'मंदिरों में पुजारी रेप करते हैं, ब्राह्मण महिलाएं सुरक्षित नहीं...', बीजेपी ने पोस्ट किया नेहा बोरा का वीडियो

AISA चीफ नेहा बोरा के मंदिरों और पुजारियों को लेकर दिए गए विवादित बयान ने राजनीतिक माहौल गरमा दिया है. बीजेपी ने उनके बयान को हिंदू धर्म का अपमान बताया है और कांग्रेस पर निशाना साधा है.

Advertisement
नेहा बोरा के बयान को लेकर विवाद शुरू हो गया है नेहा बोरा के बयान को लेकर विवाद शुरू हो गया है

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 03 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 5:53 PM IST

सीजेपी प्रोटेस्ट और फिर राहुल गांधी के मार्च से चर्चा में आईं AISA चीफ नेहा बोरा फिर से सुर्खियों में हैं. उनके एक बयान से नया विवाद खड़ा हो गया है. बीजेपी ने एक वीडियो शेयर करते हुए नेहा बोरा पर आरोप लगाया है कि उन्हें हिंदू धर्म और धार्मिक परंपराओं का अपमान किया है. आरोप है कि नेहा बोरा ने मंदिर के पुजारियों और ब्राह्मण महिलाओं को लेकर जो बात कही है वह ठीक नहीं है और ऐसी बातों को किसी धर्म या समुदाय से जोड़कर नहीं देखना चाहिए. 

Advertisement

प्रदीप भंडारी ने पोस्ट किया वीडियो

भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने उनके बयान को हिंदू धर्म और धार्मिक परंपराओं का अपमान बताते हुए कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा है. वहीं, समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय ने भी इस तरह के बयान को अनुचित बताया है. बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर नेहा बोरा का एक वीडियो शेयर किया है. वीडियो में नेहा बोरा कहती दिख रही हैं कि 'मंदिरों में पुजारी रेप करते हैं.' इस टिप्पणी को लेकर प्रदीप भंडारी ने उन पर हिंदू विरोधी बयान देने का आरोप लगाया है.

प्रदीप भंडारी ने अपनी पोस्ट में लिखा कि राहुल गांधी की पोस्टर गर्ल नेहा बोरा हिंदुओं के प्रति अपनी नफरत दिखा रही हैं. उन्होंने नेहा बोरा के बयान को राहुल गांधी की पहले की एक टिप्पणी से भी जोड़ा. भंडारी के मुताबिक, राहुल गांधी ने कहा था कि 'मंदिरों में लड़कियों के साथ छेड़छाड़ होती है.' बीजेपी प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस हिंदुओं से नफरत करती है और वोट बैंक की राजनीति करती है. उन्होंने कांग्रेस की सोच को देश की एकता के लिए खतरा बताया.

Advertisement

यह भी पढ़िएः नेहा बोरा का पीस बॉन्ड साइन करने से चौथी बार इनकार, SEM कोर्ट में 20 नवंबर को फिर पेशी

गौरव भाटिया ने नेहा बोरा के बयान पर उठाए सवाल
बीजेपी नेता गौरव भाटिया ने भी नेहा बोरा के कथित बयान की आलोचना की. दिल्ली में उन्होंने कहा कि नेहा बोरा ने बांग्लादेश में हुए सत्ता परिवर्तन से प्रेरणा ली थी. भाटिया ने दावा किया कि बांग्लादेश में हिंदू महिलाओं पर अत्याचार हुए और हिंदुओं की हत्याएं की गईं.

गौरव भाटिया ने कहा कि आज नेहा बोरा अपने बयान के जरिए सभी पुजारियों का अपमान कर रही हैं. उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि हिंदू सहिष्णु रहे हैं और समाज सेवा में योगदान देते आए हैं. पुजारी भी समाज की सेवा करते हैं और छोटी बच्चियों को शिक्षा देने तथा उनके पालन-पोषण में भूमिका निभाते हैं.

भाटिया ने सवाल उठाया कि अगर नेहा बोरा के बयान में कोई आधार है तो क्या वह मदरसों और मौलवियों को लेकर भी इसी तरह की टिप्पणी करेंगी? उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह का चुनिंदा विरोध दुर्भावनापूर्ण मंशा से किया जाता है और यह खतरनाक है.

सपा सांसद राजीव राय ने भी जताई आपत्ति
समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय ने भी नेहा बोरा के कथित बयान पर आपत्ति जताई है. उन्होंने कहा कि इस तरह का व्यापक बयान देना उचित नहीं है. हर धर्म में अच्छे और बुरे दोनों तरह के लोग होते हैं. इसलिए किसी पूरे धर्म या समुदाय को लेकर सामान्य टिप्पणी करने से बचना चाहिए.

Advertisement

राजीव राय ने कहा कि बीजेपी भी यही चाहती है कि इस तरह के विवाद खड़े हों. ऐसे में हमें उनके जाल में क्यों फंसना चाहिए? उन्होंने कहा कि आज के समय में जिस तरह की बयानबाजी की जा रही है, वह स्वीकार्य नहीं है. सपा सांसद ने कहा कि किसी भी जाति, समुदाय, धर्म या क्षेत्र के लोगों के बारे में इस तरह का सामान्यीकरण नहीं किया जाना चाहिए. उन्होंने इस तरह की बयानबाजी से बचने की अपील की.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »