सत्ता में नरेंद्र मोदी के 25 साल... देशभर में बीजेपी के कार्यक्रम, कैबिनेट ने गिनाईं उपलब्धियां, जापान से आई बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी और तब से लगातार 25 साल तक सरकार के मुखिया के रूप में सेवा दी है.

Advertisement
पीएम नरेंद्र मोदी ने बुधवार को दिल्ली के सरोजनी नगर स्थित श्रीविनायक मंदिर में पूजा-अर्चना की पीएम नरेंद्र मोदी ने बुधवार को दिल्ली के सरोजनी नगर स्थित श्रीविनायक मंदिर में पूजा-अर्चना की

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 07 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 10:23 AM IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को सरकार के मुखिया के तौर पर लगातार 25 साल पूरे किए. इस मौके पर उन्होंने दिल्ली के सरोजिनी नगर स्थित श्री विनायक मंदिर में पूजा-अर्चना और आरती की. प्रधानमंत्री ने देश के 140 करोड़ लोगों की खुशहाली के लिए प्रार्थना की और पूरी निष्ठा के साथ राष्ट्र की सेवा करने का अपना संकल्प दोहराया.

नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी. इसके बाद से वह लगातार सरकार के मुखिया की भूमिका में हैं. इस मौके पर बीजेपी और उसके NDA सहयोगी देशभर में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं. केंद्रीय कैबिनेट ने भी गुजरात से प्रधानमंत्री कार्यालय तक के उनके 25 साल के सफर की सराहना की है.

Advertisement

गृहमंत्री अमित शाह बोले- शासन की परिभाषा बदल दी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार के मुखिया के तौर पर 25 साल पूरे होने पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं. अमित शाह ने प्रधानमंत्री मोदी के राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि इन 25 वर्षों में उनकी यात्रा सेवा, संघर्ष और समर्पण की रही है. अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा, "अथक परिश्रम, अद्भुत संकल्पशक्ति व राष्ट्र प्रथम को जीवन का लक्ष्य बनाने वाले यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने पर उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं."

शाह ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी. इसके बाद वह लगातार मुख्यमंत्री और फिर प्रधानमंत्री के रूप में सरकार का नेतृत्व करते रहे हैं. गृह मंत्री ने कहा कि इन वर्षों में मोदी की सेवा, संघर्ष और समर्पण की यात्रा गरीबों के कल्याण, महिलाओं के सशक्तीकरण, युवाओं के उत्थान और समाज के हर वर्ग की समृद्धि का पर्याय बन गई है.

Advertisement

अमित शाह ने अपनी पोस्ट में #25YearsOfSeva का इस्तेमाल करते हुए प्रधानमंत्री मोदी के शासन के तरीके की भी तारीफ की. उन्होंने कहा कि मोदी ने जनकल्याणकारी नीतियों, उनके क्रियान्वयन, फैसलों में दृढ़ता, पारदर्शिता और परिणाम की गारंटी के जरिए शासन की परिभाषा बदल दी है. शाह ने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी ने इन 25 वर्षों में देश की राजनीति में 'पॉलिटिक्स ऑफ परफॉर्मेंस' यानी काम और प्रदर्शन आधारित राजनीति का आदर्श स्थापित किया है.

यह भी पढ़िएः जनसेवा के 25 साल... दिल्ली के श्री विनायक मंदिर में प्रधानमंत्री ने की पूजा, जापानी PM ने दी बधाई

गुजरात से दिल्ली तक का सफर

मोदी ने 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में सरकार की कमान संभाली थी. वह 12 साल से अधिक समय तक इस पद पर रहे. इसके बाद बीजेपी ने उन्हें प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया और उनके नेतृत्व में पार्टी ने 2014 के लोकसभा चुनाव में बहुमत हासिल किया. मोदी 2019 और 2024 में भी प्रधानमंत्री बने. वह जवाहरलाल नेहरू के बाद लगातार तीन बार सरकार का नेतृत्व करने वाले पहले प्रधानमंत्री बने.

