तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले में स्थित एक पटाखा बनाने वाली यूनिट में जोरदार धमाका होने से बड़ा हादसा हो गया. इस हादसे में अब तक 19 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि कई अन्य के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है. वहीं, कई लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बताया जा रहा कि रविवार को फैक्ट्री बंद रहती है, इसके बाद भी काम हो रहा था.
इस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार विशेष टीमें गठित की गई हैं. पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है और एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है. प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि नियमों का उल्लंघन करते हुए फैक्ट्री रविवार को भी संचालित की जा रही थी. वहीं, हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है.
यह विस्फोट कट्टनारपट्टी इलाके में स्थित एक क्रैकर यूनिट में हुआ, जिसने देखते ही देखते चार यूनिट्स को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई और राहत-बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया. धमाका इतना भीषण था कि आसपास की इमारतें भी क्षतिग्रस्त हो गईं.
मौके पर दमकल विभाग, पुलिस और राहत टीमें लगातार मलबा हटाने और फंसे लोगों को निकालने में जुटी हुई हैं. प्रशासन ने पूरे इलाके को घेर लिया है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.
फिलहाल विस्फोट के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन शुरुआती आशंका है कि यह हादसा पटाखा निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण हुआ हो सकता है. अधिकारियों ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं. स्थानीय प्रशासन का कहना है कि राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.
हादसे पर मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने जताया दुख
हादसे पर मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने कहा, विरुधुनगर जिले के कट्टनापट्टी में पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट में कई लोगों की मौत की दुखद खबर अत्यंत पीड़ादायक है. जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं.
मैंने माननीय मंत्रियों के. के. एस. एस. आर. रामचंद्रन और थंगम थेन्नारासु से तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने, उनकी निगरानी करने और प्रभावित परिवारों को सांत्वना देने का अनुरोध किया है. घटना की जानकारी मिलते ही मैंने जिला कलेक्टर से बात की है और सभी जरूरी सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले में पटाखा फैक्ट्री में हुए दुखद हादसे में लोगों की जान जाने की खबर अत्यंत पीड़ादायक है. मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करती हूं. घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं.
PM नरेंद्र मोदी ने घटना पर दुख जताया. उन्होंने कहा, तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले में हुआ हादसा बेहद दुखद है. मैं उन सभी लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है. घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं.
राहुल गांधी ने दुख जताते हुए लिखा, तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले के कट्टानरपट्टी में पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट में हुई जान-माल की क्षति से मुझे गहरा दुख हुआ है. ये वे मेहनतकश लोग थे, जो सुबह अपने घरों से अपने परिवार के लिए रोजी-रोटी कमाने निकले थे. मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं, और मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं.
वहीं पीयूष गोयल ने कहा, तमिलनाडु के विरुधुनगर के कट्टानरपट्टी में पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट में लोगों की दुखद मृत्यु से मैं अत्यंत दुखी हूं. इस दुख की घड़ी में शोकाकुल परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं. घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं.
प्रमोद माधव