मेघालय में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद वोटरों की संख्या में 7.05 फीसदी की कमी आई है. चुनाव अधिकारियों ने सोमवार को अंतिम मतदाता सूची जारी की. इसके मुताबिक, राज्य में अब कुल 21,83,963 मतदाता हैं. SIR से पहले मेघालय में 23,49,645 वोटर दर्ज थे. अधिकारियों के मुताबिक, पुनरीक्षण के दौरान मतदाता सूची से 1,65,682 नाम हटाए गए.
मुख्य निर्वाचन अधिकारी बीडीआर तिवारी ने कहा कि इस प्रक्रिया का मकसद सभी पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल करना और तय नियमों के तहत अपात्र प्रविष्टियों को हटाना था. चुनाव आयोग के मुताबिक, पुनरीक्षण के दौरान 6,51,736 नोटिस जारी किए गए और सभी मामलों में सुनवाई पूरी कर ली गई.
यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र SIR में कई जगह 40% मतदाताओं के नाम कटे? सुप्रीम कोर्ट ने मांगा जवाब
नाम जोड़ने और सुधार के लिए आए आवेदन
चुनाव आयोग को नाम जोड़ने के लिए फॉर्म 6 और 6A के जरिए 21,694 आवेदन मिले. वहीं, फॉर्म 8 के जरिए पता बदलने के लिए 2,276 आवेदन और फॉर्म 7 के जरिए नाम हटाने के लिए 2,526 आवेदन मिले. मतदाता सूची में सुधार के लिए फॉर्म 8 के तहत 12,860 आवेदन भी प्राप्त हुए.
वोटर लिस्ट में ऐसे चेक करें अपना नाम
चुनाव आयोग ने मतदाताओं से अंतिम सूची में अपना नाम जांचने की अपील की है. इसके लिए वोटर्स सर्विस पोर्टल, ECINET मोबाइल ऐप या अपने बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) से संपर्क किया जा सकता है.
यह भी पढ़ें: बस्ती: SIR में भारी गड़बड़ी, 7 हजार संदिग्धों की शुरू हुई जांच, 152 के कई जगह दर्ज हो गए नाम!
अधिकारियों के मुताबिक, जिलों में विशेष नामांकन शिविर भी लगाए जाएंगे, ताकि कोई पात्र मतदाता सूची से बाहर न रह जाए. जिन पात्र नागरिकों के नाम अंतिम सूची में नहीं हैं, वे लागू कानूनी नियमों के तहत फॉर्म 6 भरकर मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं.
aajtak.in