बदलाव नहीं हुआ है. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि पहलगाम हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान को लेकर जो नीति तय की थी, वह अब भी कायम है. उन्होंने कहा कि इस नीति में कोई बदलाव नहीं किया गया है.
रणधीर जायसवाल ने पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के दौरान भारतीय नागरिकों की मौत को लेकर भी जानकारी दी. उन्होंने कहा कि अब तक इस संघर्ष में 22 भारतीय नागरिकों की जान जा चुकी है. इनमें 14 नाविक शामिल हैं.
जायसवाल ने कहा कि भारत पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष को लेकर गंभीर रूप से चिंतित है. भारत वहां रह रहे भारतीय समुदाय के लगातार संपर्क में है और उनकी सुरक्षा और भलाई के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है.उन्होंने कहा कि भारत संबंधित समुदाय के संपर्क में बना हुआ है, ताकि मुश्किल हालात में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और उनके कल्याण के लिए जरूरी कदम उठाए जा सकें.
G20 और राष्ट्रमंडल बैठक में शामिल होंगे विदेश मंत्री
विदेश मंत्रालय ने बताया कि विदेश मंत्री 30 और 31 अक्टूबर को अमेरिका के अटलांटा में होने वाली G20 विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होंगे. इस दौरान वह QUAD विदेश मंत्रियों की बैठक में भी हिस्सा लेंगे. इसके अलावा विदेश मंत्री अपने समकक्षों के साथ कई द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे.
अटलांटा के बाद विदेश मंत्री सेंट जॉन्स, एंटीगुआ और बारबुडा जाएंगे. यहां वह 1 से 4 नवंबर तक होने वाली राष्ट्रमंडल शासनाध्यक्षों की बैठक में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे. इस बार बैठक की थीम 'समृद्ध राष्ट्रमंडल के लिए साझेदारी और निवेश में तेजी' रखी गई है.
आतंकवाद और ऊर्जा आयात पर भारत का रुख साफ
एफएटीएफ की बैठक को लेकर जायसवाल ने कहा कि बैठक फिलहाल चल रही है और भारत की भागीदारी के बारे में आगे जानकारी साझा की जाएगी. उन्होंने कहा कि आतंकवाद के वित्तपोषण और सीमा पार आतंकवाद को लेकर भारत का रुख पहले से बिल्कुल स्पष्ट है.ऊर्जा के आयात को लेकर उन्होंने कहा कि भारत में ऊर्जा की खरीद भारतीय कंपनियां करती हैं. ये कंपनियां राष्ट्रीय हित के साथ-साथ उस समय उपलब्ध कारोबारी और बाजार की परिस्थितियों, तकनीकी जरूरतों और वैश्विक स्थिति को ध्यान में रखकर विदेशों से ऊर्जा खरीदती या आयात करती हैं.
इजराइल के साथ संबंध मजबूत करने की बात
इजराइल में हो रहे चुनाव को लेकर विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत के इजराइल के साथ अच्छे संबंध हैं. जायसवाल ने कहा कि आने वाले दिनों में दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूत किया जाएगा.
SCO बैठक में सभी सदस्यों को न्योता
SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम की बैठक को लेकर विदेश मंत्रालय ने बताया कि स्थापित प्रक्रिया के तहत SCO के सभी सदस्य देशों को आमंत्रित किया गया है. इसके अलावा संवाद साझेदारों और एक पर्यवेक्षक को भी बैठक के लिए निमंत्रण भेजा गया है. यह बैठक 20 से 22 नवंबर 2026 तक नई दिल्ली में आयोजित होगी.
भारत-म्यांमार सीमा और रूस-यूक्रेन में भारतीयों को लेकर जानकारी
भारत-म्यांमार सीमा से जुड़े घटनाक्रम पर जायसवाल ने कहा कि मादक पदार्थों से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से लिया जा रहा है. भारतीय पक्ष की संबंधित एजेंसियां इस दिशा में कार्रवाई कर रही हैं और सरकार को उम्मीद है कि इन प्रयासों में सफलता मिलेगी.रूस और यूक्रेन में मौजूद भारतीय नागरिकों को लेकर उन्होंने बताया कि यूक्रेनी सरकार के साथ एक भारतीय नागरिक के संबंध में बातचीत जारी है, जो फिलहाल यूक्रेन की हिरासत में है. रूस को लेकर उन्होंने कहा कि रूसी सशस्त्र बलों में अभी भी सेवा दे रहे भारतीयों की संख्या से संबंधित आंकड़े पहले साझा किए जा चुके हैं.
aajtak.in