बंगाल की खाड़ी में पनामा के झंडे वाला बल्क कैरियर MV Ocean Winner शनिवार को डूब गया. जहाज पर कुल 24 क्रू मेंबर्स सवार थे. हादसा ओडिशा के पारादीप तट से करीब 240 नॉटिकल मील दूर हुआ. घटना के बाद भारतीय तटरक्षक बल (ICG) और भारतीय नौसेना ने बड़े पैमाने पर सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया है. अब तक दो लोगों को लाइफराफ्ट से सुरक्षित बचा लिया गया है.
इंडियन कोस्ट गार्ड के प्रवक्ता के मुताबिक, जहाज पर सवार 24 लोगों में 20 चीनी, तीन म्यांमार और एक बांग्लादेशी नागरिक शामिल हैं. जहाज ओडिशा से आयरन ओर लेकर जा रहा था. इसका आखिरी पोर्ट ऑफ कॉल पारादीप था और इसे अगला पड़ाव सिंगापुर पहुंचना था. ICG के मुताबिक, श्री विजयपुरम स्थित Maritime Rescue Coordination Centre (MRCC) को सुबह 11:48 बजे जहाज से जुड़ी एक कंपनी से सूचना मिली थी. कंपनी ने बताया कि MV Ocean Winner (IMO 9145530) से संपर्क टूट गया है. जहाज पर 24 क्रू मेंबर्स होने की जानकारी देते हुए सर्च एंड रेस्क्यू में मदद मांगी गई.
सूचना मिलने के बाद MRCC ने आसपास मौजूद कमर्शियल जहाज MT Aisopos को घटनास्थल की ओर भेजा. उसे MV Ocean Winner या उसकी लाइफराफ्ट की तलाश करने और जरूरत पड़ने पर मदद पहुंचाने को कहा गया. तलाशी के दौरान MT Aisopos को दो अलग-अलग लाइफराफ्ट मिले. रात करीब 8 बजे इन लाइफराफ्ट से दो लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया. बाकी क्रू मेंबर्स की तलाश के लिए अभियान जारी है.
भारतीय तटरक्षक बल ने सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन में अपने तीन जहाज तैनात किए हैं. ICG के जहाज 'Varad' और 'Anmol' को तलाशी अभियान में लगाया गया है, जबकि ऑपरेशन को और मजबूत करने के लिए 'Vijit' को श्री विजयपुरम से रवाना किया गया है. फिलहाल भारतीय तटरक्षक बल और नौसेना बाकी क्रू मेंबर्स की तलाश में जुटे हैं. जहाज किन परिस्थितियों में डूबा, इसकी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है.
aajtak.in