केंद्रीय कैबिनेट के प्रस्ताव में गुजरात में शुरू की गई SWAGAT शिकायत निवारण प्रणाली और ज्योतिग्राम योजना का भी उल्लेख किया गया. SWAGAT के तहत मोदी नागरिकों की शिकायतों की व्यक्तिगत रूप से समीक्षा करते थे. इस पहल को 2010 में संयुक्त राष्ट्र लोक सेवा पुरस्कार मिला था. बाद में केंद्र सरकार ने अटकी परियोजनाओं की समीक्षा और समस्याओं के समाधान के लिए PRAGATI प्लेटफॉर्म शुरू किया.

Advertisement

कैबिनेट ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

केंद्रीय कैबिनेट ने मंगलवार को प्रस्ताव पारित कर मोदी को सरकार के मुखिया के तौर पर 25 साल पूरे करने पर बधाई दी. सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि मोदी की यात्रा 'राष्ट्र प्रथम और नागरिक प्रथम' के सिद्धांत से प्रेरित रही है. कैबिनेट के प्रस्ताव में करीब 60 करोड़ जनधन खातों, चार करोड़ से अधिक मकानों और पीएम-किसान के तहत चार लाख करोड़ रुपये से ज्यादा के ट्रांसफर का उल्लेख किया गया. इसके साथ GST, डिजिटल भुगतान, UPI और कल्याणकारी योजनाओं की डिलीवरी में बदलाव को प्रमुख उपलब्धियों के रूप में पेश किया गया.

प्रस्ताव में चंद्रयान-3, कोविड वैक्सीन, इलेक्ट्रॉनिक्स और रक्षा उत्पादन, रेलवे विद्युतीकरण और राजमार्गों के विस्तार का भी जिक्र किया गया. राष्ट्रीय सुरक्षा के मोर्चे पर 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक, 2019 की बालाकोट एयर स्ट्राइक, 2025 के ऑपरेशन सिंदूर और अनुच्छेद 370 हटाने को रेखांकित किया गया. बीजेपी इस 25 साल के राजनीतिक सफर को 2047 तक विकसित भारत बनाने के अपने लक्ष्य से भी जोड़ रही है.

जापान से भी आई बधाई
इस मौके पर जापान की प्रधानमंत्री साना ताकाची ने भी प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने समाज और देश के विकास के लिए खुद को समर्पित किया है. उन्होंने 2001 से मुख्यमंत्री के तौर पर पीएम मोदी के नेतृत्व का जिक्र करते हुए कहा कि भारत के विकास को आगे बढ़ाने में उनका खास योगदान है.

Advertisement

जापानी प्रधानमंत्री ने जुलाई में हुई अपनी भारत यात्रा का भी जिक्र किया. उन्होंने यात्रा के दौरान गर्मजोशी से स्वागत के लिए पीएम मोदी का आभार जताया. साथ ही, भारत के खान-पान और संगीत की भी तारीफ की.

देशभर में बीजेपी के कार्यक्रम

बीजेपी मोदी के 25 साल के सफर को लेकर महीने भर का 'सेवा संकल्प अभियान' चला रही है, जिसकी शुरुआत 17 सितंबर को उनके जन्मदिन पर हुई थी. इसके तहत रक्तदान शिविर, स्वच्छता कार्यक्रम, प्रदर्शनियां, सांस्कृतिक आयोजन और जनसेवा से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की गईं. बुधवार को भी विभिन्न राज्यों में मशाल मार्च, मोटरसाइकिल और साइकिल रैलियों के साथ प्रदर्शनियां आयोजित की जा रही हैं. दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम परिसर में मुख्य 'सेवा ज्योति' कार्यक्रम रखा गया है.

NDA के कई नेताओं ने भी प्रधानमंत्री को इस अवसर पर बधाई दी है. इनमें आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण, मंत्री नारा लोकेश और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे शामिल हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »